Deepti Sharma Wicket Record, Women's T20 WC 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. दीप्ति ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा विकेट लेने के मामले में भारत की ही पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. दीप्ति शर्मा ने यह ऐतिहासिक कारनामा लीड्स के मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे ग्रुप मैच के दौरान किया. इस मुकाबले में दीप्ति ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट चटकाया.
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी
इस विकेट को हासिल करते ही दीप्ति शर्मा और झूलन गोस्वामी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 355-355 विकेट लेकर संयुक्त रूप से बराबरी पर आ गई हैं. महिला क्रिकेट इतिहास में इन दोनों भारतीय दिग्गजों के बाद इंग्लैंड की कैथरीन साइवर-ब्रंट (335 विकेट), ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (332 विकेट), इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन (327 विकेट) और दक्षिण अफ्रीका की शबनीम इस्माइल (318 विकेट) का नाम आता है.
दीप्ति शर्मा के तीनों फॉर्मेट के आंकड़े
दीप्ति शर्मा का रिकॉर्ड तीनों ही फॉर्मेट में बेहद कमाल का रहा है. वनडे (ODI) क्रिकेट में उन्होंने अब तक 124 मैच खेले हैं, जिसमें 166 विकेट लेकर वह झूलन गोस्वामी (255 विकेट) के बाद भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज हैं. वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) क्रिकेट की बात करें तो दीप्ति पूरी दुनिया में 146 मैचों में 167 विकेट चटकाकर सबसे आगे यानी नंबर वन पर काबिज हैं. इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए खेले 6 टेस्ट मैचों में भी 22 विकेट अपने नाम किए हैं.
मंधाना और शेफाली के तूफान से बना वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा स्कोर
इस मैच में नीदरलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था, जो उनके लिए बेहद भारी साबित हुआ. भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 74 रनों की विस्फोटक पारी खेली. दूसरे छोर से शेफाली वर्मा ने भी धाकड़ बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 10 चौकों के साथ 55 रन कूट डाले. इन दोनों की पारियों के दम पर भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.
श्री चरणी और गेंदबाजों ने नीदरलैंड को 114 रन पर समेटा
210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम एक समय पर 96 रन पर 4 विकेट खोकर खेल रही थी. लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया और डच टीम को 114 रन पर ऑल-आउट कर दिया. भारत की तरफ से श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा ने गेंदबाजी में भी हाथ दिखाते हुए 20 रन देकर 3 विकेट लिए. इसके अलावा नंदनी को 22 रन पर 2 विकेट मिले. इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारतीय टीम 4 अंकों के साथ ग्रुप ए (Group A) की अंक तालिका में सबसे टॉप पर पहुंच गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं