विज्ञापन

'उसे आयरलैंड में खिलाना चाहिए था', शास्त्री बोले जल्द से जल्द खिलाओ, पूर्व कोच ने बताई वजह

टीम इंडिया शनिवार को मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टी20 मुकाबला खेलने की तैयारी में जुटी है, तो आयरिश दौरे से वैभव को लेकर चला आ रहा सवाल फिर से सतह पर आ गया है

'उसे आयरलैंड में खिलाना चाहिए था', शास्त्री बोले जल्द से जल्द खिलाओ, पूर्व कोच ने बताई वजह

Ravi Shastri on Vaibhav sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी को लेकर महान दिग्गज सुनील गावस्कर ने हाल ही में खासा जोर देते हुए कहा था कि इस सुपरकिड को किसी भी खिलाड़ी की कीमत पर भारतीय XI में मौका मिलना चाहिए. वहीं, अब पूर्व कोच और टीम इंडिया के डायरेक्टर रह चुके रवि  शास्त्री ने कहा है वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू (अंतरराष्ट्रीय पदार्पण) करना चाहिए था. यहां हैरानी की बात यह है कि जहां स्पॉन्जी पिच पर आक्रामक शैली वाले बल्लेबाज को जोखिम बहुत ज्यादा होता है, उसी को लेकर शास्त्री ने कहा है कि वह इन पिचों पर बेहतर प्रदर्शन करते.  

सोनी स्पोर्ट्स पर शास्त्री ने कहा, 'अरे वो खेलना चाहिए था. आयरलैंड में खिलाना चाहिए था. वो स्लो ट्रैक था, स्पंजी ट्रैक था, वो छप्पर पे मारता उधर.  एक तो छोटा मैदान है. उसको उधर खिलाना था. अभी यहां पर खिलाएंगे कि नहीं, पता नहीं.' उन्होंने आगे कहा, 'आपको उसे जितनी जल्दी हो सके, खिलाना चाहिए. उसने आईपीएल में सभी की धुनाई की है, उसने किस तेज गेंदबाज को बख्शा है? आप उसे बेंच पर बैठाकर रख रहे हैं.'

उन्होंने कहा, 'आप उसे इसलिए खिलाएं क्योंकि वह एक एक्स-फैक्टर है. उसके ऊपर कोई दबाव नहीं है. उसके पास युवाओं वाला वो जोश और बेखौफ अंदाज है. वह आपको ऐसी बेहतरीन शुरुआत दे सकता है जिसका मध्यक्रम फायदा उठा सके. आपको टीम में उसके लिए जगह बनानी होगी. वे (भारतीय मैनेजमेंट) जितनी जल्दी ऐसा करेंगे, उतना ही बेहतर होगा.' इससे पहले सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने कहा था कि वैभव सूर्यवंशी को अपने डेब्यू के लिए चुने जाने से पहले बेंच पर थोड़ा इंतजार करना होगा.

सहायक कोच ने कही थी इंतजार की बात

जब टेन डोशेट से पूछा गया कि सूर्यवंशी अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू से कितनी दूर हैं, तो उन्होंने कहा,'वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है. लेकिन मुझे यह भी लगता है कि यह संजू सैमसन को बाहर रखने का सवाल नहीं है. एक ऐसा खिलाड़ी जिसने तीन महीने पहले भारत को विश्व कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई. एक ऐसा खिलाड़ी जिसका आईपीएल काफी अच्छा रहा है.'

उन्होंने आगे कहा, 'खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देने और हम खिलाड़ियों को क्या संदेश भेज रहे हैं, इस लिहाज से यह महत्वपूर्ण है. हम टीम में खिलाड़ियों को लंबा मौका देना चाहते हैं.  इसलिए आप जानते हैं कि वैभव जितने तैयार हैं और हम और आप उन्हें खेलते देखने के लिए जितने उत्साहित हैं, उन्हें भी हर किसी की तरह उसी प्रक्रिया से गुजरना होगा और अपना समय आने का इंतजार करना होगा. लेकिन निश्चित रूप से इस बात पर कोई सवाल नहीं है कि वह कितने शानदार खिलाड़ी हैं और कितने तैयार हैं.'

यह भी पढ़ें:  'कोच की बात समझ से परे', वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू नहीं होने से फूटा एबी डिविलियर्स का गुस्सा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ravi Shastri, India, England, England Vs India 07/04/2026 Enin07042026264912, Vaibhav Sooryavanshi, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com