विज्ञापन

एशिया कप ट्रॉफियों पर आई खुशखबरी, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने दिया बड़ा अपडेट

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने भरोसा दिलाया है कि भारतीय पुरुष और महिला टीमों द्वारा जीती गई एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन बीसीसीआई मुख्यालय पहुंचेंगी.

एशिया कप ट्रॉफियों पर आई खुशखबरी, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने दिया बड़ा अपडेट
ट्रॉफी के साथ हरमनप्रीत कौर
IANS

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज है. एशिया कप की ट्रॉफियां जल्द ही भारत आने वाली हैं. भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय पुरुष और महिला टीमों द्वारा जीती गई एशिया कप की ट्रॉफियां एक दिन बीसीसीआई मुख्यालय पहुंचेंगी, हालांकि इसके लिए कोई समयसीमा नहीं बताई जा सकती.

एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम और हाल में महिला टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. नकवी पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं. भारतीय पुरुष टीम ने पिछले साल दुबई में पाकिस्तान को फाइनल में हराकर एशिया कप टी20 का खिताब जीता था, जबकि महिला टीम ने इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की.

भारत आएंगी एशिया कप की ट्रॉफियां

सैकिया ने बीसीसीआई की 95वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद संवाददाताओं से कहा, 'एशिया कप की ट्रॉफियां हमें उम्मीद है कि एक दिन यहां आ जाएंगी. मैं कोई समयसीमा नहीं बताऊंगा लेकिन मैं आपको भरोसा दिला सकता हूं कि दोनों ट्रॉफियां वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई कार्यालय में जरूर पहुंचेंगी.'

एशियाई खेलों में महिला टीम से गोल्ड की उम्मीद

सैकिया ने यह भी कहा कि बोर्ड को भरोसा है कि भारतीय महिला टीम एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतेगी. भारतीय टीम ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में जापान को हराया. उन्होंने कहा, 'हमने पिछले सप्ताह दुबई में शानदार जीत दर्ज करने वाली अपनी महिला टीम को बधाई दी. उन्होंने जापान के खिलाफ पहला मुकाबला भी शानदार तरीके से जीता है और हमें उम्मीद है कि वे इस महीने की 22 तारीख को एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतेंगी.'

हरमनप्रीत कौर की टीम ने नकवी से नहीं ली थी ट्रॉफी

दरअसल, हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने एशिया कप फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार टूर्नामेंट जीता, लेकिन उन्होंने एशियाई क्रिकेट परिषद के मौजूदा अध्यक्ष नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. नकवी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष होने के साथ-साथ अपने देश के गृह मंत्री भी हैं. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बिना किसी हिचक के स्पष्ट कर दिया कि, 'जो हमारे देश के खिलाफ काम कर रहा है, उससे हम ट्रॉफी नहीं ले सकते.'

भारतीय पुरुष टीम ने भी पाकिस्तान को सिखाया था सबक

इससे पहले 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने भी एशिया कप जीतने पर नक़वी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ने उसी वर्ष हुए पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की थी. मालूम हो कि उस आतंकी हमले में हमारे 26 लोग मारे गए थे. यह ट्रॉफी अभी तक दुबई में एसीसी मुख्यालय में बंद रखी हैं.

ये भी पढ़ें-   एशियन गेम्स 2026: कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के बाहर हाल बेहाल! सेमीफाइनल मैच से पहले पानी में डूबा दिखा रास्ता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com