CSK vs MI, IPL 2020 : आईपीएल 2020 (IPL 2020) के मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स को आज ऐसी शर्मनाक हार मिली जो उसे लंबे समय तक सालती रहेगी. पूरी तरह एकतरफा रहे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने उसे 10 विकेट के बड़े अंतर से पराजित (CSK vs MI) किया. सीएसके के बॉलर्स की 'चकाचक धुलाई' करते हुए मुंबई इंडियंस के ओपनरों ने चौकों-छक्कों की बरसात की और 12.2 ओवर में ही टीम को 115 रन के टारगेट तक पहुंचा दिया. ओपनर ईशान किशन ने जहां 37 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन ठोके, वहीं क्विंटन डिकॉक ने 37 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 46 रन की पारी खेली. इन दोनों बल्लेबाजों की तूफानी पारी के चलते MI की टीम 46 गेंद पहले ही लक्ष्य तक पहुंच गई. बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों ही मोर्चो पर सीएसके की टीम फिसड्डी साबित हुई. MI के कार्यकारी कप्तान किरेन पोलार्ड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. पहले बैटिंग करते हुए सीएसके टीम 20 ओवर्स में 9 विकेट खोकर 114 रन का छोटा सा स्कोर ही बना पाई जिसे MI ने बिना किसी परेशानी के बगैर विकेट खोए हासिल कर लिया. आज की इस धमाकेदार जीत के बाद मुंबई इंडियंस की टीम प्वाइंट्स टैली में पहले स्थान पर आ गई है.MI के 10 मैचों में सात जीत और तीन हार के साथ 14 अंक हैं. दिल्ली कैपिटल्स के भी 14 ही अंक हैं लेकिन नेट रनरेट के मामले में MI से पीछे रहने के कारण वह दूसरे स्थान पर है. चेन्नई की बात करें तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है. टीम के 11 मैचों में केवल तीन जीत के साथ छह अंक हैं. 18 रन देकर चार विकेट लेने वाले MI के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किए गए.
पहले बैटिंग करते हुए सीएसके के सभी बल्लेबाजों ने आज बुरी तरह से निराश किया और 20 ओवर्स में टीम 114 रन ही बना पाई. तिहरी रनसंख्या तक पहुंचने के लिए भी CSK को निचले क्रम के बल्लेबाज सैम कुरेन (52 रन, 47 गेंद, चार चौके और दो छक्के) और इमरान ताहिर (नाबाद 13 रन) का शुक्रगुजार होना चाहिए जिन्होंने नौवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े. कुरैन पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए. शारजाह मैदान पर मुंबई इंडियंस के कार्यकारी कप्तान किरेन पोलार्ड ने टॉस जीता और गेंदबाजी चुनी. हैमस्ट्रिंग इंजुरी के कारण रोहित शर्मा इस मैच में नहीं खेले. मैच में सीएसके की पारी की शुरुआत निराशाजनक रही. पहले ओवर में ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ और दूसरे ओवर में लगातार गेंदों पर अंबाटी रायुडु और एन.जगदीसन आउट हो गए. विश्वसनीय फाफ डु प्लेसिस (1), रवींद्र जडेजा (7) और कप्तान एमएस धोनी (16) भी सस्ते में लौट गए. हालत यह थी कि 71 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के आठ बल्लेबाज आउट हो चुके थे. मुश्किल के इस वक्त में सैम कुरेन ने दिखाया कि विकेट में ऐसा कुछ नहीं है कि रन न बनाए जा सकें. उन्होंने इमरान ताहिर के साथ मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया. MI के लिए ट्रेंट बोल्ट ने चार विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह और राहुल चार को दो-दो विकेट मिले..( Scorecard)