विज्ञापन

IND vs ZIM: श्रेयस अय्यर के लिए कप्तान के रूप में अग्निपरीक्षा, वैभव पर टिकी फैंस की निगाहें

भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को खेला जाएगा. जहां भारतीय जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करना चाहेगी.

IND vs ZIM: श्रेयस अय्यर के लिए कप्तान के रूप में अग्निपरीक्षा, वैभव पर टिकी फैंस की निगाहें
श्रेयस अय्यर और सिकंदर रजा

जिम्बाब्वे दौरे पर भारत की युवा टीम हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 3 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेगी. सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को आयोजित होगा, जिसके बाद 25 और 26 जुलाई को दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर दोनों टी20 सीरीज गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर आखिरकार बतौर कप्तान भारत को पहली जीत दिलाना चाहेंगे. कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से गंवाई. इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा. अय्यर ने सभी सात मैच में टॉस जीतकर महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी की, लेकिन एक भी मुकाबला अपने पक्ष में नहीं कर सके. श्रेयस इस दौरे को एक कम अनुभवी टीम के साथ आत्मविश्वास वापस पाने और लय बनाने के मौके के तौर पर देखेंगे.

इस सीरीज में गौतम गंभीर की गैर-मौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण भी स्टैंड-इन हेड कोच के तौर पर वापसी कर रहे हैं. टीम के संतुलन और चयन को लेकर उनके नजरिए पर सभी की निगाहें रहेंगी. इस सीरीज में 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़े आकर्षणों में से एक होंगे. उम्मीद है कि वह सीरीज में अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आएंगे. हरारे स्पोर्ट्स क्लब दोनों बल्लेबाजों के लिए अच्छा मैदान रहा है. अभिषेक ने इसी मैदान पर अपने पहले टी20 शतक के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई थी, जबकि सूर्यवंशी ने इस साल की शुरुआत में अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान यहां एक यादगार शतक लगाया था.

वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज के तीन मुकाबलों में मौका दिया गया था. सीनियर टीम के लिए अपनी पहली सीरीज में वैभव ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया. वह 14, 13 और 15 रन की पारी ही खेल सके. अब उनके पास जिम्बाब्वे के विरुद्ध अपने हाथ खोलने का मौका होगा.

हालांकि, हालात भारत की बल्लेबाजी की परीक्षा ले सकते हैं. हरारे की पिच आमतौर पर तेज गति और उछाल के लिए जानी जाती है, जिससे जिम्बाब्वे के अनुभवी तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा मुकाबले में मजबूती से बने रहेंगे. अगर भारत को बल्लेबाजी में लड़खड़ाने से बचना है, तो नई गेंद के खिलाफ ज्यादा अनुशासन दिखाना होगा.

इस बीच मिडिल ऑर्डर में भी चयन को लेकर उलझनें हैं. उप-कप्तान तिलक वर्मा अभी तक नंबर 5 पर जम नहीं पाए हैं, जबकि ईशान किशन अभी पसंदीदा नंबर 3 की जगह पर खेल रहे हैं. रिंकू सिंह एक मजबूत फिनिशर बने हुए हैं, जिससे बल्लेबाजी का कॉम्बिनेशन चर्चा का दिलचस्प विषय बन गया है.

भारत को ऑलराउंडर की भूमिका के लिए हर्ष दुबे, शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे में से भी किसी एक को चुनना होगा. वहीं, तेज गेंदबाजी आक्रमण में प्रिंस यादव और मयंक यादव के शामिल होने की उम्मीद है.

भारत और जिम्बाब्वे के बीच साल 2010 से अब तक कुल 14 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है. भारत ने 11 मैच अपने नाम किए, जबकि जिम्बाब्वे 3 मैच जीत चुका है. हालांकि, जिम्बाब्वे घरेलू हालात का फायदा उठाने को लेकर आश्वस्त होगा, इसलिए भारत इस सीरीज को हल्के में नहीं ले सकता.

भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर).

जिम्बाब्वे की टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, वेस्ले मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी और मिल्टन शुंबा, तफदजवा त्सिगा. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Shreyas Santosh Iyer, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com