विज्ञापन
This Article is From Dec 14, 2017

एशेज: इंग्‍लैंड के एलिस्‍टर कुक ने हासिल की यह उपलब्धि, इस मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा

एशेज सीरीज के अंतर्गत पर्थ में आज से प्रारंभ हुआ तीसरा टेस्‍ट इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान एलिस्‍टर कुक के साथ एक उपलब्धि जोड़ गया.

एशेज: इंग्‍लैंड के एलिस्‍टर कुक ने हासिल की यह उपलब्धि, इस मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा
एलिस्‍टर कुक ने पदार्पण के बाद केवल 11 साल 288 दिन में 150वां टेस्ट मैच खेला (फाइल फोटो)
पर्थ: एशेज सीरीज के अंतर्गत पर्थ में आज से प्रारंभ हुआ तीसरा टेस्‍ट इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान एलिस्‍टर कुक के साथ एक उपलब्धि जोड़ गया. कुक के करियर का यह 150वां टेस्‍ट था. इसके साथ ही वे 150 टेस्ट के क्‍लब में शामिल होने वाले दुनिया के आठवें और इंग्लैंड के पहले क्रिकेटर बन गए हैं. भारत के खिलाफ मार्च 2006 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले कुक सबसे कम समय में इस मुकाम पर पहुंचे हैं. उन्होंने अपने पदार्पण के बाद केवल 11 साल 288 दिन में 150वां टेस्ट मैच खेला. बाएं हाथ के इस आकर्षक बल्लेबाज ने भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने पदार्पण के बाद 150वें टेस्ट के मुकाम पर पहुंचने के लिये 14 साल 200 दिन लिए थे.

यह भी पढ़ें: केविन पीटरसन ने एलिस्‍टर कुक की बैटिंग पर उठाए सवाल

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर सबसे पहले 150 टेस्ट मैच खेलने वाले क्रिकेटर बने थे. वैसे सबसे अधिक टेस्ट खेलने का रिकार्ड भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम पर है जिन्होंने 200 टेस्ट खेले हैं. कुक से पहले जिन खिलाड़ियों ने 150 या इससे अधिक टेस्ट मैच खेले उनमें तेंदुलकर (200), रिकी पोंटिंग (168), स्टीव वॉ (168), जैक्‍स कैलिस (166), शिवनारायण चंद्रपाल (164), राहुल द्रविड़ (164) और बोर्डर (156) शामिल हैं. कुक का यह लगातार 147वां टेस्ट मैच है, लेकिन विश्व रिकार्ड की बराबरी करने के लिए उन्हें लगातार छह टेस्ट मैच और खेलने होंगे. यह रिकॉर्ड ऑस्‍ट्रेलिया के एलन बॉर्डर के नाम पर है जिन्होंने लगातार 153 टेस्ट मैच खेले.

वीडियो: पुजारा बोले, धोनी और विराट के बीच जीत की भूख है कॉमन
गौरतलब है कि कुक टेस्‍ट क्रिकेट में 11 हजार से अधिक रन बना चुके हैं, इसमें 31 शतक और 55 अर्धशतक शामिल हैं. उनका बल्‍लेबाजी औसत (45.84) भी बेहतरीन रहा है.हालांकि वर्तमान एशेज सीरीज में अब तक उनका बल्‍ला खामोश ही रहा है. कुकसीरीज में अब तक 13.80 की औसत से केवल 69 रन ही बना पाए हैं.(इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ashes Series, Alastair Cook, 150th Test
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com