भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मैच 96 रन से अपने नाम किया. इस मुकाबले में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने 18 रन बनाने के अलावा 1 विकेट भी हासिल किया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पंड्या ने सभी 9 मैच खेले, जिसमें 27.12 की औसत के साथ 217 रन बनाए. इसके अलावा, 9 विकेट भी हासिल किए. भारत की जीत के बाद इस ऑलराउंडर ने कहा कि वो चाहते हैं कि टीम इंडिया के लिए अभी 10 आईसीसी खिताब और जीते. रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच में भारत ने 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई.
खिताबी जीत के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा,"मुझे लगता है कि उस 2024 विश्व कप फाइनल में बहुत कठिनाई थी, बहुत सी चीजें हुई थीं, इसलिए यह मेरी पांचवीं वापसी करने के बारे में अधिक था. मैं हमेशा इसी जीत के लिए जीता हूं. मैंने इसके लिए क्रिकेट खेला है, मैं ट्रॉफियां जीतना चाहता हूं, मैं भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा ट्रॉफियां जीतना चाहता हूं. बारबाडोस के बाद मैंने कहा था कि मैं जिस भी ट्रॉफी के लिए खेलूंगा, जीतूंगा. मैंने यह सिर्फ कहने के लिए नहीं कहा, मैं इस पर विश्वास करता हूं और यह सिर्फ इस बात की पुष्टि है कि जो मैंने माना था वह हकीकत में बदल गया है. यह अभिव्यक्ति है, लेकिन मुझे लगता है कि इसके पीछे बहुत मेहनत है, यह सिर्फ इतना ही नहीं है, इसमें बहुत मेहनत लगती है."
घरेलू मैदान पर जीत और खिताब बचाने पर पंड्या ने कहा,"यह काफी भावुक पल है. भारत में वर्ल्ड कप जीतना और लोगों का उत्साह देखना अद्भुत है. हमने इसके लिए बहुत मेहनत की है. कल से ही मुझे यकीन था कि हम चैंपियन बनने वाले हैं. मेरे मन में सिर्फ एक ही विश्वास था कि इसका कोई दूसरा नतीजा नहीं होगा. हार का ख्याल भी नहीं आया. मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं."
हार्दिक ने आगे कहा कि उनमें अभी 10 साल का क्रिकेट बाकी हैं और वो कम से कम 10 ट्रॉफियां जीतना चाहते हैं. उन्होंने कहा,"मेरे पास अभी भी दस साल बाकी हैं, इसलिए मेरा आधा करियर खत्म हो चुका है और आधा अभी भी बाकी है.' मैं आईसीसी और आईपीएल मिलाकर कम से कम दस ट्रॉफियां जीतना चाहता हूं, लेकिन मेरे लिए आईसीसी ट्रॉफियां सबसे महत्वपूर्ण ट्रॉफियां हैं. मेरे पास तीन हैं और मैं जिसके लिए भी खेलूं उसे जीतना चाहूंगा. तो मुझे लगता है कि अगले दस सालों में कम से कम पांच या छह साल आएंगे, तो हां, यही मेरा लक्ष्य है."
हार्दिक पंड्या टी20 वर्ल्ड कप 2024 विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं. उस मुकाबले में उन्होंने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध अंतिम ओवर फेंका था. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर अंतिम पलों में गेंद उनके हाथों में थी. पंड्या ने कहा,"जब मैं इंग्लैंड के खिलाफ 19वां ओवर फेंक रहा था, तब मेरे दिमाग में टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल चल रहा था. मैंने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा से भी कहा था कि जब बल्लेबाजी करने जाओ तो अच्छी यादों के बारे में सोचो."
खिताबी मैच में संजू सैमसन (89) ने ईशान किशन (54) के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन की साझेदारी की, जिसने भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. संजू सैमसन और किशन के बारे में पंड्या ने कहा,"यही जिंदगी सिखाती है. जब आप मेहनत करते हैं और दूसरों की खुशी में खुश रहना सीखते हैं, तो भगवान आपको मौके देता है. यह पूरे देश के लिए एक सीख है कि जब आप चुपचाप मेहनत करते रहते हैं, तो भगवान आपको मौका जरूर देता है. मुझे उन पर बहुत गर्व है."
यह भी पढ़ें: Jasprit Bumrah: 'इससे बेहतर कुछ नहीं...' फाइनल में घरेलू मैदान पर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने पर बोले जसप्रीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं