भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड में खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग-11 ने क्रिकेट फैंस के बीच नई बहस छेड़ दी. करीब चार साल बाद भारतीय टी20 टीम में लौटे भुवनेश्वर कुमार को सिर्फ तीन मैच खेलने के बाद ही बाहर बैठा दिया गया. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है. कई फैंस सवाल उठा रहे हैं कि क्या भुवनेश्वर कुमार का अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर अब अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है?
वहीं कुछ फैंस का मानना है कि टीम प्रबंधन उन्हें अतिरिक्त समय देना चाहता है ताकि वह अपनी लय हासिल कर सकें. सोशल मीडिया पर "Happy Retirement Bhuvi" जैसे पोस्ट भी तेजी से वायरल होने लगे हैं. नवंबर 2022 के बाद पहली बार भारतीय टी20 टीम में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन मुकाबलों में वह अपनी पुरानी लय में नजर नहीं आए.
न्यूजीलैंड सीरीज में भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन
मैच रन विकेट
पहला टी20 49 0
दूसरा टी20 50 1
तीसरा टी20 40 0
🔴SO TODAY DECISION CLEAR SOME BIG THING 🤯 - Under Gautam Gambhir Vaibhav Suryavanshi only get chance whenever any Top Order batter injured. - After seen Bhuvneshwar Kumar performance management loose thier trust from him & dropped him. Happy retirement Bhuvi 🥹 https://t.co/vKpD6uBJcS
— Sam (@cricsam02) October 30, 2026
भुवनेश्वर ने तीन मैचों में कुल 12 ओवर गेंदबाजी की. इस दौरान उन्होंने 139 रन खर्च किए और सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके. उनकी इकोनॉमी 11.58 रही, जो उनके करियर के मानकों के मुकाबले काफी महंगी मानी जा रही है.
चौथे टी20 में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. भारत पहले ही पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुका है. टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं. चोट से उबरने के बाद ईशान किशन की वापसी हुई है, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ा है. वहीं, तेज गेंदबाज मयंक यादव को भुवनेश्वर कुमार की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया है.
टॉस के समय श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे. हम उसी लय को बनाए रखना चाहते हैं. पहले ही गेंद से खिलाड़ियों का इरादा और सकारात्मक सोच देखने को मिली है. खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार तरीके से योजनाओं को लागू किया है. यहां मौसम लगातार ठंडा होता जा रहा है. हमारे लिए लगातार आक्रामक बने रहना जरूरी है और टीम को भी यही संदेश दिया गया है. हमें पिच से उछाल और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है. ईशान किशन वैभव सूर्यवंशी की जगह और मयंक यादव भुवनेश्वर कुमार की जगह टीम में आए हैं."
भुवनेश्वर को बाहर किए जाने के बाद चर्चा का सबसे बड़ा विषय यही बन गया है कि टीम प्रबंधन ने यह फैसला खराब प्रदर्शन के कारण लिया है या फिर यह बदलाव सिर्फ संयोजन और कार्यभार प्रबंधन को ध्यान में रखकर किया गया है. फिलहाल आधिकारिक तौर पर इस पर कोई बयान सामने नहीं आया है.
हालांकि इतना जरूर है कि लगातार तीन मैचों में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाने के बाद भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सीरीज के अंतिम मुकाबले में उन्हें दोबारा मौका मिलता है या नहीं. वहीं, सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर चल रही बहस फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही है.
यह भी पढ़ें | शानदार प्रदर्शन के बावजूद वैभव सूर्यवंशी चौथे टी20 से बाहर, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
यह भी पढ़ें | मुंबई इंडियंस में हुई रॉबिन उथप्पा की वापसी, बने टीम के नए बल्लेबाजी कोच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं