विज्ञापन

IND vs NZ: टेस्ट स्क्वॉड में नहीं मिली जगह, फिर भी न्यूजीलैंड में रुकेंगे भारत के ये 3 स्टार गेंदबाज

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे के बाद टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ के कार्यक्रम में बदलाव हो सकता है. बैटिंग कोच सीतांशु कोटक ने संकेत दिए हैं.

IND vs NZ: टेस्ट स्क्वॉड में नहीं मिली जगह, फिर भी न्यूजीलैंड में रुकेंगे भारत के ये 3 स्टार गेंदबाज
बैटिंग कोच सीतांशु कोटक ने संकेत दिए

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मंगलवार को खेला जाएगा. तीसरे वनडे के बाद टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ के कार्यक्रम में बदलाव देखने को मिल सकता है. हेड कोच गौतम गंभीर और स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम के साथ माउंट माउंगानुई जाएंगे, जबकि बैटिंग कोच सीतांशु कोटक और तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल वेलिंगटन में प्री-सीरीज कैंप के दौरान टेस्ट स्क्वॉड के साथ जुड़ेंगे.

सीतांशु कोटक ने सोमवार को हैमिल्टन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "गौतम को यहां रहना होगा. शायद साईराज भी यहीं रहेंगे. मैं, मोर्ने और कुछ अन्य स्टाफ वेलिंगटन जाएंगे. हालांकि, योजना अभी भी बदल सकती है. हम सिर्फ यह देखने की कोशिश करेंगे कि खिलाड़ियों की फिटनेस और उनका अभ्यास कैसा है. हालात जितनी इजाजत देंगे, हम उतनी तैयारी करेंगे. आखिरी फैसला गौतम ही लेंगे."

कोटक ने संकेत दिए कि भारत की वनडे टीम के तीन तेज गेंदबाज, गुरनूर बरार, आकिब नबी और अर्शदीप सिंह, टेस्ट टीम की तैयारियों में मदद करने के लिए न्यूजीलैंड में ही रुक सकते हैं. इन खिलाड़ियों को नेट गेंदबाज और रिजर्व विकल्प के तौर पर टेस्ट कैंप से जोड़ा जा सकता है.

अगर भारतीय टीम की यह योजना लागू होती है तो कोटक और मोर्कल 11 फरवरी को कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और मोहम्मद सिराज, तथा स्पिनर कुलदीप यादव के साथ वेलिंगटन के लिए रवाना होंगे. ये सभी खिलाड़ी चौथे और पांचवें वनडे मैच का हिस्सा नहीं हैं. वहीं गौतम गंभीर और साईराज बहुतुले, गुरनूर बरार, आकिब नबी और अर्शदीप सिंह के साथ पांचवें वनडे के अगले दिन यानी 16 फरवरी को माउंट माउंगानुई से वेलिंगटन के लिए रवाना होंगे.

जहां तक टेस्ट कैंप में अपनी भूमिका का सवाल है, कोटक ने कहा कि उनकी कोशिश बल्लेबाजों के सामने मैच जैसी परिस्थितियां तैयार करने की होगी, ताकि खिलाड़ी अलग-अलग हालात के लिए पहले से तैयार रह सकें.

टेस्ट कैंप में अपनी भूमिका को लेकर कोटक ने कहा, "मैं अलग-अलग चरणों के हिसाब से सोच रहा हूं. अगर आप टॉस हारते हैं या पहले बल्लेबाजी करते हैं तो जरूरतें अलग होंगी. अगर आप दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हैं तो परिस्थितियां अलग होंगी. तीसरी और चौथी पारी की चुनौतियां भी अलग होती हैं. भारत में टर्निंग ट्रैक पर खेलने की तैयारी एक तरह की होती है, लेकिन यहां चुनौतियां अलग हैं. हमें उसी हिसाब से तैयारी करनी होगी. टॉस जीतने या हारने, विकेट के व्यवहार, मौसम की स्थिति और विपक्षी गेंदबाजों की रणनीति को ध्यान में रखते हुए मैं परिस्थितियों का आकलन करूंगा."



यह भी पढ़ें | भारत से लगातार मिल रही हार के बीच न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, स्टार तेज गेंदबाज अगले 2 वनडे से बाहर

यह भी पढ़ें | कोहली के 100वें शतक का इंतजार पूरे देश को, गावस्कर ने साथी खिलाड़ियों से की अपील, बोले- उनके लिए रन आपको....

(IANS इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com