उम्र बढ़ने के साथ अधिकांश खिलाड़ियों का प्रदर्शन ढलान पर पहुंच जाता है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी लेग स्पिनर इमरान ताहिर इस धारणा को लगातार गलत साबित कर रहे हैं. 47 साल की उम्र में भी उनकी गेंदों में वही धार नजर आ रही है, जिसने उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक स्पिनरों में शामिल किया था. कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 में ताहिर ने एक बार फिर अपनी फिरकी का जादू बिखेरा और ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी नहीं बना था.
प्रोविडेंस क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट लूसिया किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि, यह फैसला जल्द ही गलत साबित हो गया क्योंकि गुयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान इमरान ताहिर ने अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया.
ताहिर ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट झटके. उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने सेंट लूसिया किंग्स की टीम 18.5 ओवर में मात्र 119 रन पर सिमट गई. टीम की ओर से कामिल पूरन ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, जबकि ओबस पिएनार ने 35 रनों का योगदान दिया. इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका.
🚨 HISTORY BY 47-YEAR-OLD IMRAN TAHIR 🔥
— Johns. (@CricCrazyJohns) September 10, 2026
- He becomes the oldest player ever to take a five-wicket haul in T20 Cricket.
Captain of Guyana Amazon Warriors on Prime touch. pic.twitter.com/xF5OaGvQ0M
टी20 इतिहास में बनाया नया विश्व रिकॉर्ड
इमरान ताहिर की उम्र 47 साल 167 दिन है और इसी के साथ वह टी20 क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड कुक आइलैंड्स के गेंदबाज टोमाकानुटे रितावा के नाम था. रितावा ने 2022 में फिजी के खिलाफ 19 रन देकर 5 विकेट लिए थे. उस समय उनकी उम्र 46 साल 299 दिन थी.
दिलचस्प बात यह है कि इस सूची में इमरान ताहिर का दबदबा साफ दिखाई देता है. शीर्ष-5 में उनके नाम तीन बार दर्ज हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि उम्र बढ़ने के बावजूद उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है.
| रैंक | गेंदबाज | उम्र | साल |
|---|---|---|---|
| 1 | इमरान ताहिर | 47 वर्ष 167 दिन | 2026 |
| 2 | टोमाकानुटे रितावा | 46 वर्ष 299 दिन | 2022 |
| 3 | इमरान ताहिर | 46 वर्ष 148 दिन | 2025 |
| 4 | इमरान ताहिर | 44 वर्ष 323 दिन | 2024 |
| 5 | प्रकाश मिश्रा | 44 वर्ष 165 दिन | 2023 |
मेहदी हसन मिराज ने भी निभाई अहम भूमिका
ताहिर के अलावा गुयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए मेहदी हसन मिराज ने भी शानदार गेंदबाजी की. मिराज ने 3 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. वहीं ड्वेन प्रिटोरियस और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला.
4 विकेट से जीता गुयाना अमेजन वॉरियर्स
120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेजन वॉरियर्स ने 18.3 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए और मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया. टीम की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए. उन्होंने 40 गेंदों की पारी में 2 चौके और 1 छक्का लगाया. क्वेंटिन सैम्पसन ने अंत में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 11 गेंदों पर नाबाद 37 रन जड़ दिए. उनकी पारी में 5 छक्के और 1 चौका शामिल रहा. इसके अलावा शाई होप ने 21 और शिमरोन हेटमायर ने 14 रन बनाए.
सेंट लूसिया किंग्स की ओर से कप्तान रोस्टन चेज ने 3 विकेट लिए, जबकि मैथ्यू फोर्ड, महिश तीक्षणा और चरिथ असलांका को एक-एक सफलता मिली. मैच में यादगार गेंदबाजी के लिए इमरान ताहिर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं