Jaffer on Vaibhav Sooryavanshi: हाल ही में इंग्लैंड में खत्म हुई टी20 सीरज में टीम इंडिया के 4-0 से हुए सफाए के बाद हर पक्ष निशाने पर है. फिर चाहे ये खिलाड़ी हों या कोचिंग स्टॉफ या फिर BCCI. पूर्व दिग्गजों के बयान जारी है. सीरीज से पहले वैभव को लेकर बहुत ही ज्यादा शोर था. मौका दिया, तो शोर भी थम गया, लेकिन वैभव की नाकामी ने इस शोर को फिर से अर्श पर ला दिया. जितने मुंह, उतनी बातें. गावस्कर सहित एक वर्ग ने वैभव को आखिरी मैच में ड्रॉप करने पर खासी नाराजगी दिखाई, तो वहीं अब वसीम जाफर ने अलग सुर लगाते हुए कहा कि टीम प्रबंधन ने सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बहुत जल्दबाजी में खिलाने का पैसाल किया. जाफर का कहना है कि यह निर्णय क्रिकेट के तर्क से ज्यादा जनता के उत्साह और दबाव से प्रेरित था.
जाफर की यह टिप्पणी इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 मैच के लिए संजू सैमसन को वापस बुलाने के बाद आई है। इससे पहले, तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन बनाने के बाद 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी को टीम से बाहर कर दिया गया था. संजू ने सीरीज की शुरुआत की थी, लेकिन वैभव को खिलाने के लिए उन्हें दूसरे मैच के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था, हालांकि वे अंतिम मैच के लिए वापस आ गए.
जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मुझे लगता है कि हमने वैभव को शामिल करने में जल्दबाजी की. उनके इर्द-गिर्द बहुत अधिक मीडिया हाइप थी और जनता उन्हें खेलते हुए देखने के लिए बहुत भावुक थी. अन्यथा, मैंने पहले ही कहा था कि भारत को संजू सैमसन के साथ ही जारी रखना चाहिए था.' पूर्व ओपनर का मानना है कि वैभव को डेब्यू करने से पहले राष्ट्रीय सेटअप के साथ थोड़ा और समय बिताने देना चाहिए था. जाफर ने शीर्ष क्रम में टीम इंडिया द्वारा किए जा रहे लगातार बदलावों पर भी सवाल उठाए और कहा कि प्रबंधन किशोर खिलाड़ी के इर्द-गिर्द मची होड़ के प्रति प्रतिक्रिया दे रहा था. इसके विपरीत, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने वैभव के भविष्य को लेकर काफी भरोसा जताया. जियोहॉटस्टार से बात करते हुए, युवराज ने वैभव की तुलना टर्मिनेटर फिल्म फ्रेंचाइजी से की और उन्हें अपने और अभिषेक शर्मा के बाद सबसे उन्नत संस्करण (टर्मिनेटर 6) बताया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं