विज्ञापन

बीसीसीआई जल्द जारी करेगा IPL 2026 शेड्यूल, इन 5 बातों से अलग है इस साल का संस्करण

IPL 2026 Schedule: बीते साल खिलाड़ियों की नीलामी के दौरान बीसीसीआई ने साफ किया था कि आईपीएल 2026 का आगाज 26 मार्च से होना है. वहीं अब स्टार स्पोर्ट्स ने साफ कर दिया है कि आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होना है.

बीसीसीआई जल्द जारी करेगा IPL 2026 शेड्यूल, इन 5 बातों से अलग है इस साल का संस्करण
IPL 2026 Schedule:

IPL 2026 Schedule: भारत-न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला गया था. इस खिताबी मुकाबले से पहले क्लोजिंग सेरेमनी भी हुई, जिस दौरान टूर्नामेंट के प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स, जिसके पास आईपीएल के भी प्रसारण अधिकार है, उसने बताया कि 28 मार्च से आगामी सीजन  की शुरुआत होगी. हालांकि, अभी तक आईपीएल या फिर बीसीसीआई की तरफ से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं आई है. आईपीएल की तरफ से अभी तक शेड्यूल भी फाइनल नहीं हुआ है. जबकि टूर्नामेंट की शुरुआत में अब 20 दिन का भी समय नहीं बचा है. 

दो चरणों में होगा शेड्यूल का ऐलान

लगातार आ रही रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल का शेड्यूल इस बार दो चरणों में होगा. पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के कारण बीसीसीआई दो भागों में कार्यक्रम जारी कर रहा है. इन राज्यों में चुनावों की तारीख का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है. संभावना है कि मैच की तारीखों और मतदान की तारीखों में टकराव हो सकता है. इसीलिए बीसीसीआई शेड्यूल का ऐलान नहीं कर रही है. 

बीसीसीआई शुरुआत में 15-20 दिनों के शेड्यूल का ऐलान करेगी. एक बार जब चुनावों की तारीखों का ऐलान होगा, बोर्ड उसके बाद बाकी के कार्यक्रम का ऐलान करेगा. चुनाव आयोग द्वारा कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में मतदान की तारीखों जब कंफर्म कर दी जाएगी, तब बोर्ड प्लेऑफ़ सहित बाकी मुकाबलों का शेड्यूल जारी करेगा. 

बेंगलुरु में क्रिकेट की वापसी

बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बीते साल भगदड़ में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी. जिसके बाद से इस स्टेडियम में कोई क्रिकेट नहीं हुआ था. लेकिन अब तय है कि आरसीबी फ्रेंचाइजी इस सीजन 5 मैच यहां खेलेगी, जिसमें सीजन ओपनर शामिल है. आरसीबी का मैच किसके खिलाफ होगा, यह साफ नहीं है लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि परंपरा के अनुसार, यह पंजाब किंग्स के खिलाफ होगा.

सबसे बड़ा सीजन

इस साल का सीजन सबसे बड़ा होगा. इस बार 74 नहीं बल्कि 84 मैच होंगे. लीग 65 दिनों तक चलेगी और फाइनल 31 मई को खेला जाएगा. सभी 10 टीमें डबल राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी.

रायपुर होगा फोक्स में

आरसीबी ने साफ कर दिया है कि वह अपने सीजन के कुछ मुकाबले रायपुर में खेलेगी. रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम बेंगलुरु का होम बेस होगा.

संजू चेन्नई में, राजस्थान की कमान जडेजा के पास

इस सीजन की शुरुआत से पहले कुछ खिलाड़ियों के ट्रेड ने जबरदस्त तरीके से सुर्खियां बटोरी. संजू सैमसन और राजस्थान रॉयल्स की राहें जुदा हुईं और संजू चेन्नई सुपर किंग्स गए, जबकि रवींद्र जडेजा अपनी पहली फ्रेंचाइजी में गए और इस बार वह टीम की अगुवाई भी करते नजर आएंगे. वहीं शमी इस बार लखनऊ के लिए खेलते नजर आने वाले है.

यह भी पढ़ें: Exclusive: 'हर दिन हमारे लिए दिन नॉकआउट बन गया', जाने क्यों ऐसा बोले वाशिंगटन सुंदर

यह भी पढ़ें: श्रीलंका क्रिकेट में बड़ा बदलाव, वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद इस पूर्व भारतीय कोच को सौंपी अहम जिम्मेदारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com