भोपाल की रतिबाद पुलिस ने पंजाब किंग्स के क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता, पुलिस के रिटायर्ड स्पेशल डायरेक्टर जनरल (डीजी) शैलेश सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है. उनके घर पर काम करने वाले एक रसोइए ने मारपीट, गाली-गलौज और जबरदस्ती मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है. एफआईआर में शैलेश सिंह, शशांक सिंह और उनके ड्राइवर (जिसकी पहचान मिश्रा के तौर पर हुई है) को आरोपी बनाया गया है. भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है.
रीवा जिले के रहने वाले शिकायतकर्ता विपेंद्र सिंह तोमर ने 25 जून को नीलबाद स्थित परिवार के बंगले में रसोइए के तौर पर काम शुरू किया था. विपेंद्र का आरोप है कि उन्हें खाने-पीने और रहने की सुविधा के साथ 15,000 रुपए महीने की सैलरी देने का वादा किया गया था. पीड़ित ने अपनी लिखित शिकायत में कहा, "सैलरी, खाने और रहने की सुविधा का भरोसा मिलने के बाद मैं वहां काम करने के लिए तैयार हो गया और उनके घर पर ही रहने लगा."
तोमर ने आरोप लगाया कि बाद में उनसे कहा गया कि उनके काम में कमियां हैं और उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया. उन्होंने पुलिस को बताया, "28 जून को नाश्ता बनाने के बाद मैंने शैलेश सिंह से अपना मोबाइल फोन वापस मांगा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. इससे परेशान होकर मैं अपने कमरे में चला गया."
#WATCH | Bhopal: Vipendra Singh Tomar, who has accused cricketer Shashank Singh and his family of assault, says, "Shailesh Singh (father of Shashank Singh) is a retired IAS; I had gone there to cook. I arrived on June 25. After observing their behavior, I refused to work. They… https://t.co/KFT9AR5FIA pic.twitter.com/YXDYwCx9jD
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) June 30, 2026
शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि"शैलेश सिंह, उनके बेटे शशांक सिंह और उनके ड्राइवर मेरे कमरे में आए, मुझे अपशब्द कहे और हाथों व घूंसों से मारपीट करने लगे. मुझे पीटने के बाद, उन्होंने मुझे जबरदस्ती घर से बाहर निकाल दिया."
शशांक सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं, जबकि उनके पिता शैलेश सिंह मध्य प्रदेश पुलिस के रिटायर्ड स्पेशल डीजी हैं. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है. आईएएनएस ने रिटायर आईपीएस अधिकारी शैलेश सिंह से भी प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, हालांकि, अभी तक कोई बयान नहीं मिला है.
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप का टूटा सपना लेकिन भारतीय महिला टीम को मिला ओलंपिक का टिकट, पुरुषों को करना होगा इंतजार
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड दौरा करेगा तय रोहित शर्मा 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं? सुनील गावस्कर का बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं