England vs India 3rd T20I: नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भारत को इंग्लैंड के हाथों 125 रनों से बुरी हार का सामना करना पड़ा. यह T20I के इतिहास में रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी हार थी. 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई. इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने भारत की पूरी टीम सिर्फ 76 रनों पर सिमट गई. इस हार के बाद पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक समेत अन्य दिग्गजों ने टीम इंडिया के प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं.
दरअसल, मैनेजमेंट ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल के आउट होने के बाद दुबे की जगह हर्षित को भेज दिया. इस दौरान कमेंट्री कर रहे कार्तिक टीम के फैसले से हैरान रह गए और उन्होंने दुबे पर मैनेजमेंट के भरोसे पर सवाल उठाए. इस समय भारत का स्कोर 52/5 था.
मैनेजमेंट के फैसले पर कार्तिक ने उठाए सवाल
कार्तिक को ऑन-एयर यह कहते हुए सुना गया, "क्या आप सच में ऐसा कर रहे हैं? शिवम दुबे से पहले हर्षित राणा? आप मजाक तो नहीं कर रहे?" दुबे कुछ ओवर बाद बैटिंग करने आए, लेकिन कोई खास असर नहीं दिखा पाए. जोश टंग ने उन्हें चार गेंदों पर दो रन के स्कोर पर आउट कर दिया. कार्तिक को दुबे को रोके रखने का फैसला समझ नहीं आया. उन्होंने कहा, "क्या उन्हें (टीम मैनेजमेंट को) दुबे पर इतना भरोसा नहीं है कि वे उन्हें इस स्टेज पर भेज सकें? इसके बजाय, उन्होंने उनसे पहले हर्षित राणा को भेज दिया. मुझे नहीं लगता कि यह सही तरीका है."
अब इंडिया के लिए जवाब खोजने का समय
इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया की बुरी हार पर पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी हैरानी जताई है. चोपड़ा ने कहा कि, लगातार 4 हार. अलग-अलग हालात, अलग-अलग कॉम्बिनेशन,लेकिन सवाल वही हैं. अब टीम इंडिया के लिए जवाब खोजने का समय आ गया है. चोपड़ा ने कहा कि, " हम लगातार 16 टी20I सीरीज जीतते आए थे. दो लगातार वर्ल्ड कप जीतते आए थे, लेकिन अब इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में हम उस मुकाम पर आ गए हैं कि अंतिम दो मुकाबले जीतेंगे तभी ड्रॉ कर पाएंगे. जिस तरह का टीम इंडिया की बल्लेबाजी का हाल है लग नहीं रहा कि हम कोई मुकाबला जीत पाएंगे.
4 defeats in a row. Different conditions, different combinations... but the questions remain the same. Time for Team India to find answers. 🇮🇳🏏 #INDvsENG #TeamIndia pic.twitter.com/vQCjgQ5HOO
— Aakash Chopra (@cricketaakash) July 8, 2026
इंडिया की हार पर क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?
तीसरे T20 इंटरनेशनल मैच में इंग्लैंड के हाथों 125 रन की करारी हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम के प्रदर्शन को "बेहद खराब" बताया और कहा कि इतनी बड़ी हार "स्वीकार्य नहीं" है. अय्यर की कप्तानी में भारत अभी तक कोई T20 इंटरनेशनल मैच नहीं जीत पाया है. मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन सेरेमनी में अय्यर ने कहा, 'यह प्रदर्शन बहुत खराब था, इतने बड़े अंतर से हारना स्वीकार्य नहीं है. सबसे पहले, हमें हार को स्वीकार करना होगा और फिर से अपनी रणनीति पर काम करना होगा.
फिल सॉल्ट के दम पर दिया चुनौतीपूर्ण स्कोर
इंग्लैंड की ओर से फिल सॉल्ट ने 44 गेंदों में 70 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 201 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. जवाब में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के दबाव के आगे भारत की बैटिंग बिखर गई. 202 रनों का पीछा करते हुए, भारतीय टीम 11.4 ओवर में सिर्फ 76 रनों पर सिमट गई. इस शानदार जीत के साथ इंग्लैंड का सीरीज पर पूरा कब्जा हो गया है, जबकि सीरीज हार से बचने के लिए भारत को बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे. पहला मैच बारिश की वजह से रद्द होने के बाद, मेजबान टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं