विज्ञापन

IND vs SA, T20 World Cup Warm-Up Highlights: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से हराया

India vs South Africa T20 WC 2026 warm up Highlights: टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपने एकमात्र मैच में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से हरा दिया है.

IND vs SA, T20 World Cup Warm-Up Highlights: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से हराया
IND vs SA T20 World Cup warm-up Highlights

IND vs SA T20 World Cup Warm-up Game Highlights: भारत ने डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में बुधवार को खेले गए वार्म-अप मुकाबले में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 30 रन से जीत हासिल की. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 240 रन बनाए. इसके जवाब में अफ्रीकी टीम 7 विकेट के नुकसान पर 210 रन ही बना सकी. बता दें, भारतीय टीम 7 फरवरी को अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज करेगी.  (Scorecard)

भारत के मिले 241 के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम 7 विकेट खोकर 210 रन ही बना सकी. मेहमान टीम ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर जॉर्ज लिंडे (0) का विकेट खो दिया था. यहां से कप्तान एडेन मार्करम (38) ने रायन रिकेल्टन (44) के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 66 रन की साझेदारी करते हुए पारी को संभाला, लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही टीम बिखर गई.

आलम ये रहा कि मेहमान टीम ने 100 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे. इसके बाद जेसन स्मिथ ने 23 गेंदों में 35 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की. इनके अलावा, मार्को जेनसन ने 16 गेंदों में 31 रन बनाए. ट्रिस्टन स्टब्स 21 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके के साथ 45 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत की तरफ से अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले. अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट हासिल किया.

इससे पहले, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. इसके बाद ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 5.4 ओवरों में 80 रन की साझेदारी की. ईशान 20 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 53 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए, जिसके बाद अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। अभिषेक ने 18 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 24 रन बनाए। वह रिटायर्ड आउट होकर वापस लौटे, जिसके बाद तिलक वर्मा ने 19 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 45 रन की पारी खेली.

इनके अलावा, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल ने 35 रन की पारी खेली. हार्दिक पंड्या 10 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे. उनकी इस पारी में 5 बाउंड्री शामिल रहीं. विपक्षी खेमे से मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्जे और क्वेना मफाका ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.


NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com