Riyan Parag Statement on Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने एकतरफा अंदाज में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है. न्यू चंडीगढ़ में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी की 96 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में 214 रन बनाए थे. लेकिन इसके जवाब में शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने जिस तरह से गुजरात को शुरुआत दिलाई, उसने मैच को एकतरफा कर दिया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी कर मैच को फैसला कर दिया. वहीं हार के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने माना कि इस साझेदारी ने ही उनके लिए चीजें मुश्किल कर दीं.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली हार के बाज राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा,"मुझे लगता है कि यह एक पार स्कोर था. 215 का स्कोर डिफेंड किया जा सकता था, लेकिन भारी रोलर का इस्तेमाल करने से विकेट थोड़ा बेहतर हो गया. मुझे लगता है कि पहली इनिंग में स्पिनरों को थोड़ी ज़्यादा ग्रिप मिली और शॉर्ट बॉल रूककर आ रही थीं. मुझे लगता है कि 230-240 का स्कोर चेज़ को बहुत चैलेंजिंग बना देता. हम जानते थे कि हमें उनके ओपनर्स को जल्दी आउट करना होगा, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया और उसके बाद यह एक मुश्किल रास्ता होने वाला था."
राजस्थान के स्क्वाड में इस सीजन कई युवा खिलाड़ी थे और कप्तान ने माना अनुभवहीन खिलाड़ियों के चलते वह प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के हकदार नहीं थे. पराग ने कहा,"बहुत सारी पॉज़िटिव बातें थीं, लेकिन अगर मुझे इसे एक लाइन या कुछ लाइनों में बताना हो, तो हम क्वालिफ़ाई करने के हकदार नहीं थे. बहुत कम एक्सपीरियंस और बहुत सारे नए ट्रांज़िशन और कॉम्बिनेशन जिन्हें हमने ट्राई और टेस्ट किया, लेकिन लड़कों ने बहुत कैरेक्टर दिखाया और यह आगे के लंबे सफ़र के लिए एक शानदार शुरुआत है."
वहीं वैभव सूर्यवंशी को लेकर पराग ने बोलते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह खिलाड़ी राजस्थान को दूसरी बार चैंपियन बनाएगा. रियान पराग ने कहा,"वैभव ने, मैं सच में इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता, एक तरीका है जहां आप बस जाकर स्लॉग करते हैं और रन बनाते हैं लेकिन वह बिना सोचे-समझे स्लॉगिंग नहीं कर रहा है. आज की तरह की इनिंग्स आप बिना सोचे-समझे स्लॉगिंग करके नहीं कर सकते."
सूर्यवंशी की पारी को लेकर पराग ने कहा,"वह कैलकुलेट करता है, वह कंडीशन को देखता है. वह सब कुछ करता है और मुझे अभी भी समझ नहीं आ रहा कि कैसे. उम्मीद है कि वह देश के लिये भी इसी तरह से खेलता रहेगा और जीत में योगदान देगा. हमारे लिये भी खेलता रहेगा और हमें दूसरा आईपीएल खिताब दिलायेगा."
यह भी पढ़ें: Rishabh Pant Quits LSG Captaincy: ऋषभ पंत ने IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के शर्मनाक प्रदर्शन ने बाद छोड़ी कप्तानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं