India World Champion, Jasprit Bumrah Reaction: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अपने नाम करते हुए रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब जीता. रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने महज 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद बुमराह ने इस जीत को खास बताते हुए कहा कि पिछली बार घरेलू सरजमीं पर जीत नहीं पाए थे, ऐसे में आज वो कमी पूरी हुई.
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बोलते हुए जसप्रीत बुमराह ने कहा,"यह बेहद खास है क्योंकि मैंने अपने घरेलू मैदान पर एक फाइनल खेला है और आप जानते हैं, मैं उसे जीत नहीं सका, लेकिन यह वास्तव में खास है. मैं वास्तव में प्रेरित था. मैं वास्तव में स्पष्ट था. मुझे पता था कि मैं क्या करना चाहता हूं." "मुझे पता था कि विकेट काफी सपाट है, इसलिए मुझे अपने पूरे अनुभव का इस्तेमाल करना पड़ा. इस टूर्नामेंट से पहले मैं ऐसी स्थिति में था जहां मुझे लग रहा था कि मैं बहुत ज्यादा कोशिश कर रहा हूं."
बुमराह ने आगे कहा,"मैं अच्छी गेंदबाजी कर रहा था, लेकिन शायद जरूरत से ज्यादा प्रयास कर रहा था. इस टूर्नामेंट में मैंने बस मैच को अपने करीब आने दिया. यह तरीका मेरे लिए काफी अच्छा काम कर गया. मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से अपनी ताकत का आकलन करना हमेशा अहम रहा है. वर्ल्ड कप फाइनल में अपने घरेलू मैदान पर 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनना इससे बेहतर नहीं हो सकता."
उन्होंने आगे कहा,"जहां तक मेरी स्लोअर गेंदों की बात है, यह अनुभव का नतीजा है. मैंने यहां पहले भी सपाट विकेटों पर खेला है और दूसरी टीमों को भी देखा है. मैंने सीखा कि बहुत तेज गेंदबाजी करने की कोशिश करना बल्लेबाजों के लिए शॉट खेलना आसान बना देता है. इसलिए मैंने समझदारी से गेंदबाजी की और यह समझने की कोशिश की कि बल्लेबाज क्या करना चाहते हैं."
गेंदबाजी यूनिट के बारे में बुमराह ने कहा,"जब भी हम चर्चा करते हैं, तो हर कोई विकल्प लेकर आता है. जरूरत पड़ने पर हमने आपस में अच्छी बातचीत की. हमने कभी घबराहट नहीं दिखाई और दबाव में भी शांत रहे. जो टीमें ऐसा करती हैं, वही टूर्नामेंट जीतती हैं और मुझे खुशी है कि हमने भी ऐसा ही किया."
खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई.
यह भी पढ़ें: 'मैं मिचेल को सॉरी बोलने गया था', डेरिल के साथ हुए झड़प पर अर्शदीप ने दी सफाई, जान बूझकर मारा था गेंद?
यह भी पढ़ें: जीत के बाद इमोशनल हुए सूर्य कुमार यादव, पिच की मिट्टी को माथे से लगाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं