Ajay Jadeja on Team India: ऑयरलैंड के खिलाफ एक दिन पहले 34 रन से मिली हार के बाद दूसरे टी20 में टॉस से पहले करोड़ों फैंस की नजरें इसी बात पर थीं कि क्या वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) इस मैच में खेलेंगे और भारतीय XI क्या होगी? लेकिन टॉस के बाद करोड़ों फैंस के हिस्से में एक बार फिर से मायूसी ही आई. गंभीर एंड कंपनी ने XI में दो बदलाव किए लेकिन सूर्यवंसी को फिर भी जगह नहीं ही मिली. दूसरे मैच के लिए भारतीय XI में हाल ही में भारत A के लिए श्रीलंका दौरे में बेहतर करने वाले सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को इंडिया कैप दी गई. लेकिन पूर्व ऑलराउंडर और कमेंटरी कर रहे अजय जडेजा ने इस फैसले पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया. हमेशा की तरह खरी-खरी बात करने वाले जडेजा ने फैसले पर भारतीय प्रबंधन को घेरा, तो बगल में बैठे मांजरेकर भी निरुत्तर हो गए.
जडेजा ने एंकर के वैभव सूर्यवंशी के सवाल को टालते हुए कहा, 'वैभव की बात हम बाद में करेंगे, लेकिन आप ये देखें कि आपने सिर्फ एक ही मैच के आधार पर वॉशिंगटन सुंदर और पहले मैच में महंगे साबित हुए प्रसिद्ध कृ्ष्णा को XI से बाहर कर दिया. ये दोनों ही खिलाड़ी कुछ महीने पहले तक विश्व कप जीतने वााली भारतीय टीम का हिस्सा थे.' जडेजा ने आगे कहा, 'आप सिर्फ एक ही मैच की विफलता पर खिलाड़ियों को कैसे बाहर बैठा सकते हैं. इसका मतलब है कि या तो आपने पिछले मैच में दोनों को खिलाकर गलती की या फिर अब दूसरे मैच की XI का हिस्सा बनाकर गलती कर रहे हैं. और दो गलत मिलकर सही नहीं हो जाते.'
वहीं, बाद में वैभव को XI से बाहर बैठाने पर कहा, 'देखिए जहां तक वैभव का सवाल है, तो आप उन्हें किसकी जगह खिलाएंगे. क्या आप संजू सैमसन को बाहर बैठाएंगे, अभिषेक शर्मा को या फिर इशान किशन. इन तीनों ही खिलाड़ियों ने कुछ महीने पहले विश्व कप में भारत के लिए बहुत ही अहम भूमिका निभाई थी. खासतौर संजू सैमसन तो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे.' जडेजा बोले, 'वैभव सूर्यवंशी के लिए वक्त निकला नहीं जा रहा. जब उनके पक्ष में समीकरण बनेंगे, तो वह जरूर भारतीय XI का हिस्सा बनेंगे और तब तक हम सभी को इंतजार करना चाहिए.'
भारत की कप्तानी कर चुके जड्डू ने कहा, 'मैं उनका बड़ा फैन हूं. और पूरी दुनिया उनकी फैन होती जा रही है. वह बहुत ही तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हैं और हर कोई उन्हें भारतीय जर्सी में देखने के लिए बेकरार है, लेकिन भारतीय कैप आपको यूं ही नहीं मिलती. वैभव का जब समय आएगा, तो उन्हें प्रबंधन जरूर इंडिया कैप देगा.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं