IND vs AFG 1st ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकबला आज धर्मशाला में खेला जायेगा, इससे पहले टीम इंडिया के फैंस के लिए ये दुखद खबर है की विराट कोहली की मौजूदगी नहीं होने जा रही है, उनकी गैरमौजूदगी के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि टीम इंडिया वनडे मैचों में बल्लेबाजी के नंबर तीन स्लॉट के लिए अलग-अलग खिलाड़ियों को आजमाएगी. भारत और अफगानिस्तान के बीच शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान ईशान किशन, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को इस महत्वपूर्ण भूमिका में आजमाया जा सकता है.
दरअसल, भारतीय टीम के सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली पैर की मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में खिंचाव और चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ इस पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. विराट कोहली के अचानक बाहर होने की वजह से भारतीय टीम के पास नंबर तीन पर खेलने वाला अपनी पहली पसंद का मुख्य खिलाड़ी मौजूद नहीं है. इसी वजह से टीम मैनेजमेंट को अब इस स्थान के लिए नए विकल्पों के बारे में सोचना पड़ रहा है.
पहले मैच से ठीक पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच मोर्ने मोर्केल ने साफ किया कि भारत अफगानिस्तान के खिलाफ इस सीरीज के दौरान नंबर तीन बैटिंग पोजीशन पर नए प्रयोग करने से पीछे नहीं हटेगा. उन्होंने बताया कि ईशान किशन, केएल राहुल और युवा यशस्वी जायसवाल जैसे बल्लेबाजों को इस जगह पर खेलने का मौका दिया जा सकता है. कोच के मुताबिक, यह सीरीज टीम के नए खिलाड़ियों को परखने और भविष्य के लिए टीम का एक मजबूत ढांचा तैयार करने का एक बहुत ही शानदार मौका है.
मोर्ने मोर्केल ने बातचीत के दौरान आगे कहा, "जहां तक नंबर तीन स्लॉट का सवाल है, मुझे लगता है कि इस सीरीज में हम इसके साथ कुछ नए प्रयोग करेंगे. हम देखना चाहते हैं कि चाहे वह ईशान किशन हों, केएल राहुल हों या फिर यशस्वी जायसवाल, इस भूमिका में कौन सबसे बेहतर फिट बैठता है. हमारे सामने आगे कई वनडे मैच होने वाले हैं, इसलिए हम खिलाड़ियों को अलग-अलग पोजीशन पर मौका देंगे. इससे हमें यह बेहतर अंदाजा मिल सकेगा कि हम आने वाले समय में टीम का स्ट्रक्चर कैसे तैयार कर सकते हैं और हमारे पास बेंच पर क्या-क्या विकल्प मौजूद हैं."
कोहली के वनडे सीरीज़ से बाहर होने पर मोर्केल ने कहा कि उनका अनुभव और मिडिल ओवरों में पारी को संभालने की क्षमता टीम के लिए बहुत बड़ी कमी होगी. उन्होंने कहा, "जाहिर है, विराट की कमी खलेगी. वह टीम के सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं. जिस तरह से वह खासकर मिडिल ओवरों में अपनी पारी खेलते हैं, वह हमें खलेगा. दुर्भाग्य से, हम चोटों और ऐसी चीजों को कंट्रोल नहीं कर सकते."
अफगानिस्तान वनडे के लिए भारतीय टीम:
शुबमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं