विज्ञापन

6 बार सचिन, 4 बार पंत... टेस्ट क्रिकेट में छक्का लगाकर शतक पूरा करने वाले टॉप 3 बल्लेबाज

ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एक बार फिर शतक लगाकर ये साबित कर दिया है की असल में वो टेस्ट क्रिकेट के लिए ही बने हैं. अपने परिचित अंदाज में उन्होंने कई खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है.

6 बार सचिन, 4 बार पंत... टेस्ट क्रिकेट में छक्का लगाकर शतक पूरा करने वाले टॉप 3 बल्लेबाज
ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ छक्के से पूरा किया शतक

ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में शानदार शतक जड़ते हुए एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली. पंत ने अपना शतक छक्का लगाकर पूरा किया और इसी के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार छक्का लगाकर शतक पूरा करने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए. इस मामले में उनसे आगे केवल सचिन तेंदुलकर हैं. पंत के लिए यह चौथा मौका था, जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया. इससे पहले वह 2018 में द ओवल, 2021 में अहमदाबाद और 2025 में लीड्स टेस्ट में भी ऐसा कर चुके हैं. अब वेलिंगटन टेस्ट में उन्होंने यह कारनामा दोहराते हुए इंग्लैंड के केन बैरिंगटन की बराबरी कर ली.

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार छक्का लगाकर शतक पूरा करने वाले बल्लेबाज

सचिन तेंदुलकर - 6 बार
केन बैरिंगटन - 4 बार
ऋषभ पंत - 4 बार

पंत ने इस पारी के दौरान एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. वह न्यूजीलैंड में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने. इसके साथ ही वह इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड यानी सभी SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर भी बन गए.

मैच में अब तक क्या क्या हुआ

भारत ने चौथे दिन अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की और न्यूजीलैंड पर 352 रन की विशाल बढ़त हासिल की. भारत की ओर से ऋषभ पंत ने 153 गेंदों में 128 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. ध्रुव जुरेल ने 78, केएल राहुल ने 136, यशस्वी जायसवाल ने 85, देवदत्त पडिक्कल ने 80 और कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं.

दिन की शुरुआत भारत ने 4 विकेट पर 486 रन से की थी. अंशुल कंबोज ने नाइटवॉचमैन की भूमिका निभाते हुए 38 रन का योगदान दिया. पंत और कंबोज ने पांचवें विकेट के लिए 68 रन जोड़े, जबकि पंत और वाशिंगटन सुंदर के बीच छठे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी हुई.

न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 3 विकेट लिए, जबकि रचिन रवींद्र को 2 सफलताएं मिलीं. मैट हेनरी, काइल जैमिसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ ने एक-एक विकेट हासिल किया. न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे और भारत की विशाल बढ़त के जवाब में दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रहा है.

यह भी पढ़ें | ऋषभ पंत ने सिक्स लगाकर पूरा किया शतक, सुनील गावस्कर का कमेंट्री बॉक्स में दिखा मजेदार रिएक्शन!

यह भी पढ़ें | एडम गिलक्रिस्ट नंबर-1, ऋषभ पंत नंबर-3..., न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़ इस खास क्लब में मारी एंट्री

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Sachin Ramesh Tendulkar, Rishabh Rajendra Pant, New Zealand Vs India 2026/27, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com