भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया. इस जीत में कई खिलाड़ियों का योगदान रहा, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में जिस खिलाड़ी ने लगातार बल्ले और गेंद से असर डाला, वह हार्दिक पांड्या रहे.
कभी फैंस के 'फेवरेट' न रहने वाले हार्दिक मुंबई इंडियंस के लिए कप्तानी को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रॉल हुए और उनका निजी जीवन भी चर्चाओं में रहा लेकिन इन सब के बीच उनका प्रदर्शन कभी गिरा नहीं. इस वर्ल्ड कप में हार्दिक पांड्या ने नौ पारियों में 217 रन बनाए और नौ विकेट भी लिए.
आईपीएल 2015: जब टीम इंडिया का दरवाजा खुला
मुंबई इंडियंस के लिए 2015 आईपीएल में हार्दिक पांड्या ने महज नौ मैचों में 180 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे. उनके छोटे लेकिन प्रभावी कैमियो और मध्यम तेज गेंदबाजी ने उन्हें एक अलग पहचान दी. ये आंकड़े चयनकर्ताओं के लिए संकेत बने और भारत को एक ऐसा तेज गेंदबाज ऑलराउंडर मिला जिसकी तलाश कपिल देव के बाद से खत्म नहीं हुई थी.
27 जनवरी 2016 को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार्दिक का टी20 डेब्यू हुआ. पहले ही ओवर में 19 रन लुटाने के बाद उन्होंने जिस तरह वापसी की, वह उनके करियर की दिशा तय करने वाला पल था. उन्होंने 3 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए और भारत को 37 रन से जीत दिलाने में मदद की.

Add image caption here
2017 की शुरुआत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान वह टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. हालांकि,उसी साल श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले टेस्ट में उन्होंने साबित किया कि वह रेड-बॉल क्रिकेट का भी बैलेंस बदल सकते हैं. इस टेस्ट सीरीज में उन्होंने 96 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 छक्के शामिल थे. यहीं से उन्हें टेस्ट टीम का 'एक्स-फैक्टर' माना जाने लगा.
ओवल की वह कसक और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीत
2017 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हार्दिक की 43 गेंदों में 76 रनों की पारी एक अधूरी कहानी जैसी थी, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ वह अकेले लड़ते रह गए. लेकिन 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीत ने उस पुराने जख्म को भर दिया. पूरे टूर्नामेंट और खास तौर पर नॉकआउट मैचों में हार्दिक ने गेंद और बल्ले से जो परिपक्वता दिखाई, उसने उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स की लिस्ट में सबसे ऊपर खड़ा कर दिया.
ट्रोलिंग, नैरेटिव और निजी जिंदगी
हाल के सालों में मुंबई इंडियंस की आईपीएल कप्तानी में बदलाव और रोहित शर्मा से जुड़े नैरेटिव के कारण हार्दिक को अभूतपूर्व हूटिंग और ऑनलाइन ट्रोलिंग झेलनी पड़ी. निजी जीवन भी चर्चाओं में रहा, साल 2020 में नताशा स्टेनकोविक से शादी और फिर अलगाव की खबरों ने मीडिया का खूब ध्यान खींचा. लेकिन एक मंझे हुए एथलीट की तरह, उन्होंने अपनी भावनाओं को मैदान पर कभी हावी नहीं होने दिया.आज वह चर्चा के मामले में शायद बड़े-बड़े सितारों को पीछे छोड़ चुके हैं.
2024 वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी ओवर डालकर भारत को चैंपियन बनाने के बाद हार्दिक की आंखों से निकले आंसू उनकी खुद पर जीत के गवाही रहे. मैच खत्म होने के बाद कंधे उचकाकर किया गया उनका सेलिब्रेशन काफी वायरल रहा.
और अब, 2026 विश्व कप में जब जब टीम पर दबाव आया, तब उन्होंने अपना श्रेष्ठ दिया. जिम्बाब्वे के खिलाफ उनके तेज अर्धशतक ने भारत को 256 रनों के विशाल लक्ष्य तक पहुंचाया और फिर नॉकआउट मैचों में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने हरफनमौला प्रदर्शन से उन्होंने सबका दिल जीत लिया है.
(डिस्क्लेमर: इस लेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)