चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दलीप ट्रॉफी का फाइनल मैच ईस्ट जोन ने जीत लिया है. ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन ने 13 साल का सूखा खत्म करते हुए खिताब को अपने नाम किया. साउथ जोन के खिलाफ फाइनल मुकाबले में पहली पारी के आधार पर हासिल की बढ़त के चलते ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया. इस जीत के बाद फैंस के मन में सवाल है कि खिताब जीतने वाली टीम को कितनी प्राइज मनी मिलती है.
दरअसल, ईस्ट जोन ने तीसरी बार दलीप ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम किया है. इससे पहले, टीम ने साल 2012-13 में आखिरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था. ईस्ट जोन का प्रदर्शन फाइनल मुकाबले में लाजवाब रहा. पहली पारी में ईस्ट जोन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 708 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए.
कप्तान ईशान किशन ने खेली यादगार पारी
कप्तान ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 270 रनों की यादगार पारी खेली. 334 गेंदों की अपनी इस पारी में ईशान ने 30 चौके और 7 छक्के लगाए. वहीं, कुमार कुशाग्र ने शतक लगाया और 132 गेंदों में 101 रनों का योगदान दिया. शिखर मोहन ने 85 रन बनाए, तो वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 37 गेंदों में 44 रन बनाए. अभिमन्यु ईश्वरन ने 86 गेंदों में 72 रनों का योगदान दिया. अनुकूल रॉय ने 45 और मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने 40 रन बनाए.
टीम को खिताब नहीं दिला सकी तिलक वर्मा की पारी
ईस्ट जोन द्वारा पहली पारी में बनाए गए 708 रनों के जवाब में साउथ जोन की टीम कप्तान तिलक वर्मा की 99 रनों की पारी के बावजूद 336 रन बनाकर ऑलआउट हुई. तिलक के अलावा, टीम की ओर से देवदत्त पडिक्कल ही कुछ हद तक लय में नजर आए और उन्होंने 62 रन बनाए, जबकि चमा मिलिंद ने 43 रन बनाकर आउट हुए.
मुकेश कुमार ने चटकाए 3 विकेट
गेंदबाजी में ईस्ट जोन की तरफ से मुकेश कुमार ने 3 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद शमी, कुरैशी और शिखर मोहन ने दो-दो विकेट निकाले. पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन ने 372 रनों की विशाल बढ़त हासिल की.
दूसरी पारी में भी ईस्ट जोन के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दमदार रहा. टीम ने मैच ड्रॉ होने के ऐलान से पहले 7 विकेट खोकर 388 रन बनाए. टीम की तरफ से ईशान किशन ने दूसरी इनिंग में भी बेहतरीन बैटिंग करते हुए 80 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं, मोहम्मद कौनेन कुरैशी 190 गेंदों में 116 रन बनाकर नाबाद रहे। अनुकूल रॉय ने 64 रनों का योगदान दिया, तो शिखर मोहन ने भी अर्धशतकीय पारी खेली.
दलीप ट्रॉफी फाइनल जीतने वाली टीम को कितनी मिलती है प्राइज मनी?
दरअसल, दलीप ट्रॉफी फाइनल जीतने वाली टीम को 1 करोड़ रुपए प्राइज मनी दी जाती है. इसके अलावा रनर-अप टीम को 50 लाख रुपए दिए जाते हैं. विजेता टीम को मिलने वाली रकम कप्तान को नहीं बल्कि पूरी टीम को पुरस्कार के तौर पर दी जाती है. बीसीसीआई ने साल 2023 में दलीप ट्रॉफी की विजेता टीम को मिलने वाली पुरस्कार राशि को 40 लाख रुपए से बढ़ाकर एक करोड़ रुपए कर दिया था, जबकि रनर-अप टीम की प्राइज मनी को 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए किया गया.
ये भी पढ़ें- 15 मेडल जीतने के बाद भी भारत नहीं बन सका नंबर-1, वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में किसका रहा दबदबा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं