रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 39वें मैच को 9 विकेट से जीता. महज 76 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 6.3 ओवरों में जीत दर्ज की. बेंगलुरु ने 81 गेंद रहते यह मुकाबला अपने नाम किया. इसी के साथ आरसीबी आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक गेंदें शेष रहते मुकाबला जीतने के मामले में 'नंबर-2' टीम बन गई है. गेंद के लिहाज से आईपीएल की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के नाम है, जिसने साल 2008 में कोलकाता नाइट राडइर्स (केकेआर) के विरुद्ध 68 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 87 गेंदें शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया था.
इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स 16.3 ओवरों में महज 75 रन पर सिमट गई. यह दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल में तीसरा न्यूनतम स्कोर रहा. यह टीम साल 2017 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ महज 66 रन पर ढेर हो चुकी है. साल 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब ने डीसी को महज 67 रन पर समेट दिया था. यह बेंगलुरु के खिलाफ किसी विपक्षी टीम का तीसरा न्यूनतम ऑलआउट स्कोर था. साल 2009 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की टीम आरसीबी के विरुद्ध महज 58 रन पर सिमट गई थी. साल 2023 में आरआर सिर्फ 59 रन पर ढेर हुई थी.
IPL में सफल चेज़ में सबसे ज़्यादा गेंदें बचीं
- 87 - मुंबई बनाम कोलकाता, वानखेड़े, 2008 (टारगेट: 68)
- 81 - बेंगलुरु बनाम दिल्ली, दिल्ली, 2026 (टारगेट: 76)*
- 76 - कोच्चि टस्कर्स बनाम राजस्थान, इंदौर, 2011 (टारगेट: 98)
- 73 - पंजाब बनाम दिल्ली, मोहाली, 2017 (टारगेट: 68)
- 72 - हैदराबाद बनाम बेंगलुरु, ब्रेबोर्न, 2022 (टारगेट: 69)
इस मुकाबले के साथ आरसीबी किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक आईपीएल मैच जीतने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. बेंगलुरु ने दिल्ली के विरुद्ध 21वां आईपीएल मैच जीता है. इस मामले में उसने चेन्नई सुपर किंग्स बनाम बेंगलुरु (21 जीत), कोलकाता बनाम पंजाब किंग्स (21 जीत), मुंबई बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (21 जीत), मुंबई बनाम दिल्ली (21 जीत) और चेन्नई सुपर किंग्स बनाम कोलकाता (21 जीत) की बराबरी कर ली है. इस लिस्ट में मुंबई शीर्ष पर है, जिसने कोलकाता के विरुद्ध 25 मैच जीते हैं.
अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसी महज 8 रन तक अपने 6 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से अभिषेक पोरेल (30) और डेविड मिलर (19) ने जैसे-तैसे टीम को 75 रन तक पहुंचाया. विपक्षी खेमे से जोश हेजलवुड ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट हासिल किए. इसके जवाब में आरसीबी ने 6.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. देवदत्त पड्डिकल 13 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि विराट कोहली ने 15 गेंदों में 23 रन की नाबाद पारी खेली.
यह भी पढ़ें: DC vs RCB IPL 2026: धमाकेदार जीत के बाद भुवनेश्वर-हेडलवुड को लेकर क्या बोले RCB कप्तान?
यह भी पढ़ें: DC vs RCB IPl 2026: 'समझ नहीं आ रहा कि हुआ क्या...' दिल्ली के 75 पर ऑल-आउट होने पर अक्षर पटेल ने बताया कहां हुई चूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं