विज्ञापन
4 hours ago

Australia vs Sri Lanka T20 World Cup 2026 Highlights: श्रीलंका ने जारी आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड 2026 में बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से रौंद दिया. लीग स्टेज में जीत की हैट्रिक लगाकर श्रीलंका ने 'सुपर-8' में जगह बना ली है. श्रीलंका ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को 20 रन से हराया था. इसके बाद ओमान को 105 रन से रौंदा. ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को जीत के लिए 182 का लक्ष्य दिया है. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने निसांका के नाबाद शतक के दम पर 18 ओवर में ही मैच अपने नाम किया. दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलियाई टीम है, जिसका टी20 वर्ल्ड कप से लगभग पत्ता साफ हो चुका है. ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 में जाएगी या नहीं यह अब उसके हाथ में नहीं है. अगर मंगलवार को जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को हरा दिया तो ऑस्ट्रेलिया जारी वर्ल्ड कप से ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाएगी.  (Scorecard)

ऑस्ट्रेलियाई टीम से मिले 182 के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब हुई थी और उसने महज 8 के स्कोर पर कुसल परेरा (1) के रूप में बड़ा झटका लगा. यहां से पथुम निसांका ने कुसल मेंडिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया था. श्रीलंका को 105 के स्कोर पर मेंडिस के रूप में दूसरा झटका लगा, जिन्होंने 38 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली. निसांका ने पवन रतनायके के साथ 34 गेंदों में अटूट 79 रन की साझेदारी करते हुए मेजबान टीम को दमदार जीत दिलाई. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्कस स्टोइनिस इकलौते सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 46 रन देकर 2 विकेट निकाले.

पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 181 रन पर सिमट गई. इस टीम को ट्रेविस हेड और कप्तान मिचेल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 8.3 ओवरों में 104 रन की साझेदारी की. हेड ने 29 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 56 रन बनाए, जबकि कप्तान मार्श ने 27 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 54 रन की पारी खेली. इनके अलावा, जोश इंगलिस ने 22 गेंदों में 27 रन जुटाए, जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. विपक्षी खेमे से दुशन हेमंथा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि दुष्मंथा चमीरा ने 2 शिकार किए.

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें

श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, दासुन शनाका (कप्तान), कामिंडु मेंडिस, दुशान हेमंथा, डुनिथ वेलालेज, दुशमंथा चमीरा, महीश थीक्षाना, मथीशा पथिराना

ऑस्ट्रेलिया (प्लेइंग इलेवन): मिशेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, जोश इंग्लिस (डब्ल्यू), मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, कूपर कोनोली, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम ज़म्पा

Australia vs Sri Lanka T20 World Cup 2026 Highlights Straight From Pallekele International Cricket Stadium, Pallekele

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका सुपर-8 में

क्या मजेदार मैच रहा. ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत ही ठीक रही थी, लेकिन उसके बाद से ऑस्ट्रेलिया को जो गेम से बाहर हुआ, वह कभी लौटा नहीं. निसांका ने जारी टी20 वर्ल्ड कप का पहला शतक जड़ा है. निसांका ने कमाल कर दिया. श्रीलंकाई टीम ने 8 विकेट से ऑस्ट्रेलिया को रौंद दिया है. श्रीलंकाई टीम अब सुपर-8 में पहुंच गई है. अगर मंगलवार को जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को हरा दिया तो ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा. 

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: निसांका का शतक

निसांका का शतक. अब श्रीलंका को जीत के लिए 2 रन चाहिए. क्या इसी ओवर में श्रीलंका जीत जाएगी. एक शॉर्ट चााहिए. यह मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप का पहला शतक है. ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़ा.फिर तीसरी गेंद पर चौका जड़ा. श्रीलंका को जीत के लिए अब केवल 2 रन चाहिए.

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका सुपर-8 के मुहाने पर

पथुम निसांका और पवन रथनायके के बीच साझेदारी 50 रनों की हो चुकी है. श्रीलंका को अब जीत के लिए 20 रन चाहिए. क्या मैच चल रहा है. निसांका ने ओवर की चौथी गेंद पर जबरदस्त छक्का जड़ा है. शानदार कट शॉर्ट खेला. ओवर की पांचवीं गेंद पर निसांका ने छक्का जड़ा. आखिरी ओवर से 18 रन आए. अब श्रीलंका को जीत के लिए 13 रन चाहिए. निकांसा को अपने शतक के लिए 11 रन चाहिए. 
17.0 ओवर: श्रीलंका 169/2

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: आखिरी ओवर से 10 रन

आखिरी ओवर से 10 रन आए हैं. अब श्रीलंका को जीत के लिए 24 गेंद में 31 रन चाहिए. क्या मुकाबला हो रहा है यह. ऑस्ट्रेलिया के लिए मुश्किल बढ़ती हुई. क्या निसांका का शतक होगा. अगर श्रीलंका ने कुछ गेंद रहती ही मैच जीत लिया तो ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी में रन रेट काफी जरूरी होगी. कल जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच होना है. अगर आज श्रीलंका जीती तो कल पता चल जाएगा कि ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप में रहेगा या बाहर होगा.
16.0 ओवर: श्रीलंका 151/2

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: बड़ा ओवर श्रीलंका के नजरिए से

यह स्टोइनिस का महंगा ओवर है. क्या यह वह ओवर है जिससे ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर आ गया है? पथुम निसांका ने पिछले ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़ा है. इस जीत के साथ ही श्रीलंका सुपर-8 में पहुंच जाएगा. आखिरी ओवर से 20 रन आए हैं. अब मैच पूरी तरह से श्रीलंका का है. श्रीलंका को 30 गेंद में जीत के लिए 41 रन चाहिए. 
15.0 ओवर: श्रीलंका 141/2

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: रूक नहीं रही बाउंड्री

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बाउंड्री रोक नहीं पा रहे हैं. एडम जम्पा पिछला ओवर फेंकने आए थे और उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका जड़ा. श्रीलंका को अब 36 गेंद में जीत के लिए 61 रन चाहिए. जरूरी रन रेट पहली बार 10 से अधिक का हुआ. श्रीलंकाई टीम की पूरी कोशिश होगी कि यहां से मैच निकलने न दे. ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए मैच हर ओवर के साथ हाथ से निकल रहा है. आखिरी ओवर से 8 रन आए हैं. 
14.0 ओवर: श्रीलंका 121/2

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: स्टोइनिस का महंगा ओवर

मार्कस स्टोइनिस के इस ओवर से दो चौके आए है. श्रीलंका को अब 42 गेंद में जीत के लिए 69 रन चाहिए. अच्छी बात यह है कि उसके हाथ में 8 विकेट हैं. ऑस्ट्रेलिया धीरे-धीरे वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर है. निसांका क्रीज पर हैं अभी. दूसरे छोर पर अब पवन रत्नायके का साथ मिल रहा है. जीत के लिए जरूरी रन रेट अभी भी 10 से नीचे का है. हालांकि, यह मौजूदा रन रेट से अधिक है. दिल थाम के बैठिए दोस्तो, क्योंकि यहां से कुछ भी हो सकता है.
13.0 ओवर: श्रीलंका 113/2

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका को दूसरा झटका

कुसल मेंडिस को जाना होगा. गेंद ऊची गई थी. लेकिन बाउंड्री को पार नहीं कर पाई. डीप मिड-विकेट पर खड़े कूपर कॉनॉली ने कैच लपका. कुसल मेंडिस अपना काम कर चुके हैं. उन्होंने 38 गेंदों में छह चौके और एक छक्के के दम पर 51 रनों की पारी खेली है. मार्कस स्टोइनिस के खाते में विकेट आया. कुसल मेंडिस ने आगे बढ़कर शॉट लगाया, लेकिन टाइमिंग सही नहीं बैठ पाई. बड़ी साझेदारी का अंत. कैंडी स्टेडियम में एक पल के लिए सन्नाटा छा गया. 
12.2 ओवर: श्रीलंका 105/2 

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: पथुम निसांका का अर्द्धशतक

पथुम निसांका का भी अर्द्धशतक हुआ. मेंडिस ने इससे पहले पचासा पूरा किया था. श्रीलंका का स्कोर 100 पार हो चुका है. आखिरी ओवर से 6 रन आए हैं. श्रीलंका को अब 48 गेंद में जीत के लिए 78 रन चाहिए. श्रीलंका को यहां एक बड़े ओवर की जरूरत है. अगर आया तो ऑस्ट्रेलिया पूरी तरह से दवाब में आ जाएगी. 
12.0 ओवर: श्रीलंका 104/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: कुसल मेंडिस का अर्द्धशतक

कुसल मेंडिस का अर्द्धशतक पूरा हुआ. सिंगल लेकर उन्होंने अपना पचासा पूरा किया. क्या अहम मैच और क्या अहम मौका है. मेंडिस आज यादगार पारी खेल रहे हैं. निशांका भी अपने अर्द्धशतक से 4 रन दूर हैं. 
11.1 ओवर: श्रीलंका 99/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: ऑस्ट्रेलिया की नजर से अच्छा ओवर

पिछले ओवर में पथुम निसांका को चोट लगी और उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई. इसके चलते फिजियोथेरेपिस्ट मैदान पर आए. उनके दाहिने पैर में चोट लगी है, टखने पर. थोड़ी देर के लिए मैच रूका रहा. श्रीलंकाई टीम का स्कोर 100 के करीब है. कुसल मेंडिस और पथुम निसांका के बीच साझेदारी 100 के करीब. आखिरी 5 ओवर से 41 रन आए हैं. बहुत देर बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छा ओवर. इस ओवर से सिर्फ 5 रन आए हैं. श्रीलंका को अब 54 गेंद में जीत के लिए 84 रन चाहिए. जरूरी रन रेट पहली बार मौजूदा रन रेट से अधिक हुआ है.
11.0 ओवर: श्रीलंका 98/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: 10 ओवर पूरे

10 ओवरों का खेल पूरा हुआ. श्रीलंकाई टीम अभी तक रन चेज में बनी हुई है. श्रीलंका को आखिरी 10 ओवर में जीत के लिए अब 89 रन चाहिए. कुसल मेंडिस और पतुम निसंका के सामने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज असहाय महसूस कर रहे हैं. उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि क्या करना है. आखिरी ओवर से 8 रन आए हैं. सिर्फ एक गेंद डॉट रही. श्रीलंका का मौजूदा रन रेट 9.30 का है और जरूरी रन रेट 8.90 का. श्रीलंका के जीत की संभावना बढ़कर 66 की हो गई है. 
10.0 ओवर: श्रीलंका 93/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: एक और महंगा ओवर

ऑस्ट्रेलियाई टीम वर्ल्ड कप के एक अहम मुकाबले में प्रेशर में है. कुसल मेंडिस ने बीते कुछ ओवरों में गियर बदला है. कुसल मेंडिस 27 गेंद में 40 रन बनाकर खेल रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया अगर आज हार जाती है तो उसके लिए वर्ल्ड कर के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे. श्रीलंका सुपर-8 में पहुंच जाएगी. आखिरी ओवर से 9 रन आए हैं. कूपर कोनोली के ओवर की तीसरी गेंद पर चौका आया था, जबकि ओवर की आखिरी गेंद पर भी बाउंड्री आई. श्रीलंका का स्कोर 100 के करीब.
8.0 ओवर: श्रीलंका 85/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: अब कुसल मेंडिस ने किया प्रहार

एक छोर से पथुम निसांका हैं तो दूसरे छोर से कुसल मेंडिस और दोनों ही प्रहार किए जा रहे हैं. एडम जम्पा पिछले ओवर में अटैक पर आए थे और मेंडिस ने चौके के साथ उनका स्वागत किया था. जबकि ओवर की आखिरी गेंद पर भी चौका आया. श्रीलंकाई बल्लेबाजों को रन बटोरने में कोई परेशानी नहीं हो रही है. जम्पा के आखिरी में से 10 रन आए हैं. श्रीलंका को जीत के लिए अब 72 गेंद में जीत के लिए 106 रन चाहिए. जरूरी रन रेट 9 से नीचे का है. 
7.0 ओवर: श्रीलंका 76//1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका ने पावरप्ले में कूटे 61 रन

श्रीलंका ने पावरप्ले में 61 रन कूटे हैं. आखिरी ओवर से भी 13 रन आए हैं. श्रीलंका का मौजूदा रन रेट 10 से अधिक का है जबकि जरूरी रन रेट 8.64 का. मेंडिस और निसांका के बीच 28 गेंदों में 53 रनों की साझेदारी हो चुकी है. 182 के लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंका मजबूत  स्थिति में है. उसे इसी तरह की शुरुआत की जरूरत थी. पथुम निसांका अपने अर्द्धशतक की ओर हैं. श्रीलंका को 84 गेंद में जीत के लिए 121 रन चाहिए.
6.0 ओवर: श्रीलंका 61/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: पावरप्ले का आखिरी ओवर बाकी

अभी पावरप्ले का आखिरी ओवर बाकी हैं और श्रीलंकाई टीम ने 48 रन बना लिए हैं. श्रीलंकाई टीम अगर ऐसे ही खेलती रही तो वह आज जीत के साथ सुपर-8 का टिकट कंफर्म कर लेगी. आखिरी ओवर से 13 रन आए हैं. पथुम निसांका ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ा फिर उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ा. 

5.0 ओवर: श्रीलंका 48/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका को पहला झटका

श्रीलंका को लगा पहला झटका. मार्कस स्टोइनिस ने कुसल परेरा को जाल में फंसाया. नाथन एलिस ने कैच पकड़ा. स्टोइनिस ने दूसरी ही गेंद पर विकेट लिया. आज के मैच में परेरा को टीम में शामिल करना कारगर साबित नहीं हुआ - वह सस्ते में आउट हो गए. शॉर्ट लेंथ की गेंद तक पहुंचने की कोशिश में गेंद को ठीक से बल्ले के बीच में नहीं मार पाए और डीप बैकवर्ड पॉइंट की तरफ अपर कट खेलने की कोशिश में चूक गए. कुसल परेरा 1 रन बनाकर लौटे.
1.2 ओवर: श्रीलंका 8/1

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका ने शुरू किया लक्ष्य का पीछा

पथुम निसांका और कुसल परेरा की सलामी जोड़ी क्रीज पर है. श्रीलंका की नजर पर बल्लेबाजी में धमाका करने की होगी. देखना होगा कि अब ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज क्या कमाल दिखाते हैं.

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: ऑस्ट्रेलिया ऑल-आउट

ऑस्ट्रेलिया ऑल-आउट हुई. आखिरी गेंद पर एडम जम्पा आउट हुए. एक रन तो लिया लेकिन फिर रन आउट. आखिरी ओवर से 4 रन आए हैं और तीन विकेट आए. बीती 12 गेंद में ऑस्ट्रेलिया ने 6 रन बनाए हैं और श्रीलंका ने 4 विकेट झटके हैं. श्रीलंका जबरदस्त पलटवार है यह.ऑस्ट्रेलियाई टीम 181 पर ऑल-आउट हुई. श्रीलंका को जीत के लिए 182 रन बनाने हैं. 

20.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 181

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: ऑस्ट्रेलिया को 9वां झटका

दुशमंथा चमीरा ने नाथन एलिस को गेंद फेंकी. जेवियर बार्टलेट रन आउट. कुसल मेंडिस का शानदार प्रदर्शन. बार्टलेट ने बाई चुराने की कोशिश की लेकिन मेंडिस के सीधे थ्रो से आउट हो गए. ऑफ स्टंप के आसपास धीमी गेंद, एलिस क्रीज पर काफी पीछे रहे और लेग साइड की तरफ शॉट लगाया, चूक गए और गेंद उछलकर मेंडिस के पास चली गई.
19.5 ओवर: श्रीलंका 180/9

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: एक और विकेट

ऑस्ट्रेलिया ने यहां एक और विकेट गंवा दिया है. दुशमंथा चमीरा ने मार्कस स्टोइनिस का शिकार किया. महेश थीक्शाना ने कैच पकड़ा. चमीरा का यह शानदार प्रदर्शन रहा. उन्होंने अपने पहले ओवर में 16 रन दिए, लेकिन अगले 2.3 ओवर में 19 रन दिए और 2 विकेट लिए. एक और धीमी गति की गेंद.  स्टोइनिस के पास बड़ा शॉट खेलने के अलावा कोई विकल्प नहीं था. बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद शॉर्ट थर्ड की तरफ गई, और थीक्शाना ने शानदार कैच लपक लिया. 
19.3 ओवर: श्रीलंका 180/8

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: आखिरी ओवर

इस मैदान पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे बड़ा सफल रन चेज़ 177 रन का है, जो श्रीलंका ने जून 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था. क्या आज श्रीलंका कमाल कर पाएगी. अब 6 गेंद बाकी हैं. आखिरी ओवर से सिर्फ 2 रन आए हैं. ऑस्ट्रेलिया मुश्किल में है. 
19.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 177/7

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका को सातवीं सफलता

और यहां पर ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका लगता हुआ. विकटों का पतन खत्म नहीं हो रहा है. महेश थीक्शाना की गेंद पर कूपर कॉनॉली आउट हुए. कॉनॉली तेज रन बनाने की कोशिश में आउट हो गए. थीक्शाना का प्रदर्शन अब तक अच्छा रहा है. देखना होगा कि बची हुई गेंदों पर ऑस्ट्रेलिया कितना स्कोर कर पाती है. 
18.3 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 177/7

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: श्रीलंका को छठी सफलता

श्रीलंका को छठी सफलता मिली है. दुशमंथा चमीरा की गेंद पर जोश इंग्लिस आउट हुए. वेलालेज ने आसान कैच लपका. सटीक शॉर्ट बॉल, पड़ने के बाद कांटा बदली. पुल शॉट खेलने की जल्दी में बल्ले का ऊपरी किनारा लिया और गेंद सीधे ऊपर चली गई. बैकवर्ड पॉइंट से वेलालेज आगे आए और उन्होंने आसान कैच लपक लिया. कुसल मेंडिस भी कैच लेने के लिए आगे आए थे लेकिन वेलालेज के बुलावे पर पीछे हट गए. जोश इंग्लिस ने 22 गेंद में 27 रनों की पारी खेली.
17.5 ओवर: ऑस्ट्रेलिया  174/6

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: आखिरी के 3 ओवर बाकी

आखिरी के तीन ओवर बाकी हैं अब. क्या श्रीलंकाई गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया को 190 के अंदर रोक पाएंगे? क्या यह संभव है. पिछले ओवर से 8 रन आए हैं. यह हो सकता है. दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलियाई बैटर की कोशिश टीम को 200 का स्कोर 200 पार लेकर जाने की होगी. दुशान हेमंथा के 4 ओवर पूरे हुए. उन्होंने 37 रन दिए हैं और 3 विकेट झटके हैं. आज श्रीलंका के लिए अहम साबित हुए हैं वह.
17.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 168/5

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: क्या जबरदस्त कैच है यह

दुशान हेमंथा की गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल आउट हुए. पथुम निस्संका ने जबरदस्त कैच पकड़ा. निस्संका ने छूटे हुए कैच की भरपाई एक सुपरमैन कैच से की है. उन्हें राहत मिली होगी. ऑफ स्टंप पर गेंद. मैक्सवेल ने झुककर रिवर्स स्वीप शॉट खेला और गेंद बैकवर्ड पॉइंट की तरफ गई. उन्होंने गेंद को सीधा मारा और ऐसा लग रहा था कि गेंद में पर्याप्त ऊंचाई थी. लेकिन पथुम निस्संका ने सुपरमैन कैच लपक सबको हैरान कर दिया. बार-बार यह कैच देख सकते हैं. मैक्सवेल को जाना होगा.

16.1 ओवर: 160/5

Australia vs Sri Lanka LIVE Score: मैक्सवेल को जीवनदान

मैक्सवेल को जीवनदान मिला है. आसान कैच था, गेंद के नीचे आ गए थे निसंका. लॉन्ग-ऑन से दौड़कर आए थे.  धीमी गेंद थी और मैक्सवेल उसे देख नहीं पाए, उन्होंने शॉट जल्दी खेला और गेंद सीधे ऊपर चली गई. मैक्सवेल खतरनाक फॉर्म में दिख रहे हैं. ऐसे में देखना होगा कि यह जीवनदान श्रीलंका को कितना भारी पड़ता है. यह मैच का अहम पल है. आखिरी ओवर से आए 9 रन. ऑस्ट्रेलिया तेजी से बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती हुई. 
16.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 160/4

Australia vs Sri Lanka Live Score: मैक्सवेल ने बदला गियर

अब ग्लेन मैक्सवेल ने गियर बदला है. आखिरी ओवर से 15 रन आए हैं. मैक्सवेल ने ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़ा और चौथी गेंद पर चौका. मेंडिस की पिटाई हुई है. ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 पार है. श्रीलंकाई ड्रेसिंग रूम में दिग्गजों के चेहरों पर मायूसी झलक रही है. देखना होगा कि आखिरी के 5 ओवरों में श्रीलंका किस तरह से गेंदबाजी करती है. श्रीलंका को यहां विकेट की जरूरत है. 

15.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 151/4

AUS vs SL Live Score: श्रीलंका का जबरदस्त पलटवार

ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार शुरुआत हुई थी, लेकिन फिर श्रीलंका ने जबरदस्त पलटवार किया है. आखिरी ओवर से सिर्फ 5 रन आए हैं. मजबूत शुरुआत के चलते ऑस्ट्रेलिया अच्छी स्थिति में है. ऑस्ट्रेलिया का रन रेट 10 के नीचे है. क्रीज पर अभी ग्लेन मैक्सवेल और जोश इंग्लिश है. दोनों की कोशिश यहां पर साझेदारी करने की होगी. पिछले 5 ओवर में 31 रन आए हैं और ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट गंवाए हैं. देखना मजेदार होगा कि आखिरी के 6 ओवर में श्रीलंकाई स्पिनर भारी पड़ते हैं या फिर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज. अगर श्रीलंका यहां से ऑस्ट्रेलिया को 190 के अंदर रोकने में सफल रहा तो वह जरूर खुश होगा.
14.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 136/4

Australia vs Sri Lanka Live: ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका

ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा है. टिम डेविड को पवेलियन लौटना होगा. हेमंथा ने कैच लिया.  स्पिनर श्रीलंका के लिए मैच का रुख बदल रहे हैं. टिम डेविड 6 रन बनाकर आउट हुए. ऑस्ट्रेलिया ने 25 रन के अंदर 4 विकेट गंवा दिए हैं. 
12.4 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 130/4

Australia vs Sri Lanka Live: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा है. मिशेल मार्श एलबीडब्ल्यू आउट हुए. हेमंथा ने उन्हें अपने जाल में फंसाया. मेंडिस ने जोरदार अपील की लेकिन अंपायर ने उंगली नहीं उठाई. रिव्यू लिया गया है. यह तो बिल्कुल एलबीडब्ल्यू है.  सिर्फ बल्ले का अंदरूनी किनारा ही उन्हें बचा सकता था, लेकिन गेंद पैड पर लगी. रिप्ले देखते ही मार्श पवेलियन लौटने लगे और श्रीलंका का पलटवार जारी. फुल लेंथ गेंद पर मार्श को चकमा दिया. बॉल ट्रैकिंग के अनुसार गेंद सीधे मिडिल स्टंप पर लगी. मिचेल मार्श 27 गेंद में 54 रन बनारकर आउट हुए. 

10.4 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 116/3

AUS vs SL Live Score: ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा है. कैमरून ग्रीन आउट हुए. दुनिथ वेलालेज ने कैमरून ग्रीन को स्टंप आउट किया. ग्रीन जल्दी आउट हो गए और श्रीलंका के लिए लगातार दो अच्छे ओवर रहे.  ग्रीन बड़े शॉट के लिए आगे बढ़े, वेलालेज ने वाइड गेंद फेंकी .बल्ले का किनारा लगने से बचने के लिए यह काफी था और मेंडिस ने बाकी का काम पूरा कर दिया. शानदार स्टंपिंग. कैमरून ग्रीन 3 रन बनाकर आउट हुए. 

10.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया  110/2

AUS vs SL Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा है. हेमंथा ने श्रीलंका को पहली सफलता दिलाई. श्रीलंका को इसकी सख्त जरूरत थी. उन्होंने ओवर द विकेट गेंदबाजी शुरू की, गेंद को ऑफ स्टंप से काफी बाहर की ओर फेंका और हेड को बड़ा शॉट लगाने के लिए मजबूर किया. गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगी और लॉन्ग-ऑफ पर कैच लपक लिया गया. अगर पिच छोटी होती, तो बल्ले के बीच से न लगने के बावजूद शायद कैच बाउंड्री के पार चला जाता. ट्रेविस हेड 29 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्के लगाकर 56 रन बनाकर आउट हुए.
8.3 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 104/1

AUS vs SL Live Score: ऑस्ट्रेलिया का शतक पूरा

ऑस्ट्रेलिया के 100 रन पूरे हो चुके हैं. ट्रेविस हेड के बल्ले से छक्का आया है और उसके बाद यह टीम के 100 रन पूरे हुए. ऑस्ट्रेलिया दिखा रही है कि वह क्यों इतनी बड़ी टीम है.

AUS vs SL Live Score: 100 के करीब ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलियाई टीम 100 के करीब है. ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श कुटाई जारी रखे हुए हैं. ट्रेविस हेड ने अपना अर्द्धशतक ठोक दिया है, वहीं मिचेल मार्श अपने अर्द्धशतक की ओर हैं. 13 पारियों बाद यह अर्द्धशतक आया है. पिछले ओवर से 13 रन आए हैं. 
8.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 97/0

AUS vs SL Live Score: श्रीलंकाई गेंदबाजो की कुटाई जारी

अभी 6 ओवर हुए हैं और जिस तरह से मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड बल्लेबाजी कर रहे हैं, उससे श्रीलंकाई गेंदबाजों को समझ ही नहीं आ रहा है कि किस तरह से गेंदबाजी की जाए. ऑस्ट्रेलिया का रन रेट 12 के करीब है. श्रीलंकाई गेंदबाज असहाय महसूस कर रहे हैं. बाउंड्री लाइन पर खड़े मलिंगा के चेहरे पर शिकन है. आखिरी ओवर की सिर्फ पहली गेंद खाली रही है उसके बाद मिचेल मार्श ने लगातार पांचों गेंदों पर बाउंड्री लगाई है. पिछले ओवर से 20 रन आए हैं. 
6.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 70/0

AUS vs SL Live Score: पावरप्ले का आखिरी ओवर

पावरप्ले का आखिरी ओवर पूरा हुआ. इस ओवर से 12 रन आए हैं. पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल दिख रही है और हेड ने अच्छी शुरुआत की है. उन्होंने अपने पिछले 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अर्धशतक नहीं बनाया है, लेकिन आज का दिन ऐसा लग रहा है कि वह इस सिलसिले को तोड़ सकते हैं. ऑस्ट्रेलिया का रन रेट 10 के करीब है. श्रीलंका को पहले विकेट की तलाश. 5 ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने 50 रन कूट दिए हैं. 
5.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 50/0

AUS vs SL Live Score: श्रीलंका के लिए बुरी खबर

श्रीलंका के लिए यह अच्छी खबर नहीं है. मथीशा पथिराना सहारा लेकर मैदान से बाहर गए हैं. टूर्नामेंट में पहले ही हसरंगा चोटिल हो चुके हैं. श्रीलंका अब पथिराना का चोटिल होना नहीं बर्दाश्त कर सकती. फिजियो उन्हें मैदान से बाहर ले जा रहे हैं. श्रीलंका के लिए यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि उन्हें एक गेंदबाज का नुकसान उठाना पड़ रहा है. कप्तान दासुन शनाका ने बाकी की दो गेंद फेंकी है. इस ओवर से 7 रन आए हैं. ऑस्ट्रेलिया का रन रेट 11 के करीब.
3.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 32/0

AUS vs SL Live Score: पथिराना चोटिल

दो ओवर में 25 रन खाने के बाद श्रीलंकाई कप्तान पर प्रेशर था और उन्होंने मथीशा पथिराना का रूख किया. बाउंड्री रोप पर मलिंगा खड़े हैं. श्रीलंका के लिए यह बड़ा मैच है. श्रीलंका सुपर-8 की रेस में है और वह आज अपना टिकट कंफर्म करना चाहेगी. पथिराना को हैमट्रींग इंडरी हुई. ओवर की चौथी गेंद पर वह चोटिल हुए हैं. यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं दिख रहा है.

