विज्ञापन

हार्दिक की वजह से बिगड़ गया है मुंबई का माहौल, रोहित को क्यों बनाया जाना चाहिए फिर से कप्तान? दिग्गज ने बताया

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी का कहना है कि मैं दिल चाहता हूं कि रोहित को वापस कप्तान बनाया जाए. ताकि उनके प्रति सम्मान फिर से स्थापित हो सके. अगर वह वापस आते हैं, तो वह एक बार फिर अच्छी टीम बनाने में सक्षम हैं.

हार्दिक की वजह से बिगड़ गया है मुंबई का माहौल, रोहित को क्यों बनाया जाना चाहिए फिर से कप्तान? दिग्गज ने बताया
Hardik Pandya and Rohit Sharma

जब से हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) ने मुंबई इंडियंस (MI) की कमान संभाली है. तब से टीम का पतन ही हुआ है, यह कहना गलत नहीं होगा. फ्रेंचाइजी ने साल 2023 में पंड्या को गुजरात टाइटंस से 'ऑल-कैश ट्रेड' (पैसे के लेन-देन) के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था. यही नहीं फ्रेंचाइजी ने उस दौरान 32 वर्षीय स्टार को टीम की कमान भी सौंपी थी. मगर उनकी अगुवाई में टीम का ग्राफ ऊपर चढ़ने के बजाय दिन ब दिन नीचे ही गिरा है. यहीं नहीं इस दौरान टीम का माहौल भी खराब हुआ है. खबरों की माने तो कई खिलाड़ी पंड्या के रवैये से खुश नहीं हैं. जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ रहा है. 

फ्रेंचाइजी को जारी सीजन में पंड्या से करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद थी. मगर वह व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ-साथ कप्तानी में भी जूझ रहे हैं. पंड्या की लगातार विफलता पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी (Manoj Tiwary) ने अपना विचार साझा किया है. उन्होंने इच्छा जताई है कि एमआई को अगले सीजन में फिर से रोहित को टीम की कमान सौंप देनी चाहिए. 

क्रिकबज के साथ हुई बातचीत के दौरान 40 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'पिछले तीन वर्षों में रोहित शर्मा ने अपनी आंखों के सामने अपने साम्राज्य को ढहते हुए देखा है.' उन्होंने अपनी बात को बढ़ाते हुए कहा, 'कई बार आप डगआउट में उनके हावभाव से चीजों को समझ सकते हैं. अंदर ही अंदर वह जानते हैं कि अगर वह इंचार्ज होते तो शायद कुछ फैसले उन्होंने नहीं लिए होते.'

तिवारी को पूरा विश्वास है कि 2027 में एमआई की टीम एक नए कप्तान के तहत शिरकत करते हुए नजर आएगी. यहीं नहीं उन्हें उम्मीद है कि अगले साल सूर्यकुमार यादव टीम की कमान संभालेंगे. वह टूर्नामेंट में फिर से रोहित को कप्तानी करते हुए देखना चाह रहे हैं.

तिवारी ने कहा, 'मुझे 200 प्रतिशत यकीन है कि अगले सीजन में मुंबई इंडियंस का नया कप्तान होगा, चाहे वह सूर्यकुमार यादव हों या जसप्रीत बुमराह. यह ध्यान में रखते हुए कि बुमराह एक तेज गेंदबाज हैं और चोटिल होने की संभावना ज्यादा है. इसलिए सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाना चाहिए.'

उन्होंने कहा, 'मगर मैं दिल चाहता हूं कि रोहित को वापस कप्तान बनाया जाए. ताकि उनके प्रति सम्मान फिर से स्थापित हो सके. अगर वह वापस आते हैं, तो वह एक बार फिर अच्छी टीम बनाने में सक्षम हैं.'

यह भी पढ़ें- GT vs CSK: 'करो या मरो' मुकाबले में 23 रन और सैमसन हासिल कर लेंगे विशेष उपलब्धि, सबकी निगाहें उसी पर टिकी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com