विज्ञापन
This Article is From Jul 14, 2017

श्रीलंका दौरा : चैंपियंस ट्रॉफी में न खेल पाने की निराशा को अपने प्रदर्शन से दूर करना चाहता है टीम इंडिया का यह खिलाड़ी

लोकेश राहुल ने माना कि चोट के कारण बड़े टूर्नामेंट में न खेल पाना काफी तकलीफदेह होता है.

श्रीलंका दौरा : चैंपियंस ट्रॉफी में न खेल पाने की निराशा को अपने प्रदर्शन से दूर करना चाहता है टीम इंडिया का यह खिलाड़ी
लोकेश राहुल ने अब तक 17 टेस्‍ट मैचों में चार शतक जमाए हैं (फाइल फोटो)
  • कंधे की सर्जरी से उबरकर अब पूरी तरह फिट हैं राहुल
  • कहा-चोट किसी भी खिलाड़ी के जीवन का हिस्‍सा है
  • चैंपियंस ट्रॉफी में न खेल पाने को लेकर जताई निराशा
नई दिल्ली: छोटे से इंटरनेशनल करियर में लोकेश राहुल ने अपने खेल कौशल से हर किसी को प्रभावित किया है. हालांकि चोट के कारण उन्‍हें कई बड़े टूर्नामेंट्स में भाग लेने से वंचित होना पड़ा है. कर्नाटक का यह 25 वर्षीय खिलाड़ी श्रीलंका का दौरा करने वाली टीम इंडिया का हिस्‍सा है. कंधे की चोट के बाद हुई सर्जरी से उबरकर राहुल अब पूरी तरह फिट हैं और श्रीलंका दौरे में  छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं. इस चोट के कारण राहुल आईपीएल और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे महत्‍वपूर्ण टूर्नामेंट में हिस्‍सा नहीं ले पाए थे. वेस्‍टइंडीज का दौरा करने वाली भारतीय टीम में भी वे शामिल नहीं थे.

राहुल का कहना है कि चोट खेल का हिस्सा है. वैसे उन्होंने इस बात को स्‍वीकार किया कि चोट के कारण बड़े टूर्नामेंट में न खेल पाना काफी तकलीफदेह होता है. राहुल ने कहा, "चोट के कारण टूर्नामेंट में हिस्सा न ले पाना खेल का हिस्सा है. जाहिर सी बात है मैंने क्रिकेट को मिस किया, आईपीएल में नहीं खेल पाया जो भारत में सबसे बड़ा टूर्नामेंट है. चैंपियंस ट्रॉफी मेरा पहला आईसीसी टूर्नामेंट होता. यह मेरे करियर में बड़ा मौका होता. मैं इस टूर्नामेंट में खेलना चाहता था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया जिससे मैं थोड़ा निराश हूं." वैसे राहुल इस बड़े टूर्नामेंट में नहीं खेल पाने की अपनी  निराशा को श्रीलंका दौरे में अपने प्रदर्शन से दूर करना चाहते हैं. राहुल को श्रीलंका दौरे पर टेस्ट टीम में जगह मिली है. वह चार महीने के बाद मैदान पर वापसी करेंगे.

वीडियो : ऑस्‍ट्रेलिया में अपने टेस्‍ट करियर का लोकेश राहुल ने किया था आगाज



राहुल ने कहा कि फिटनेस हासिल करने के लिए उन्हें सर्जरी से भी गुजरना पड़ा और अब वह श्रीलंका दौरे के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. टीम इंडिया के इस सलामी बल्लेबाज के मुताबिक, "कंधे की चोट की सर्जरी हुए तीन महीने का समय हो गया है. मैंने फिटनेस हासिल करने के लिए काफी मेहनत की है. मैं श्रीलंका दौरे के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा. यह मेरे लिए सिर्फ शारीरिक तौर पर चुनौतीपूर्ण है बल्कि मानसिक तौर पर भी बड़ी चुनौती है." उन्‍होंने इस बात को माना कि इस उम्र में चोटों से जूझना अच्छी बात नहीं है, खासकर तब जब वह अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं. राहुल ने कहा, "24-25 की उम्र में चोटिल होना होना अच्छी बात नहीं है, खासकर तब जब मैं अच्छी फॉर्म में हूं. मैं अपने देश के लिए तीनों फॉर्मेट्स में खेल रहा हूं. अब यह समय है जब मैं अपने देश के लिए ज्यादा मैच खेलना चाहता हूं. मैं हर चीज सही कर रहा हूं. मैं अपनी फिटनेस का ध्यान रख रहा हूं और अपने खान-पान का भी." श्रीलंका दौरे के लिए विशेष तैयारी के सवाल पर राहुल ने कहा, "मैं हर पल बेहतर फिटनेस हासिल करने की कोशिश कर रहा हूं. नेट्स में बल्लेबाजी का अभ्यास जारी है, जहां मैं गेंद को अच्छा मार रहा हूं." (आईएएनएस से इनपुट)
लेखक के बारे में
img
ख़बर न्यूज़ डेस्क
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lokesh Rahul, Fit, Sri Lanka Tour, Team India, Champions Trophy, KL Rahul
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com