IND vs ENG 4th T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा. भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 0-2 से पीछे है. ऐसे में अगर उसे सीरीज की उम्मीद बरकरार रखनी है तो इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. दूसरी ओर, इंग्लैंड के पास यह मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने का मौका होगा. भारतीय टीम ने इस मैदान पर अब तक सिर्फ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है और उसमें शानदार जीत हासिल की थी. साल 2018 में खेले गए उस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 198 रन बनाए थे.
ब्रिस्टल में भारत का रिकॉर्ड देता है उम्मीद
199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया था. उस जीत के हीरो रोहित शर्मा रहे थे, जिन्होंने 56 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए थे. विराट कोहली ने भी 29 गेंदों पर 43 रन की अहम पारी खेली थी.
अपने घर में इंग्लैंड का मिला-जुला है रिकॉर्ड
ब्रिस्टल में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बहुत प्रवशाली नहीं रहा है. टीम ने यहां अब तक पांच टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें दो में जीत और तीन में हार मिली है. इस मैदान पर इंग्लैंड का पिछला मुकाबला 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुआ था. उस मैच में इंग्लैंड ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी.
तीसरे टी20 में पूरी तरह हावी रहा इंग्लैंड
सीरीज के तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए. फिल साल्ट ने 44 गेंदों में 70 रन की पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. जोस बटलर ने 21 गेंदों पर 36 रन बनाए, जबकि सैम करन ने आखिर के ओवरों में 24 गेंदों पर 41 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी
202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी. पूरी टीम सिर्फ 76 रन पर ऑलआउट हो गई, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी हार साबित हुई. बल्लेबाजी का हाल यह रहा कि सात खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. अब चौथे मुकाबले में भारतीय टीम के सामने सिर्फ जीत हासिल करने की नहीं, बल्कि पिछले मैच की निराशा से बाहर निकलकर दमदार वापसी करने की भी चुनौती होगी.
(IANS इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं