विज्ञापन

संजू सैमसन 'ICC प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के लिए नॉमिनेट, न्यूजीलैंड के दो, पाकिस्तान के इस खिलाड़ी को मिली जगह

ICC Announced T20 World Cup Player of the Tournament nominees: संजू सैमसन का नाम उन आठ खिलाड़ियों में शामिल किया है जिन्हें टी20 विश्व कप के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के लिए नामित किया गया है

संजू सैमसन 'ICC प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के लिए नॉमिनेट, न्यूजीलैंड के दो, पाकिस्तान के इस खिलाड़ी को मिली जगह
ICC T20 World Cup 2026 Player of the Tournament nominees
  • ICC ने टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए आठ खिलाड़ियों के नाम घोषित किए हैं.
  • भारत से संजू सैमसन को फाइनल में पहुंचने वाली टीम में अकेला नामित खिलाड़ी चुना गया है.
  • संजू सैमसन ने चार मैचों में 232 रन बनाए और टूर्नामेंट में औसत 77.33 व स्ट्राइक रेट 201.73 का प्रदर्शन किया.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

ICC Announced T20 World Cup Player of the Tournament nominees: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम उन आठ खिलाड़ियों में शामिल किया है जिन्हें टी20 विश्व कप के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के लिए नामित किया गया है. दिलचस्प बात यह है कि गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल में इंग्लैंड पर रोमांचक जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाने वाली भारतीय टीम से सिर्फ सैमसन को शॉर्ट-लिस्ट किया गया है. आईसीसी ने भारत के फाइनल में पहुंचने के बाद यह लिस्ट जारी की है. जबकि पहले खिताब के लिए भारत से भिड़ने को तैयार न्यूजीलैंड के दो खिलाड़ी लिस्ट में है.

जिन अन्य खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है उनमें इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स, पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और कप्तान एडन मार्क्रम, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र और बल्लेबाज टिम सीफर्ट और अमेरिकी गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक शामिल हैं.

सैमसन को टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था लेकिन पिछले दो मैच में उन्होंने नाबाद 97 और 89 रन की पारी खेल कर भारत को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में अब तक चार मैच में 77.33 के औसत और 201.73 के स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए हैं.

जैक्स ने टी20 विश्व कप में अपनी टीम को आठ में से छह मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई है. उन्हें चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला है. उन्होंने आठ मैचों में 226 रन बनाए और नौ विकेट लिए हैं. 

फरहान ने छह पारियों में 383 रन बनाकर टी20 विश्व कप के किसी एक टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने श्रीलंका और नामीबिया के खिलाफ शतक बनाए. किसी एक टी20 विश्व कप में यह कारनामा करने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं.

एनगिडी ने सात मैचों में 7.19 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट लिए जबकि उनके कप्तान मार्क्रम ने आठ मैचों में तीन अर्धशतक की मदद से 286 रन बनाए और एक विकेट भी लिया. 

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रविंद्र ने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने अब तक आठ मैचों में 128 रन बनाए हैं और 11 विकेट लिए हैं. उनके अलाना न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज सीफर्ट, जिन्होंने 8 मैचों में 274 रन बनाए हैं, वो भी लिस्ट में शामिल है. 

अमेरिका भले ही ग्रुप चरण से बाहर हो गया, लेकिन तेज गेंदबाज वैन शाल्कविक ने गेंदबाजों के लिए एक मिसाल पेश की. उन्होंने केवल चार मैच में 6.80 की इकॉनमी रेट से 13 विकेट लिए. टूर्नामेंट का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 Closing Ceremony: रिकी मार्टिन करेंगे परफॉर्म, कितने बजे होगा शुरू, कहां देख पाएंगे लाइव, जानें तमाम डिटेल

यह भी पढ़ें: IND vs ENG Semifinal: इंग्लैंड हारा पर दिल जीत गए जैकब बेथेल, आखिरी तक लड़ी लड़ाई, शतक ठोक बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com