BCCI On Pakistan T20 World Cup 'Boycott': पाकिस्तान अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ अपना मैच नहीं खेलता है तो उसे इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इन प्रतिबंधों से बचने के लिए एक खास कानूनी प्रावधान, जिसे ‘फोर्स मेज्योर' क्लॉज कहा जाता है, उसका सहारा लेने की तैयारी कर सकता है. इंडियन एक्सप्रेस के रिपोर्ट के मुताबिक, यदि पाकिस्तान 15 फरवरी को होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला खेलने से इनकार करता है, तो भारत को नियमों के तहत सीधे दो अंक मिल जाएंगे. वहीं, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर आर्थिक जुर्माना भी लगाया जा सकता है.
क्या है ‘फोर्स मेज्योर' क्लॉज?
फोर्स मेज्योर क्लॉज आमतौर पर उन असाधारण परिस्थितियों पर लागू होता है, जिनकी वजह से कोई पक्ष अपने कॉन्ट्रैक्ट की शर्तें पूरी नहीं कर पाता. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि PCB इस क्लॉज को लागू करने के लिए पाकिस्तान सरकार की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए बॉयकॉट से जुड़े बयानों का हवाला दे सकता है.
PCB यह दलील दे सकता है कि भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला सरकारी निर्देश के तहत लिया गया था और यह एक असाधारण स्थिति है, जो उनके नियंत्रण से बाहर थी. एक अधिकारी के अनुसार, यह पाकिस्तान का आखिरी विकल्प है, क्योंकि भारत के खिलाफ न खेलने के लिए उनके पास कोई ठोस क्रिकेटिंग कारण मौजूद नहीं है.
BCCI को PCB की दलील पर भरोसा नहीं
इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का रुख साफ है. BCCI का मानना है कि पाकिस्तान की ओर से दी जा रही दलीलें कमजोर और तर्कहीन हैं. BCCI से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि जिस दिन पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप मैच के बॉयकॉट से जुड़ी पोस्ट की थी, उसी दिन पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने भारत के खिलाफ मैच खेला था. ऐसे में यह कहना कि सरकार के निर्देश के चलते मैच नहीं खेला जा सकता, ये तर्क सही नहीं लगता.
सूत्र ने यह भी कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार के बीच अंतर बहुत कम है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री स्वयं PCB के संरक्षक-इन-चीफ हैं और बोर्ड का नेतृत्व एक मंत्री के हाथ में है.
क्रिकेट में राजनीति घुसाने का आरोप
BCCI से जुड़े अधिकारी ने आगे कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों ही बोर्ड क्रिकेट में राजनीति को शामिल कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा बार-बार सुरक्षा का भरोसा दिए जाने के बावजूद बांग्लादेश की टीम भारत दौरे पर नहीं आई. अधिकारी के मुताबिक, पहले से यह सहमति बनी हुई थी कि भारत और पाकिस्तान ICC टूर्नामेंट में न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेंगे, इसके बावजूद मैच का बॉयकॉट करना सिर्फ गैर-जरूरी कदम है.
शहबाज शरीफ ने दोहराया फैसला
इससे पहले बुधवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बॉयकॉट करने के फैसले को दोहराया था. उन्होंने इस्लामाबाद में कैबिनेट को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर अपना रुख पूरी तरह साफ कर दिया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान श्रीलंका में 15 फरवरी को होने वाला भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगा और यह फैसला सोच-समझकर लिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं