Cheteshwar Pujara Picks All-time Test Playing 11: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज चेतेश्वर पुजारा ने अपने साथी खिलाड़ियों को लेकर एक प्लेइंग 11 चुना है और खुद को भी इस अनोखे प्लेइंग 11 लिस्ट में शामिल किया है. पुजारा ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए खास योगदान दिया है जो साल 2010 से लेकर 2023 तक का रहा है. इस दौरान पुजारा ने कुल 103 मैच खेले और 7195 रन बनाये जिसमे 19 शानदार शतक भी शामिल रहे हैं. आइये जानते हैं वो 11 खिलाड़ी कौन-कौम हैं जिन्हें इस लिस्ट में जगह मिली है.
भारतीय टेस्ट टीम के अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपने करियर के दौरान साथ खेलने वाले खिलाड़ियों में से एक खास ऑल टाइम टेस्ट प्लेइंग इलेवन चुनी है. ईएसपीएनक्रिकइन्फो के क्विक सिंगल्स कार्यक्रम में पुजारा ने अपनी पसंदीदा टीम का खुलासा किया, जिसमें कई बड़े नाम शामिल हैं, लेकिन कुछ दिग्गजों की गैरमौजूदगी ने सभी को चौंका दिया.
पुजारा ने ओपनिंग की जिम्मेदारी राहुल द्रविड़ और विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को सौंपी. तीसरे नंबर पर उन्होंने खुद को जगह दी, जबकि चौथे स्थान पर सचिन तेंदुलकर को चुना. इसके बाद बल्लेबाजी क्रम में विराट कोहली और वीवीएस लक्ष्मण को शामिल किया गया. हालांकि रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे जैसे अनुभवी बल्लेबाजों का टीम में न होना चर्चा का विषय बन गया.
विकेटकीपर के रूप में पुजारा की पसंद एमएस धोनी नहीं बल्कि ऋषभ पंत रहे. वहीं ऑलराउंडर की भूमिका के लिए उन्होंने रविंद्र जडेजा को चुना. स्पिन विभाग में जडेजा के साथ आर अश्विन को जगह मिली, जो टेस्ट क्रिकेट में गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे.
तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को सौंपी गई. वहीं पुजारा ने ईशांत शर्मा को अपनी टीम का 12वां खिलाड़ी चुना. यह टीम भारतीय क्रिकेट के अलग-अलग दौर के दिग्गज खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण नजर आती है.
चेतेश्वर पुजारा की ऑल टाइम TEAMMATES टेस्ट 11
राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, चेतेश्वर पुजारा, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, वीवीएस लक्ष्मण, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी
12वां खिलाड़ी: ईशांत शर्मा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं