Highest individual score by an Indian batter in IPL history: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में केएल राहुल ने कोहराम मचा दिया. उन्होंने आईपीएल के इतिहास में वो कारनामा कर दिखाया, जो उनसे पहले कोई भारतीय नहीं कर पाया था. केएल राहुल आईपीएल इतिहास में ऐसे पहले भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 150 का स्कोर पार किया. दाएं हाथ का यह विकेटकीपर अब आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गया है. उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने पिछले सीजन पंजाब के ही खिलाफ 141 रनों की पारी खेली थी. केएल राहुल ने इस मुकाबले में 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था और आखिरी तक वह नाबाद रहे.
केएल राहुल का आईपीएल का सबसे तेज शतक
केएल राहुल ने इस मुकाबले में सिर्फ 47 गेंदों में शतक ठोका. यह उनका आईपीएल का छठा शतक रहा और बीते पांच के मुकाबले यह सबसे कम गेंदों पर आया. इससे पहले उनका सबसे तेज शतक 56 गेंदों पर आया था, जो 2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगाया था. केएल ने अपने शतक के दौरान 12 चौके और 5 छक्के लगाए थे. इसके अलावा केएल राहुल अ्पने टी20 करियर में दूसरी बार 50 से कम गेंदों में शतक बनाने में सफल हुए हैं.
केएल राहुल ने बनाए ये बड़े रिकॉर्ड भी
केएल राहुल आईपीएल इतिहास के केवल तीसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 150 से अधिक रन बनाए हैं. उनसे पहले केवल ब्रैंडन मैक्कुलम और क्रिस गेल ने ऐसा किया था.
केएल राहुल अब आईपीएल इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
केएल राहुल अब आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बन गए हैं.
केएल राहुल अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. उन्होंने ऋषभ पंत को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 128 रन बनाए थे. इसी मैदान पर 2018 में.
केएल राहुल अब आईपीएल में सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में क्रिस गेल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं.
केएल राहुल अब दिल्ली के लिए सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शिखर धवन और डेविड वॉर्नर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं.
यह भी पढ़ें: DC vs PBKS, IPL 2026: किस्मत हो तो अक्षर पटेल जैसी...दिल्ली ने जीता लगातार 9वां टॉस, इस रिकॉर्ड लिस्ट में टॉप पर
यह भी पढ़ें: DC vs PBKS, IPL 2026: 6,4,4,4,4,6...नीतीश राणा ने मचाया कोहराम, एक ओवर में कूटे 28 रन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं