विज्ञापन
This Article is From Oct 02, 2017

टी20 टीम में चयन के बाद आशीष नेहरा बोले, 'ड्रेसिंग रूम को पता है मेरी क्‍या अहमियत है'

38 वर्ष के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं. नेहरा को ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन टी20 मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम में स्‍थान दिया गया है.

टी20 टीम में चयन के बाद आशीष नेहरा बोले, 'ड्रेसिंग रूम को पता है मेरी क्‍या अहमियत है'
आशीष नेहरा ने अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज वर्ष 1999 में किया था (फाइल फोटो)
  • कहा-आलोचकों की परवाह कभी नहीं करता हूं
  • फेसबुक और ट्विटर से दूर ही रहते हैं नेहरा
  • चोट के कारण प्रभावित रहा है करियर
नई दिल्‍ली: 38 वर्ष के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं. नेहरा को ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन टी20 मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम में स्‍थान दिया गया है. नेहरा ने कहा कि वे अपने आलोचकों से जरा भी परेशान नहीं हैं. गौरतलब है कि देश के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक आशीष नेहरा का इंटरनेशनल करियर चोटों के कारण बुरी तरह प्रभावित रहा है. वह देश के लिये अंतिम बार साल के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ खेले थे. इंग्लैंड के खिलाफ खेलने के बाद आईपीएल के दौरान उन्हें चोट लग गई थी.

टी20 टीम में चयन के बाद नेहरा ने कहा, ‘भारत के लिये खेलकर कौन खुश नहीं होगा? मुझे आलोचनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता. भारतीय ड्रेसिंग रूम को पता है कि मेरी क्या अहमियत है. कप्तान जानता है, चयनकर्ता जानते हैं. अगर मैं टीम में हूं तो निश्चित रूप से मैं कुछ योगदान दूंगा ही.’

यह भी पढ़ें : अभी भी टी20 में 140+ की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकता हूं : नेहरा

लक्ष्य के बारे में पूछने पर नेहरा ने कहा, ‘मेरी उम्र में, आप लंबे समय के लक्ष्य नहीं बनाते. मुझे भारत के लिये तीन मैच खेलने के लिये चुना गया है. मैं एक बार में एक ही मैच पर ध्यान दूंगा. वैसे भी आशीष नेहरा अच्छा करेगा तो भी खबर है, अच्छा नहीं करेगा तो वो और भी बड़ी खबर है.’नेहरा ने हाल में ही स्मार्टफोन इस्तेमाल करना शुरू किया है. वह खुद मानते हैं कि वह फेसबुक और ट्विटर से कोसों दूर हैं. क्या वह ट्विटर पर उनकी उम्र के मजाक से परेशान होते हैं तो वह खिलखिलाकर हंसने लगे.

वीडियो: टीम इंडिया की सीरीज जीत में रोहित शर्मा चमके
नेहरा ने कहा, ‘‘मैं नहीं जानता कि लोग मेरे बारे में ट्विटर पर क्या कहते हैं. मैं सोशल मीडिया पर नहीं हूं और अब मैं टीम में आ गया हूं तो लोग सोच रहे होंगे कि मैं इस दौरान क्या कर रहा था. मैं अपने ट्रेनिंग कार्यक्रम का कड़ाई से पालन कर रहा था, अपनी फिटनेस पर काम कर रहा था, अपनी गेंदबाजी रूटीन को फॉलो कर रहा था, वही चीजें कर रहा था जो वापसी के लिये जरूरी होती हैं. ’(इनपुट: पीटीआई)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ashish Nehra, T20 Series
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com