BCCI introduces new rule of IPL 2026: आईपीएल 2026 के बीच में बीसीसीआई ने एक नया आईपीएल नियम लागू कर दिया है. रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई ने आईपीएल की फ्रेंचाइजियों को बताया है कि अब मैच के दौरान बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मैदान में घूमने की इजाजत नहीं होगी. नए नियमों के तहत, अतिरिक्त खिलाड़ियों को मैदान में उतरने की मनाही है, जब तक कि उनका नाम मैच के लिए 16-सदस्यीय टीम शीट में शामिल न हो. हालांकि, मैच खेलने की शर्तों (MPC) में इन बदलावों के पीछे की खास वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने फ्रेंचाइजियों को बताया है कि जो सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी तय 16 खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल नहीं हैं, उन्हें "ड्रिंक्स" या ब्रेक के दौरान बैट लेकर या कोई संदेश देने के लिए मैदान में उतरने की इजाज़त नहीं होगी.
बीसीसीआई का बड़ा फैसला
रिपोर्ट के अनुसार ये भी बात सामने आई है कि मैच के दौरान सभी सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी इधर-उधर नहीं घूम सकते, उन्हें मैदान पर ड्रिंक्स ले जाने की भी इजाजत नहीं होगी. मैच के लिए टीम में शामिल सिर्फ़ 16 खिलाड़ी ही ऐसा कर सकते हैं. इसके अलावा, प्लेइंग XI के बाहर के सिर्फ़ 5 खिलाड़ी ही इधर-उधर घूम सकते हैं. बाकी खिलाड़ी डगआउट में बैठ सकते हैं, लेकिन बाउंड्री लाइन और LED एडवरटाइजिंग बोर्ड के बीच नहीं घूम सकते."
वहीं, यह भी बात सामने आई है कि जो भी नियम बने हैं वह आईपीएल के पहले से मौजूद नियमों के आधार पर है. एक नियम 11.5.2 है, जिसमें यह बात बताया गया है कि खिलाड़ियों को मैदान पर ड्रिंक्स कैसे पहुंचाई जाए, यह काम बिना समय बर्बाद किए और सही क्रिकेट ड्रेस में होना चाहिए.
दूसरा नियम 24.1.4 उन खिलाड़ियों से जुड़ा है. जो प्लेइंग 11 में या सब्स्टीट्यूट फील्डर नहीं हैं. ऐसे खिलाड़ियों को मैदान में रहते समय, खासकर बाउंड्री और फेंसिंग के बीच वाले एरिया में, ट्रेनिंग बिब्स (जैकेट) पहनना अहम होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं