पिछले मैच में पंजाब किंग्स का जीत का सिलसिला टूट गया और वह लगातार तीसरी जीत हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में अपने अभियान को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश करेगा. राजस्थान रॉयल्स ने इस सप्ताह के शुरू में पंजाब किंग्स के अजेय अभियान पर रोक लगा दी थी. हालांकि पंजाब किंग्स की टीम आठ मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स उससे सिर्फ एक अंक पीछे हैं.
पंजाब की गेंदबाजी की कमियां खुलकर आई सामनें
लगातार छह जीत हासिल करके शुरुआती बढ़त बनाने वाली पंजाब किंग्स की गेंदबाजी विभाग को लेकर कुछ चिंताएं हैं. पंजाब के बल्लेबाजों की तरह उसके गेंदबाज अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं बना पाए हैं. उसके बल्लेबाजों के अच्छे प्रदर्शन के कारण गेंदबाजों की कमियां खुलकर सामने नहीं आई हैं लेकिन टूर्नामेंट अब महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच चुका है और ऐसे में कोई कमजोरी टीम पर भारी पड़ सकती है.
बल्लेबाजों का धुआंधार प्रदर्शन जारी
गेंदबाजों की असफलता के कारण पंजाब के बल्लेबाजों पर दबाव पड़ रहा है, क्योंकि या तो उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने पड़ रहे हैं या फिर पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाना पड़ रहा है. ऐसे में पंजाब को अब अधिक स्पष्ट रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा. पंजाब की फील्डिंग भी अच्छी नहीं रही है और उसने कई कैच छोड़े हैं। टीम प्रबंधन को इस विभाग में भी काम करने की जरूरत है.
हालांकि बल्लेबाजी अब भी पंजाब की सबसे बड़ी ताकत है. सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने अच्छी शुरुआत दी है, वहीं कूपर कोनोली ने भी रन बनाए हैं. कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाला मध्य क्रम मजबूत स्कोर बनाने या लक्ष्य का पीछा करने में सक्षम साबित हुआ है.
गुजरात के टॉप ऑर्डर पर दवाब
दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स की टीम लगातार दो मैच जीतकर इस मैच में उतर रही है, हालांकि उसका अभियान उतार चढ़ाव वाला रहा है. चेन्नई सुपर किंग्स और फिर आरसीबी के खिलाफ लगातार जीत के बाद टाइटन्स 10 अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर हैं. गुजरात की बल्लेबाजी उसके शीर्ष तीन बल्लेबाजों साई सुदर्शन, कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर के इर्द-गिर्द घूमती रही है.
इन तीनों पर अत्यधिक निर्भरता टीम के लिए चिंता का विषय है. वॉशिंगटन सुंदर ने मध्य क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन शाहरुख खान और राहुल तेवतिया जैसे फिनिशर अभी तक प्रभाव नहीं डाल पाए हैं. टीम को संतुलन प्रदान करने के लिए जेसन होल्डर को भी मध्य क्रम में शामिल किया गया है और उन्होंने मौजूदा चैंपियन आरसीबी के खिलाफ जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
क्या असर दिखाएगी अहमदाबाद की पिच
अहमदाबाद में होने वाला यह मैच पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा. काली मिट्टी की पिच है. जिससे बैट्समैन और बॉलर के बीच मुकाबला थोड़ा ज़्यादा बैलेंस्ड होगा. इस पिच पर खेला गया पिछला मैच गुजरात बनाम मुंबई था, जिसमें तिलक वर्मा के 101 रन की मदद से मुंबई ने 199 रन बनाए थे, जिसके बाद उन्होंने गुजरात को 100 रन पर आउट कर दिया था. 180-190 का टोटल चेज़ करने वाली टीम के लिए मुश्किल हो सकता है.
बात अगर पंजाब के गुजरात के खिलाफ जीत-हार के रिकॉर्ड की करें तो यह 4-3 का है. जबकि अहमदाबाद में पंजाब ने गुजरात के खिलाफ दोनों मैच जीते हैं.
ऐसी हो सकती है दोनों की प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जेनसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बराड़
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज.
यह भी पढ़ें: बीच IPL अर्जुन तेंदुलकर इस T20 टीम में शामिल, बेस प्राइस से 400 गुना अधिक मिली रकम
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर, हेजलवुड पीछे छूटे, CSK का यह पेसर बन रहा नया 'डेथ ओवर मास्टर', अगरकर फिर देंगे मौका?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं