Smartphone बाजार में अब कंपनियां सिर्फ कैमरा और प्रोसेसर पर ही नहीं, बल्कि बैटरी बैकअप और फोन की मजबूती पर भी ध्यान दे रही हैं. इसी कड़ी में vivo ने हाल ही में भारत में अपना नया S2 FE 5G स्मार्टफोन पेश किया है. इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh की बैटरी है. इसके अलावा इसमें 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट, 50MP Sony कैमरा और IP68/IP69 रेटिंग मिलती है.
vivo S2 FE को उन लोगों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जो दिनभर फोन का इस्तेमाल करते हैं और बार-बार चार्जिंग की परेशानी से बचना चाहते हैं. हालांकि, बड़ी बैटरी के साथ फोन का वजन भी बढ़ जाता है. वहीं, 44W चार्जिंग और सिर्फ दो रियर कैमरों वाला सेटअप इस फोन को लेकर कुछ सवाल खड़े करता है. इसकी शुरुआती कीमत 38,999 रुपये है. ऐसे में ये जानना जरूरी है कि फोन की खूबियां इसकी कीमत को सही ठहराती हैं या नहीं. आइए आपको इसका पूरा रिव्यू बताते हैं.
vivo S2 FE की कीमत और उपलब्धता
vivo S2 FE को भारत में दो वेरिएंट में पेश किया गया है. दोनों में 128GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है. 6GB रैम की वाले वेरिएंट की कीमत 38,999 रुपये है जबकि 8GB रैम वाला वेरिएंट 42,999 रुपये में आता है. इस स्मार्टफोन को आप Stellar Green, Titan Black और Zen White कलर में ऑप्शन में खरीद सकते हैं. लॉन्च ऑफर के तहत इस पर बैंक ऑफर्स और दूसरी छूट दी जा रही है.
डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
vivo S2 FE का डिजाइन प्रीमियम स्मार्टफोन जैसा है. इसके सामने पंच-होल डिस्प्ले और पीछे चौकोर आकार का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है. फोन के पिछले हिस्से में प्लास्टिक कंपोजिट फिनिश मिलती है. इसकी मोटाई केवल 8.59mm है, जबकि वजन 224 ग्राम है. 10,000mAh बैटरी होने की वजह से फोन थोड़ा सा भारी लग सकता है. खासतौर पर लंबे समय तक वीडियो देखने या एक हाथ से इस्तेमाल में ये फील होता है. फोन को IP68 और IP69 रेटिंग मिली है. इसका मतलब है कि इसे धूल और पानी से सुरक्षा के लिए डिजाइन किया गया है. इसका भी हमने टेस्ट किया और फोन इस मामले में खरा उतरता है.

यह भी पढ़ें | 25 KM/L से ज्यादा माइलेज, कीमत 4.77 लाख से शुरू, टॉप सस्ती ऑटोमैटिक कारें, दिवाली में ले आएं घर
1.5K AMOLED स्क्रीन फोन की बड़ी ताकत
vivo S2 FE में 6.83 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलता है. इसका रिजॉल्यूशन 2800×1260 पिक्सल है. ये 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. कंपनी के अनुसार, स्क्रीन की ब्राइटनेस हाई ब्राइटनेस मोड में 2,000 निट्स तक जाती है. इस स्क्रीन का सबसे बड़ा फायदा इसका आकार, रिजॉल्यूशन और AMOLED पैनल का कंबीनेशन है. AMOLED तकनीक की वजह से डीप कलर और बेहतर कॉन्ट्रास्ट मिलता है. साथ में 120Hz रिफ्रेश रेट स्क्रॉलिंग और स्क्रीन पर मूवमेंट को स्मूद बना देता है. इससे गेमिंग और मूवी देखने में अच्छा एक्सपीरियंस मिलता है.
कैसी ही परफॉर्मेंस?
फोन में MediaTek Dimensity 7300e प्रोसेसर दिया गया है. यह 6nm प्रोसेस पर आधारित ऑक्टा-कोर चिपसेट है, जिसमें चार कोर 2.5GHz तक और चार कोर 2.0GHz तक की क्लॉक स्पीड पर काम करते हैं. ग्राफिक्स के लिए Mali-G610 MC2 GPU मिलता है. सोशल मीडिया, मैसेजिंग, वेब ब्राउजिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और जनरल मल्टीटास्किंग जैसे कामों में आपको कोई दिक्कत नहीं होगी.

