विज्ञापन

लॉर्ड्स में आखिरी मैच खेलेंगे रोहित शर्मा? हिटमैन के रिटायरमेंट की खबरों पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी

रोहित शर्मा 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपनी इरादे जाहिर कर चुके हैं कि वह खेलना चाहते हैं. लेकिन गंभीर और अगरकर की जोड़ी ने उनसे आगे देखने का फैसला कर लिया है.

लॉर्ड्स में आखिरी मैच खेलेंगे रोहित शर्मा? हिटमैन के रिटायरमेंट की खबरों पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी
BCCI secretary Devajit Saikia on Rohit Sharma

भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच अभी यक्ष प्रश्न यही है कि क्या लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का तीसरा वनडे रोहित शर्मा के करियर का आखिरी वनडे होने जा रहा है? गुरुवार को जहां मैदान में भारत-इंग्लैंड फील्ड पर आमने-सामने थे तो मैदान के बाहर रोहित शर्मा के लॉर्ड्स में रिटायरमेंट की खबरों ने तूफान ला दिया था. इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि भारतीय चयनकर्ताओं ने हिटमैन को स्पष्ट कर दिया है कि वह वर्ल्ड कप 2027 के लिए चयनकर्ताओं की योजनाओं का हिस्सा नहीं है और लॉर्ड्स के बाद उन्हें आगे मौके नहीं दिए जाएंगे. ऐसे में संभावना जताई गई कि रोहित शर्मा लॉर्ड्स के बाद रिटायरमेंट लेंगे. लेकिन अब बीसीसीआई ने इस पर चुप्पी तोड़ी है. 

ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि रविवार को लॉर्ड्स में होने वाला वनडे मैच रोहित का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है, लेकिन BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने ऐसी किसी भी बात को खारिज कर दिया. सैकिया ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा,"मीडिया में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे."

सैकिया ने आगे कहा,"रोहित भारतीय वनडे टीम के रेगुलर सदस्य हैं और जब तक वे टीम की योजनाओं का हिस्सा रहेंगे, देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे. दूसरे शब्दों में कहें तो, लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी मैच नहीं होगा."

हालांकि रोहित ने सार्वजनिक रूप से 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक खेलने की इच्छा जताई है, लेकिन सीरीज़ के शुरुआती दो मैचों में उनका प्रदर्शन औसत रहा है. उन्होंने 11 और 26 रन बनाए हैं. 

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रोहित शर्मा की खराब प्रदर्शन के लिए हो रही आलोचना को खारिज करते हुए कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बावजूद पूर्व भारतीय कप्तान न तो दबाव में हैं और न ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं. दूसरे वनडे के बाद रोहित का समर्थन करते हुए कोटक ने कहा था,"मुझे नहीं लगता कि रोहित जैसे काबिल खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव पड़ेगा. वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा महसूस ही नहीं होगा."

इससे पहले गुरुवार को आई रिपोर्ट्स में बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से लिखा गया था कि राष्ट्रीय चयन समिति की मौजूदा सोच यही है कि इंग्लैंड दौरे के बाद उन्हें भारतीय वनडे टीम में आगे नहीं चुना जाएगा. पिछली आठ वनडे पारियों में 39 वर्षीय रोहित शर्मा ने केवल 241 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 30.1 और स्ट्राइक रेट 88.6 रहा है, जबकि उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है.

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर इस दौरे पर टीम के साथ कार्डिफ में मौजूद हैं. चयनकर्ता अगले वर्ष होने वाले वनडे विश्व कप के लिए दो आईसीसी ट्रॉफी जीत चुके भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को अपनी भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं मान रहे हैं.

चयन मामलों से जुड़े बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा था,"राष्ट्रीय चयनकर्ता चाहते हैं कि यशस्वी जायसवाल को लंबा मौका दिया जाए. उन्होंने तीन पारियों में दो शतक लगाए हैं. विश्व कप से पहले लगभग 20 वनडे मैच बाकी हैं और जायसवाल को ये सभी मैच खेलने का अवसर मिलना चाहिए."

सूत्र ने कहा,"कोई भी रोहित शर्मा से संन्यास लेने के लिए नहीं कह सकता. लेकिन यह स्पष्ट है कि सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज से चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं. रोहित के भविष्य को लेकर अंतिम फैसला उन्हें स्वयं करना होगा."

यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: 96 साल में पहली बार खिलाड़ियों को मिलेगी चैंपियनशिप रिंग, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश

यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप फाइनल: स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में खाया सिर्फ एक गोल, जानें ताकत और कमजोरी, क्या रोक पाएंगे मेस्सी को?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rohit Gurunath Sharma, India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com