KKR vs CSK IPL 2026 Match Preview; Playing 11, Weather: आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में मंगलवार को एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ होगी. सीएसके ने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराते हुए जीत का खाता खोला है. चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार रहा था. टूर्नामेंट में अब तक पहली बार सीएसके की सलामी जोड़ी अच्छी लय में दिखाई दी थी. संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े थे. संजू बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने अपने आईपीएल करियर का चौथा शतक लगाया था. विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 56 गेंदों में 115 रनों की दमदार पारी खेली थी.
वहीं, आयुष म्हात्रे ने 36 गेंदों में 59 रन बनाए थे. गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने शानदार स्पेल डालते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे, जबकि अंशुल कंबोज ने 3 विकेट निकाले थे. दूसरी ओर, केकेआर अंक तालिका में सबसे नीचे है. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर को इस सीजन की अपनी पहली जीत की अभी भी तलाश है. 4 मुकाबलों में से टीम को 3 मैच में हार का सामना करना पड़ा है, तो एक मुकाबला बेनतीजा रहा है. अंजिक्य रहाणे ने पिछले मुकाबले में 24 गेंदों में 41 रन बनाए थे, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए थे. वहीं, कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे.
KKR के लिए इस सीजन गेंदबाजी अटैक चिंता का विषय
हालांकि, केकेआर के लिए इस सीजन टीम का गेंदबाजी अटैक चिंता का विषय रहा है. वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, नवदीप सैनी अब तक इस सीजन छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं. सुनील नरेन जरूर पिछले मैच में किफायती रहे थे और उन्होंने 4 ओवर में महज 13 रन देकर एक विकेट निकाला था. वरुण चक्रवर्ती इस मुकाबले के लिए फिट हो पाएंगे या नहीं, यह भी देखना दिलचस्प होगा.
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच इस सीजन बल्लेबाजी के मुफीद नजर आई है. गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आ रही है और खूब चौके-छक्के भी लग रहे हैं. अच्छी लाइन एंड लेंथ के साथ गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाजों को भी इस ग्राउंड से मदद मिली है.
केकेआर और सीएसके के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल के इतिहास में केकेआर और सीएसके के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं. इसमें से 20 मैच सीएसके ने जीते हैं, जबकि केकेआर ने 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की है. एक मैच बेनतीजा रहा है. एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, केकेआर बनाम सीएसके मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है. मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
चेपॉक की पिच रिपोर्ट
चेपॉक का मैदान इस सीजन में बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग साबित हो रहा है, जहां लगातार 200+ का स्कोर बन रहा है. आज का मुकाबला काली मिट्टी (Black Soil) वाली पिच पर होगा. पिच के मिजाज की बात करें तो काली मिट्टी के कारण यहां उछाल थोड़ा कम रहेगा. जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच धीमी होगी और स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलना शुरू हो जाएगी. ओस के असर की बात करें तो रात में उमस ज्यादा होने की वजह से मैदान पर ओस गिर सकती है. इससे दूसरी पारी में गेंदबाजी और फील्डिंग करना चुनौतीपूर्ण होगा.
इसके साथ टॉस की भूमिका की बात करें तो ओस के प्रभाव को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है.
चेन्नई में मौसम का कैसा रहेगा मिजाज
आज चेन्नई की भीषण गर्मी और उमस खिलाड़ियों की फिटनेस की असली परीक्षा लेगी. मैच के दौरान पारा 30°C से 34°C के बीच रहने का अनुमान है. सबसे बड़ी चुनौती यहां 80% उमस रहेगी, जिससे खिलाड़ियों को काफी ज्यादा पसीना आएगा और मैदान पर थकान जल्दी महसूस होगी.
अगर बारिश की संभावना की बात करें तो क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी बात यह है कि बारिश का कोई चांस नहीं है (0%). आसमान साफ रहेगा और पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिलेगा.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
चेन्नई संभावित 11: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, अकील होसेन, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कंबोज
केकेआर संभावित 11: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं