विज्ञापन

T20 World Cup 2026: सुधर नहीं रहा पाकिस्तान, विवाद खत्म नहीं हुआ कि पूर्व PCB अध्यक्ष ने कह दी यह बड़ी बात

Najam Sethi Bold Claim on T20 World Cup 2026 IND vs PAK: नजम सेठी का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान नहीं, बल्कि ICC पीछे हटा. उन्होंने कहा कि ICC ने स्थिति को देखते हुए नरम रुख अपनाया और बांग्लादेश को भी कुछ राहत दी.

T20 World Cup 2026: सुधर नहीं रहा पाकिस्तान, विवाद खत्म नहीं हुआ कि पूर्व PCB अध्यक्ष ने कह दी यह बड़ी बात
Najam Sethi Bold Claim on T20 World Cup 2026 IND vs PAK:

Najam Sethi Bold Claim on T20 World Cup 2026 IND vs PAK: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के पूर्व चेयरमैन नजम सेठी ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान सरकार के रुख में बदलाव पर बड़ा बयान दिया है. पहले पाकिस्तान ने घोषणा की थी कि वह रविवार को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाला ग्रुप स्टेज मैच नहीं खेलेगा. हालांकि बाद में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ बातचीत के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला बदल लिया.

नजम सेठी का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान नहीं, बल्कि ICC पीछे हटा. उन्होंने कहा कि ICC ने स्थिति को देखते हुए नरम रुख अपनाया और बांग्लादेश को भी कुछ राहत दी. उनके मुताबिक, पाकिस्तान का निर्णय पूरी तरह सोच-समझकर लिया गया था और इस पर देश-विदेश के कानूनी विशेषज्ञों से सलाह ली गई थी. सेठी ने इंडिया टुडे से कहा कि पाकिस्तान को भरोसा था कि भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने पर कड़ी सजा नहीं दी जा सकती.

उनके अनुसार, पाकिस्तान को अधिकतम एक अंक का नुकसान हो सकता था, उससे ज्यादा नहीं. उन्होंने यह भी कहा कि ICC को भी इस बात का एहसास हुआ, जिसके बाद उसके पदाधिकारी सक्रिय हुए. इसी क्रम में डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधि भी बातचीत के लिए आगे आए, ताकि पाकिस्तान मैच खेलने के लिए राजी हो सके.

सेठी ने आगे कहा कि अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आर्थिक रूप से पहले की तरह ICC पर निर्भर नहीं है. उन्होंने बताया कि पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की बढ़ती लोकप्रियता और व्यावसायिक सफलता के कारण बोर्ड को अब ICC से मिलने वाली राशि से अधिक आय PSL से होती है. उनके अनुसार, PCB अपने संसाधनों के दम पर मजबूत स्थिति में है और उसे किसी तरह की आर्थिक परेशानी नहीं है. उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में ICC की ओर से पाकिस्तान को कुछ अतिरिक्त छूट भी मिल सकती हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com