AUS vs SL Live Score: ऑस्ट्रेलिया की तेज शुरुआत

अभी सिर्फ दो ओवर हुए हैं और ऑस्ट्रेलिया ने 25 रन बटोर लिए हैं. कप्तान मिचेल मार्श ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा था. पहले ओवर से 16 रन आए. इसके बाद दूसरे ओवर में भी उनके बल्ले से बाउंड्री आई. दूसरे ओवर से 9 रन आए हैं. ऑस्ट्रेलियाई टीम मजबूत स्कोर करना चाहेगी.

2.0 ओवर: ऑस्ट्रेलिया 25/0

AUS vs SL Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने शुरू की बल्लेबाजी

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है. क्रीज पर अभी ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी मौजूद है. स्पिन फ्रेंडली पिच है. श्रीलंका के लिए दुशमंथा चमीरा गेंदबाजी की शुरुआत कर रहे हैं.

AUS vs SL Live Score: श्रीलंका ने जीता टॉस

यह टॉस का समय है. सिक्का उछाला श्रीलंका के कप्तान ने और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को बैटिंग थमाई है. श्रीलंकाई टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है. ऑस्ट्रेलिया इस मैच में तीन बदलाव के साथ उतरी है.

AUS vs SL Live Score: ऐसी हैं दोनों टीमें

ऑस्ट्रेलिया टीम: जोश इंगलिस (विकेटकीपर), ट्रैविस हेड (कप्तान), कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, बेन द्वारशुइस, नाथन एलिस, एडम ज़म्पा, मैथ्यू कुह्नमैन, मिशेल मार्श, जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, स्टीवन स्मिथ

श्रीलंका टीम: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, दासुन शनाका (कप्तान), कामिंडु मेंडिस, डुनिथ वेलालेज, दुशान हेमंथा, दुष्मंथा चमीरा, महेश थीक्षाना, मथीशा पथिराना, कुसल परेरा, चैरिथ असलांका, प्रमोद मदुशन, जेनिथ लियानागे

AUS vs SL Live Score: कैसे आया ऑस्ट्रेलिया ऐसी स्थिति में

जिम्बाब्वे के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले मुकाबले में अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था. इस हार से जहां जिम्बाब्वे ने ग्रुप बी में सभी टीमों के सुपर-8 के समीकरण को बिगाड़ दिया था तो ऑस्ट्रेलिया पर बाहर होने का खतरा बढ़ा था. अभी ऑस्ट्रेलिया 2 मैचों में 1 जीत के साथ 2 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है, जबकि पहले पर श्रीलंका और दूसरे पर जिम्बाब्वे है. जिम्बाब्वे और श्रीलंका में से कोई एक टीम 8 अंक तक पहुंच पाएगी. अगर आज श्रीलंका हारती है तो जिम्बाब्वे और श्रीलंका में से कोई एक टीम ही अधिकतकम 6 अंकों तक पहुंच पाएगी. ऑस्ट्रेलिया ने अपने बचे दोनों मैच जीत भी लिए तो भी उसे काफी समीकरण अपने हक में चाहिए होंगे.

AUS vs SL Live Score: ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा दिन

नमस्कार स्वागत है आपका एनडीटीवी स्पोर्ट्स पर. आज ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा दिन है. क्या ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाएगी? क्या आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले मुकाबले में आयरलैंड को ऑस्ट्रेलिया से सपोर्ट मिलेगा? ऐसे कई सवाल है और इनका जवाब आज मिलेगा. पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमें मैदान पर हैं. थोड़ी देर में टॉस होगा. श्रीलंका घरेलू परिस्थिति का फायदा उठाना चाहेगी, ऑस्ट्रेलिया हर हाल में जीतना चाहेगी. 

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com