इसमें 3,800 स्क्वायर मिलीमीटर का वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है. इसका काम प्रोसेसर से निकलने वाली हीट को फैलाने और तापमान कंट्रोल करने में मदद करना है. गेम ठीक-ठाक चल जाते हैं. लेकिन, आप इस पर लंबे समय तक गेमिंग नहीं कर सकते हैं. गेमिंग के दौरान फोन गर्म होता है. हमने इस पर Call oF Duty Mobile ट्राई किया लेकिन लगभग आधे घंटे के बाद ही फोन गरम होने लगा.
50MP Sony सेंसर के साथ 32MP सेल्फी कैमरा
vivo S2 FE में पीछे की तरफ दो कैमरे मिलते हैं. इसका प्राइमरी कैमरा 50MP का है. इसके साथ 2MP का सेकेंडरी डेप्थ सेंसर दिया गया है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा मिलता है. रियर कैमरे के साथ आपको ज्यादा परेशानी नहीं होगी. ये क्वालिटी वाली फोटो, कलर और डेप्थ के साथ क्लिक करता है. हालांकि, रात में थोड़ी डिटेलिंग में परेशानी होती है. जबकि फ्रंट में दिया सेल्फी कैमरा सोशल मीडिया पर डालने लायक फोटो तो क्लिक कर ही देता है. हालांकि, स्किन टोन, डायनामिक रेंज औरचेहरे की डिटेल कम रोशनी में अच्छी नहीं आती है.
10,000mAh की बैटरी है प्लस प्वाइंट
vivo S2 FE की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh की बैटरी है. ये बाकी फोन की तुलना में काफी बड़ी है. कंपनी ने सिलिकॉन-एनोड बैटरी तकनीक का इस्तेमाल किया है और 1,400 फुल चार्ज साइकल के बाद कम से कम 80 प्रतिशत बैटरी क्षमता बने रहने का दावा किया है. फोन सिंगल चार्ज पर आराम से 2 दिन का बैकअप निकाल देता है. इससे ज्यादा ट्रैवल करने वाले को ये काफी पसंद आ सकता है. हालांकि, इसको चार्ज होने में लगभग 1 घंटा 5 मिनट का समय लगता है.

सॉफ्टवेयर और कनेक्टिविटी
vivo S2 FE में Android 16 पर आधारित OriginOS 6 मिलता है. इंटरफेस ठीक-ठाक है. हालांकि, कुछ ऐप का अनइंस्टॉल ना होना परेशान कर सकता है. सिक्योरिटी कि लिए इसमें इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है. कनेक्टिविटी के लिए 5G, Bluetooth 5.4 और एक USB Type-C पोर्ट मिलता है. इसमें स्टीरियो स्पीकर भी दिए गए हैं, जिससे वीडियो देखने और गेम खेलने के दौरान ऑडियो अनुभव बेहतर हो जाता है.
क्या vivo S2 FE खरीदना चाहिए?
vivo S2 FE के जरिए कंपनी वैसे कस्टमर्स को टारगेट कर रही है जिनका फोकस बैटरी है. अगर आप मूवी, सोशल मीडिया जैसे कामों के लिए एक ऐसा फोन चाहते हैं जिसे आपको बार-बार चार्ज नहीं करना पड़े तो आप इसके साथ जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें | सिर्फ ₹1 का फर्क, Airtel के इस प्लान में ऑफर्स की झड़ी, अनलिमिटेड कॉल-डेटा और कई फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं