कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में सोमवार को ध्रुव जुरेल ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया. 99 के स्कोर पर पहुंचकर जुरेल ने अपने शतक के लिए 14 गेंद ली और टेस्ट करियर की दूसरी सेंचुरी पूरी की.साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ हार्दिक के शतक के बाद यह लंकाई धरती पर किसी भारतीय बल्लेबाज की नंबर-7 पर आकर लगाई गई पहली सेंचुरी है. जहां पहला दिन पडिक्कल के नाम रहा तो दूसरा दिन जुरेल के. जुरेल के शतक के बाद भारत ने 503 के स्कोर पर पारी घोषित की. जुरेल 115 रन बनाकर नाबाद रहे और इसके साथ ही उन्होंने एक खास रिकॉर्ड लिस्ट में जगह बनाई.
ध्रुव जुरेल अब श्रीलंका में विदेशी बल्लेबाज के तौर पर नंबर-7 या उससे नीचे बैटिंग के लिए आने के बाद चौथा सर्वाधिक स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंनेकर्टिस कैम्फर को पीछे छोड़ा है. इस आइरिश बल्लेबाज ने 2023 में 111 रनों की पारी खेली थी. जबकि लिस्ट में पहले स्थान पर न्यूजीलैंड के पूर्व स्टार रिचर्ड हैडली हैं. रिचर्ड हैडली ने 1987 में इसी मैदान पर नाबाद 151 रनों की पारी खेली थी.
श्रीलंका में नंबर 7 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज़
- 151* - रिचर्ड हैडली (न्यूजीलैंड), कोलंबो (SSC), 1987
- 140 - डैनियल विटोरी (न्यूजीलैंड), कोलंबो (SSC), 2009
- 132* - सलमान आगा (पाकिस्तान), कोलंबो (SSC), 2023
- 115* - ध्रुव जुरेल (भारत), कोलंबो (SSC), 2026
- 111 - कर्टिस कैम्फर (आयरलैंड), गॉल, 2023
दूसरे दिन के बाद भारत ड्राइविंग सीट पर
दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के बाद भारत ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. बारिश से प्रभावित मुकाबले में टीम इंडिया ने पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की और दिन की समाप्ति तक श्रीलंकाई टीम के 2 विकेट चटकाए. रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की. भारत ने 66 के स्कोर तक केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे. केएल राहुल 33 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जायसवाल ने 9 चौकों के साथ 45 रन बनाए.
यहां से देवदत्त पड्डिकल ने मोर्चा संभाला, उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रन जोड़े। गिल ने 50 रन बनाए. उनकी इस पारी में 6 चौके शामिल रहे. पंत पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे. उन्होंने 15 गेंदों का ही सामना किया था, इस बीच कलाई की चोट के कारण पहले दिन मैदान से वापस लौटना पड़ा. इसके बाद रवींद्र जडेजा (43) ने पड्डिकल के साथ 74 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. पड्डिकल 12 चौकों के साथ 117 रन बनाकर आउट हुए.
मुकाबले के दूसरे दिन (सोमवार) बारिश के चलते खेल बार-बार रुका. इस बीच पंत एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए उतरे और ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन जुटाए. पंत 8 बाउंड्री के साथ 63 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जुरेल ने 11 बाउंड्री के साथ 115 रन की नाबाद पारी खेली. दिन की समाप्ति तक श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 3 ओवरों का सामना किया और 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 8 रन बनाए. प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरु उडारा (1) को अपना शिकार बनाया, जिसके बाद मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या (2) को आउट किया. फिलहाल, श्रीलंकाई टीम भारत से 495 रन पीछे है.
यह भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल के बाद अब श्रीलंका के बल्लेबाज ने खोया आपा, अंपायर के आउट दिए जाने पर मचाया बवाल
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप से भारत बाहर, दूसरी बार खिताब जीतने का टूटा सपना, अर्जेंटीना ने 5-3 से हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं