विज्ञापन

यूपी: प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्स से गैंगरेप, मामा-भांजा ने ऑपरेशन थिएटर में कई बार की हैवानियत

इस घटना से तंग आकर पीड़िता ने अपने पति को पूरी जानकारी दी. पति ने आरोपी को फोन किया तो दबंग डॉक्टर ने पीड़िता के पति को ही धमका दिया.

यूपी: प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्स से गैंगरेप, मामा-भांजा ने ऑपरेशन थिएटर में कई बार की हैवानियत
पुलिस ने पीड़िता नर्स की शिकायत पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है.
NDTV

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक निजी अस्पताल की नर्स ने अस्पताल संचालक और उसके भांजे पर उसके साथ गैंगरेप का आरोप लगाया हैं. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैंगरेप और धमकी देने के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता के अनुसार, उसने 10 जुलाई 2026 को घाटमपुर के जहानाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम शुरू किया था. आरोप है कि अस्पताल संचालक सत्यम सैनी और उसका भांजा ललित सैनी शुरुआत से ही उसके साथ गलत व्यवहार करते थे. विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती थी.

इमरजेंसी डिलीवरी के बहाने बुलाया

शिकायत के मुताबिक 16 अगस्त को अस्पताल संचालक ने इमरजेंसी डिलीवरी का हवाला देकर नर्स को बुलाया. आरोप है कि उसे अस्पताल ले जाने के बजाय एक होटल में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसकी फोटो और वीडियो भी बनाए गए तथा उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया गया.

वीडियो दिखाकर किया जाता रहा ब्लैकमेल

पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद वीडियो के जरिए उसके साथ अस्पताल के ऑपरेशन रूम में लगातार ब्लैकमेल करके रेप किया गया. शिकायत में कहा गया है कि जब भी वह नौकरी छोड़ने या किसी को बताने की बात करती थी, उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी. उसका आरोप है कि अस्पताल के भीतर भी कई बार उसके साथ गलत हरकतें की गईं. डर और सामाजिक बदनामी के कारण वह लंबे समय तक चुप रही.

पति को बताई आपबीती

पीड़िता के अनुसार 1 सितंबर को उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी. पति ने आरोपी को फोन किया तो दबंग आरोपी ने पीड़िता के पति को ही धमका दिया. इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया. शिकायत मिलने के बाद घाटमपुर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल

पुलिस ने बताया कि जहानाबाद रोड स्थित क्लीनिक में युवती के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलने के बाद तहरीर लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई करते हुए अस्पताल संचालक और उसके भांजे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें- ससुर पर बरसते रहे चाकू और पार्टी में डांस करती रही कातिल बहू शालू, गाना लगवाया- तुम तो धोखेबाज हो...

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanpur News, Gang-rape Case, Kanpur Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com