- इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी अबू धाबी में जारी है, जिसमें भारत और कई विदेशी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है.
- कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को पच्चीस करोड़ से अधिक में खरीदा है.
- एक्सीलिरेशन राउंड नीलामी का एक विशेष चरण होता है जिसमें अनसोल्ड खिलाड़ियों को नया मौका दिया जाता है.
IPL Accelerated Auction: दुनिया की सबसे महंगी क्रिकेट लीग में शुमार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के लिए अबू धाबी में खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया जारी है. इस ऑक्शन में भारत के कई नामचीन स्टार के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैड, श्रीलंका, बांग्लादेश सहित अन्य देशों के कई खिलाड़ी भी शामिल हैं. IPL की नीलामी में भारत के कई नए चेहरे भी हैं. जिनपर लीग की अलग-अलग फ्रेंचाइजी अपने बजट और जरूरत के हिसाब से बोली लगा रही है.
IPL 2026 की नीलामी की बड़ी बातें
अबु धाबी में चल रहे IPL के मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा. इसके अलावा भारत के दो नये चेहरे प्रशांत वीर और 19 साल के कार्तिक शर्मा एक समान 14.20-14.20 करोड़ में CSK ने खरीदा.

एक्सीलिरेशन राउंड क्या होता है?
आईपीएल मिनी ऑक्शन में मुख्य नीलामी के बाद एक्सीलिरेशन राउंड में भी खिलाड़ियों की बोली लगी. इसमें भी कुछ खिलाड़ी बिके, जबकि कुछ को कोई भी खरीदार नहीं मिला. आइए जानते हैं IPL की नीलामी में एक्सीलिरेशन राउंड क्या होता है?
अनसोल्ड खिलाड़ियों के लिए एक मौका
आईपीएल नीलामी में एक्सीलिरेशन एक विशेष राउंड होता है, जो नीलामी के अंत में होता है, जब बची हुई टीमों को अपने स्क्वाड के गैप भरने के लिए बचे हुए (Unsold) खिलाड़ियों में से चुनना होता है. इस राउंड के जरिए अनसोल्ड खिलाड़ियों को नीलामी का एक और मौका मिलता है.

कैसे होता है एक्सीलिरेशन राउंड
यह एक तरह का फास्ट-ट्रैक राउंड होता है, जिसमें टीमें सीधे उन खिलाड़ियों पर बोली लगाती हैं जिन्हें वे चाहती हैं, बजाय इसके कि सभी बचे हुए खिलाड़ियों को एक-एक करके पेश किया जाए. रेगुलर ऑक्शन के बाद जब सभी मुख्य खिलाड़ियों पर बोली लग जाती है और कुछ खिलाड़ी बिकते नहीं हैं, तो एक्सीलिरेशन राउंड शुरू होता है.
टीमें पहले ही दे देती है अपनी लिस्ट
इसमें टीमें नीलामीकर्ता (Auctioneer) को उन बचे हुए खिलाड़ियों की लिस्ट देती हैं जिन्हें वे खरीदना चाहती हैं. इन नॉमिनेटेड खिलाड़ियों पर तेज़ी से बोली लगाई जाती है. यह राउंड टीमों को अपने बजट और ज़रूरतों के हिसाब से सही खिलाड़ी चुनने में मदद करता है और नीलामी को लंबा खींचने से बचाता है.
अबु धाबी में चल रही नीलामी प्रक्रिया में एक्सीलिरेशन राउंड-1 में 66 खिलाड़ी थे, जिसमें से 23 बिके. जबकि 43 अनसोल्ड रहे. इस राउंड के बाद हर फ्रेंचाइजी से 5 से 6 नाम मांगे गए हैं. जिन्हें एक्सीलिरेशन राउंड-2 पर पूल में लाया जाएगा.
यह भी पढ़ें - IPL 2026 Auction Live: जानें पल-पल के अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं