विज्ञापन

ऑपरेशन सिंदूर में PAK के न्यूक्लियर डिपो किराना हिल्स पर हुआ था हमला? वायुसेना ने बता दी सच्चाई

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के किराना हिल्स पर हमले की बात पर वायुसेना के वाइस एयर चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने कहा कि हमें इसके बारे में नहीं पता. हमने आतंकी और सैन्य ठिकानों पर हमला किया था.

ऑपरेशन सिंदूर में PAK के न्यूक्लियर डिपो किराना हिल्स पर हुआ था हमला? वायुसेना ने बता दी सच्चाई
  • ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और PoK में नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया था
  • वाइस एयर चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने किराना हिल्स पर हमले की बात को पूरी तरह से खारिज किया है
  • जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 6 और 7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर चलाया था
नई दिल्ली:

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कई तस्वीरें सामने आई थीं, जिनसे लग रहा था कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के किराना हिल्स पर भी हमला किया है. किराना हिल्स वो जगह है, जहां पाकिस्तान के परमाणु हथियारों का जखीरा रखा रहता है. इसे लेकर अब वायुसेना ने बड़ा बयान दिया है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के किराना हिल्स पर हुए हमलों के बारे में पूछे जाने पर वाइस एयर चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने कहा कि हमने इसके बारे में नहीं पता. किराना हिल्स पर हुए हमलों के वीडियो उनके लोगों ने बनाए थे.

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 6-7 मई की रात को 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच 4 दिन तक सैन्य टकराव भी हुआ था. आखिरकार पाकिस्तान की गुजारिश पर 10 मई को सीजफायर हो गया था. इस 4 दिन तक चले ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को जमकर नुकसान पहुंचाया था. 

भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस समेत कई सैन्य ठिकानों पर भी हमला किया था. भारतीय सेना ने किराना हिल्स पर हमले की बात को नकार दिया था. 

किराना हिल्स पर हमले पर क्या बोली वायुसेना?

किराना हिल्स पर हमले की बात को वायुसेना ने एक बार फिर खारिज कर दिया है. वाइस एयर चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने कहा कि 'हमने टेरर इंफ्रास्ट्रक्चर और उनके कई मिलिट्री ठिकानों पर हमला किया था. ये बिल्कुल सच है.'

उन्होंने आगे कहा, 'अगर आप कोई वीडियो देखते हैं, चाहे वह ओपन सोर्स हो या उनका बनाया हो या फिर वो क्या दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, हमें नहीं पता. हमने कुछ किया या नहीं, या धमाका वहां किसी बगावत या किस हथियार से हुआ, हमें इन सबके बारे में नहीं पता. किराना हिल्स के वीडियो उनके लोगों ने बनाए थे, हमने कुछ नहीं किया. हमने सिर्फ टेरर और मिलिट्री ठिकानों पर हमला किया.'

क्या था ऑपरेशन सिंदूर?

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर की पहलगाम घाटी में आतंकी हमला हुआ था. आतंकियों ने वहां घूमने आए पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी. इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे. इस हमले के कुछ दिन बाद 6 और 7 मई की रात को भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था. ये ऑपरेशन 25 मिनट तक चला था. इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और PoK में बने 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया था. इसमें जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयार और हिज्बुल मुजाहिद्दीन के आतंकी ठिकाने शामिल थे. 

इसके बाद बौखलाकर पाकिस्तान ने भारत पर हमला करने की कोशिश की थी. लेकिन भारत ने उसकी हालत खराब कर दी. भारत ने पाकिस्तान के दर्जनभर एयरबेस पर हमला कर उसे तहस-नहस कर दिया. आखिरकार 10 मई को पाकिस्तान ने सीजफायर की गुजारिश की, जिसके बाद दोनों देश गोलीबारी रोकने पर सहमत हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Operation Sindoor, India Attack On Pakistan, India Pakistan, Operation Sindoor Pakistan, Kirana Hills Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com