विज्ञापन

गंभीर का अटैक vs लक्ष्मण का टच, गौतम और वीवीएस की कोचिंग में छिड़ी जंग, जानें किसके आंकड़े हैं भारी

गौतम गंभीर या वीवीएस लक्ष्मण, किसकी कोचिंग में भारतीय टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा है? यहां पढ़ें पूरे आंकड़े.

गंभीर का अटैक vs लक्ष्मण का टच, गौतम और वीवीएस की कोचिंग में छिड़ी जंग, जानें किसके आंकड़े हैं भारी
गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण

हाल ही में टीम इंडिया ने सीमित ओवरों के प्रारूप के तहत तीन देशों का दौरा किया है. जिसमें आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे का दौरा शामिल है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर तो मुख्य कोच की भूमिका गौतम गंभीर ने निभाई. जहां भारतीय टीम को दोनों दौरों पर शिकस्त का सामना करना पड़ा. इसके पश्चात जिम्बाब्वे दौरे पर उनको आराम देकर कोचिंग की भूमिका वीवीएस लक्ष्मण के हाथों में दे गई. बोर्ड की यह तरकीब काम भी आई और ब्लू टीम तीन मैचों की सीरीज में विपक्षी टीम को 3-0 से शिकस्त देते हुए एकतरफा अंदाज में ट्रॉफी को अपने नाम करने में कामयाब रही. जिसके बाद से पूर्व क्रिकेटरों में बहस तेज हो गई है. कुछ पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मण को भारतीय टीम का अगला हेड कोच बनाने की वकालत कर रहे हैं, जबकि कई पूर्व क्रिकेटर गंभीर के साथ ही आगे बढ़ना चाहते हैं. जारी उठापटक के बीच बात करें जिम्बाब्वे दौरा समाप्त होने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बतौर कोच प्रदर्शन के बारे में तो वह कुछ इस प्रकार है- 

T20I में बतौर कोच गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण का रिकॉर्ड

राहुल द्रविड़ के कोचिंग पद छोड़ने के बाद गौतम गंभीर को भारतीय टीम का जुलाई 2024 में मुख्य कोच बनाया गया था. जहां उनकी देखरेख में भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में काफी शानदार रहा है. उनके मार्गदर्शन में भारत ने खबर लिखे जाने तक कुल 49 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच भारतीय टीम को 34 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि 11 मुकाबलों में शिकस्त का सामना करना पड़ा है. इसके अलावा चार मैच बिना परिणाम के समाप्त हुए हैं. इस तरह उनकी देखरेक में टीम का जीत प्रतिशत 69.39% है. 

गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने टी20 फॉर्मेट में शानदार शुरूआत की थी. कुल आठ सीरीज में जीत मिली थी. जिनमें छह द्विपक्षीय सीरीज और दो बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट शामिल है. बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 2025 एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप 2026 शामिल है. हालांकि, इन सफलताओं के बाद टीम को हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर शिकस्त का सामना करना पड़ा है. जिसके बाद से उनकी छवि धूमिल हुई है. 

अवकाश के दौरान लक्ष्मण ने संभाला मोर्चा 

इस दौरान जब-जब गंभीर को अवकाश दिया गया. मुख्य कोचिंग की भूमिका कार्यवाहक कोच के तौर पर वीवीएस लक्ष्मण ने संभाली. जहां उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने कुल 20 मुकाबलों में हिस्सा लिया. जिसमें से टीम को 15 मुकाबलों में जीत मिली है और केवल दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच ड्रॉ रहा है और दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल पाया है. इस तरह उनकी देखरेख में जीत का प्रतिशत 75.00% है. 

लक्ष्मण की अगुवाई में अबतक भारतीय टीम ने पांच द्विपक्षीय सीरीज और एक बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में कामयाबी हासिल की है. बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 2023 एशियाई खेल शामिल हैं. जहां भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था. 

बतौर कोच वनडे में गंभीर और लक्ष्मण का रिकॉर्ड 

बतौर कोच वनडे में गंभीर का कार्यकाल मुश्किलों भरा रहा है. टीम को उनकी देखरेख में पहले श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, इसके बाद टीम ने 2025 में शानदार वापसी की. ब्लू टीम ने इंग्लैंड को 3-0 से हराया. 'हिटमैन' शर्मा की देखरेख में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम किया. मगर इसकी बाद टीम को ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा. टीम दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के खिलाफ घर पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही. 

खबर लिखे जाने तक गंभीर की अगुवाई में टीम ने कुल 26 वनडे मुकाबले खेले हैं. जहां टीम को 16 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि नौ मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. टीम का जीत प्रतिशत 61.54% है. 

वहीं दूसरी ओर लक्ष्मण की देखरेख में भारतीय टीम ने कुल छह वनडे मुकाबले खेले हैं. जहां तीन जीत और एक हार का सामना करना पड़ा है. दो मैच बिना निर्णय के समाप्त हुए हैं. जीत प्रतिशत 50.00% है. 

टेस्ट मैच में गंभीर का रिकॉर्ड 

टेस्ट क्रिकेट में भी गंभीर का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है. उनकी देखरेख में भारतीय टीम ने खबर लिखे जाने तक कुल 20 टेस्ट मैच खेले हैं. जिसमें भारतीय टीम को आठ मैचों में जीत मिली है, जबकि 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. शेष दो मैच ड्रॉ रहे हैं. जीत का प्रतिशत 40.00% है. लक्ष्मण ने टेस्ट क्रिकेट में टीम को कोचिंग नहीं दी है. 

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को बनाया गया पूर्व क्षेत्र का उप-कप्तान, अब दलीप ट्रॉफी में दिखाएंगे दम, 15 सदस्यीय टीम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Gautam Gambhir, VVS Laxman, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com