विज्ञापन
This Article is From May 09, 2017

स्‍पॉट फिक्सिंग मामले में शारजील खान और खालिद लतीफ के खिलाफ पुख्‍ता सबूत: PCB

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के कानूनी सलाहकार तफज्जुल रिज्वी ने कहा है कि स्‍पॉट फिक्सिंग मामलों में पाकिस्तानी बल्लेबाजों शारजील खान और खालिद लतीफ के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं.

स्‍पॉट फिक्सिंग मामले में शारजील खान और खालिद लतीफ के खिलाफ पुख्‍ता सबूत: PCB
पीसीबी ने कहा है कि शारजील और खालिद लतीफ पंचाट को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं (फाइल फोटो)
कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी )के कानूनी सलाहकार तफज्जुल रिज्वी ने कहा है कि स्‍पॉट फिक्सिंग और अन्य मामलों में पाकिस्तानी बल्लेबाजों शारजील खान और खालिद लतीफ के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं. रिज्वी ने कहा कि टेलीफोन पर हुई बातचीत, एसएमएस आदि के रूप में उपलब्ध साक्ष्यों का फोरेंसिक परीक्षण हो चुका है और ये खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई और स्‍पॉट फिक्सिंग आरोपों की सुनवाई के लिए बनाई गई पंचाट के सामने सब कुछ साबित करने के लिए पर्याप्त हैं.

रिज्वी का मानना है कि दोनों खिलाड़ी पंचाट को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. दोनों खिलाड़ियों के वकीलों ने कहा है कि पीसीबी के पास उनके मुवक्किल के खिलाफ अपर्याप्त साक्ष्य हैं लेकिन रिज्वी ने जोर देकर कहा कि दोनों खिलाड़ियों को सजा देने के लिए साक्ष्य ठोस और पर्याप्त हैं. इस बीच पीसीबी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई ने आलराउंडर मोहम्मद नवाज को भी 11 मई को पूछताछ के लिए तलब किया है. इस बात की संभावना है कि मामले में इन दोनों क्रिकेटरों पर भी कार्रवाई हो सकती है.

गौरतलब है कि इससे पहले, पीएसएल मामले में स्‍पॉट फिक्सिंग की शिकायत के बाद पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान पर एक साल का  बैन लगा दिया गया था. इरफान पर दस लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है. इरफान को बुकी ने ऑफर किया था लेकिन इसकी जानकारी उन्होंने बोर्ड को नहीं दी थी. इरफान के एक साल के बैन में आधा निलंबित होगा. इसका मतलब यह है कि वो इस बैन को दो हिस्सों में पूरा करेंगे. पहला छह महीने तक चलेगा. उसके बाद रिव्यू किया जाएगा. अगर वो सारे नियमों का पालन करते हैं, तो उसके बाद छूट दी जा सकती है. इरफान अगले छह महीने तक किसी भी तरह की क्रिकेट का हिस्सा नहीं हो पाएंगे. उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी निलंबित रहेगा.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Enough Evidence, Sharjeel Khan, Khalid Latif, Spot-fixing, PCB
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com