Pakistan Super League 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (तीन मई) को हैदराबाद किंग्समैन और पेशावर जाल्मी के बीच लाहौर में खेला गया. जहां बाबार आजम की अगुवाई वाली पेशावर की टीम हैदराबाद को पांच विकेट से शिकस्त देते हुए खिताब अपने नाम करने में कामयाब रही. विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 130 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पेशावर की तरफ से ऐरन हार्डी और अब्दुल समद का बल्ला खूब चला. हार्डी ने टीम के लिए चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 39 गेंदों का सामना किया. इस बीच 143.58 की स्ट्राइक रेट से वह नाबाद 56 रन बनाने में कामयाब रहे. उनके अलावा छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए अब्दुल समद ने 34 गेंदों में 48 रनों का योगदान दिया. बाकी के अन्य बल्लेबाज हैदराबाद के गेंदबाजों के सामने हमेशा रनों के लिए जुझते हुए ही नजर आए.
मोहम्मद अली को मिली तीन सफलता
लक्ष्य का बचाव करते हुए हैदराबाद किंग्समैन की तरफ से मोहम्मद अली ने धारधार गेंदबाजी की. टीम के लिए उन्होंने अपने चार ओवरों के स्पेल में 38 रन खर्च करते हुए सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए. मगर वह भी टीम की किस्मत को नहीं बदल पाए. उनके अलावा आकिफ जावेद और हुनैन शाह की झोली में एक-एक विकेट आए.
129 रन बनाने में कामयाब हुई थी हैदराबाद किंग्समैन
इससे पहले लाहौर में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद किंग्समैन की टीम 19 ओवरों में अपने सभी विकेट खोते हुए 129 रन बनाने में कामयाब हुई थी. तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सईम अयूब सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने टीम के लिए 50 गेंदों में 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा पारी का आगाज करते हुए कैप्टन मार्नस लाबुशेन ने 12 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया था. बाकी के बल्लेबाज रनों के लिए तरसते हुए ही नजर आए थे.
ऐरन हार्डी ने चटकाए चार विकेट
गेंदबाजी में पेशावर जाल्मी की तरफ से ऐरन हार्डी ने सर्वाधिक चार सफलता की. उनके अलावा नाहिद राणा ने दो और सुफियान मकीम एंव मोहम्मद बासित एक-एक विकेट चटकाने में कामयाब हुए थे.
यह भी पढ़ें- बदले का दौर पड़ रहा है भारी, लगातार दो हार के बाद आगे की राह पंजाब के लिए क्यों हो गई है मुश्किल?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं