विज्ञापन

IND vs ENG: इंग्लैंड ने किया टी20 सीरीज पर कब्जा, पहली बार भारत के खिलाफ किया ऐसा कमाल

इंग्लैंड पहली बार भारत को दो या उससे अधिक मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में हराने में सफल रहा है. साल 2019 के बाद भारत पहली बार लगातार दो सीरीज हारा है.

IND vs ENG: इंग्लैंड ने किया टी20 सीरीज पर कब्जा, पहली बार भारत के खिलाफ किया ऐसा कमाल
First time England have beaten India in a bilateral T20I series

फिलिप साल्ट और हैरी ब्रूक की अटूट शतकीय साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ काउंटी ग्राउंड में खेले गए टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया. इसी के साथ मेजबान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया है. इस सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था. इसके बाद अगले मुकाबले में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज की. नॉटिंघम में खेला गया तीसरा मैच मेजबान टीम ने 125 रन से अपने नाम किया था. यह पहला मौका है, जब इंग्लैंड ने दो या उससे अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में भारत को हराया हो. इससे पहले दोनों देशों के बीच छह ऐसी सीरीज हो चुकी हैं, जिसमें भारत ने पांच जीती हैं जबकि एक ड्रॉ पर समाप्त हुई थी. 

श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारत लगातार दूसरी सीरीज हारा है. ब्रिटेन के इस दौरे से पहले तक, भारत ने अपनी पिछली 12 बाइलेटरल T20I सीरीज़ में से 11 जीती थीं, जबकि दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका में हुई सीरीज़ 1-1 से ड्रॉ पर खत्म हुई थी.

साल 2019 के बाद यह पहला मौका है जब भारत लगातार दो टी20 सीरीज हारा हो. इस सीजन भारत को पहले आयरलैंड और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली है. जबकि पिछली बार भारत ने फरवरी 2019 में पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 से और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर पर 2-0 से हार का सामना किया था. वहीं यह बची गेंदों से लिहाज से भारत की तीसरी सबसे बड़ी हार रही. 

बात अगर मैच की करें तो गुरुवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए. टीम इंडिया 48 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला. उन्होंने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 53 रन जोड़े. दुबे 23 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद अय्यर ने तिलक वर्मा (11) के साथ 29 रन और वाशिंगटन सुंदर (5) के साथ 27 रन जुटाए. अय्यर 49 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 80 रन बनाकर नाबाद रहे. 

इसके जवाब में इंग्लैंड ने महज 13.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. मेजबान टीम को 2.3 ओवर में जोस बटलर के रूप में पहला झटका लगा, जो 8 रन बनाकर आउट हुए. यहां से कप्तान हैरी ब्रूक ने फिलिप साल्ट के साथ मोर्चा संभाला.

दोनों खिलाड़ियों ने 68 गेंदों में 146 रन की अटूट साझेदारी की. 'प्लेयर ऑफ द मैच' ब्रूक 35 गेंदों में 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 79 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि साल्ट ने 42 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ नाबाद 59 रन बनाए.

यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप 2026: सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी फ्रांस, मोरक्को को 2-0 से रौंदा

यह भी पढ़ें: किलियन एम्बाप्पे का तहलका, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, 96 साल में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, England, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com