- दिल्ली में दिवाली के पटाखों को प्रदूषण का मुख्य कारण ठहराना सही नहीं है, क्योंकि अन्य समय भी प्रदूषण बढ़ता है
- बृजेश गोयल के अनुसार अक्टूबर से जनवरी के बीच प्रदूषण का मुख्य कारण पड़ोसी राज्यों में पराली जलाना है
- पटाखा कारोबार देश में लगभग दस लाख लोगों का रोजगार है, जिनका निवेश दिवाली पर प्रतिबंध से प्रभावित होता है
दिल्ली में पटाखे जलने के चलते प्रदूषण में इजाफा होने की खबरें चल रही हैं. सरकार और विपक्ष के बीच बयानबाजी भी तेज है. इस बीच दिल्ली के कारोबारियों के संगठन CTI की अलग ही राय सामने आई है. उसका कहना है कि क्या पटाखों पर रोक लगाने से इस बात की गारंटी मिल जाएगी कि पलूशन नहीं होगा. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि हम प्रदूषण के पूरी तरह खिलाफ हैं. हम दिल्ली की हवा को साफ देखना चाहते हैं. लेकिन प्रदूषण के लिए 1 दिन की दिवाली के पटाखों को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है, प्रदूषण के नाम पर सिर्फ पटाखा व्यापारियों की रोजी-रोटी पर ताला लगाना समाधान नहीं है.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली के बहुत सारे पटाखा कारोबारी हमसे जुड़े हुए हैं और वो उनको मना भी लेंगे कि वो अगले साल दिल्ली में पटाखों की दुकानें नहीं लगाएंगे और ना ही पटाखे बेचेंगे. लेकिन कोई विश्वसनीय और जवाबदेह पार्टी या संस्था इस बात की गारंटी ले कि अक्टूबर से जनवरी के बीच में दिल्ली में प्रदूषण नहीं होगा और AQI लेवल 300 से ऊपर नहीं जाएगा. उन्होंने सवाल उठाया कि 5, 6 और 7 नवंबर को भी पलूशन का लेवल बढ़ गया था. ये दिन दीवाली से पहले के थे. फिर कौन बताएगा कि इस पलूशन की वजह क्या थी. उन्होंने कहा कि पटाखे 8 नवंबर को जले, लेकिन 5 नवंबर, 6 नवंबर और 7 नवंबर को भी दिल्ली में AQI 350 से 400 के बीच दर्ज किया गया.
बृजेश गोयल ने पूछा कि उस प्रदूषण के लिए कौन जिम्मेदार था? उस समय तो पटाखे जले ही नहीं थे. यह तथ्य स्वयं सिद्ध करता है कि दिल्ली के प्रदूषण का मूल कारण पटाखे नहीं हैं. पटाखों को दोष देना सबसे आसान है, लेकिन तथ्यों से आंखें मूंदना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि हर साल अक्टूबर से जनवरी के बीच ही प्रदूषण चरम पर क्यों होता है? मार्च, अप्रैल, मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर में प्रदूषण क्यों नहीं होता. इसका उत्तर सब जानते हैं क्योंकि इन महीनों में पड़ोसी राज्यों में पराली नहीं जलाई जाती है. जैसे ही पराली जलना शुरू होती है, दिल्ली का दम घुटने लगता है. जैसे ही पराली जलना बंद होती है, दिल्ली की हवा साफ हो जाती है. यह सीधा संबंध किसी से छिपा नहीं है.
पराली है बड़ी समस्या, फिर दिवाली के पटाखों पर ही दोष क्यों?
उन्होंने कहा कि जब पराली का जलाया जाना इतनी बड़ी समस्या है तो फिर हर साल पराली पर कार्रवाई के बजाय दिवाली के पटाखों पर ही दोष क्यों? उन्होंने कहा कि पटाखा उद्योग से देश भर में लगभग 10 लाख लोग जुड़े हैं। शिवकाशी की फैक्ट्रियों से लेकर दिल्ली के खुदरा दुकानदार तक सभी ने कानूनी रूप से लाइसेंस, स्टॉक और पूंजी लगाई है. एक छोटा व्यापारी साल भर पूंजी लगाता है और केवल दिवाली के 15-20 दिनों में अपनी वार्षिक आय अर्जित करता है. अंतिम समय पर प्रतिबंध लगने से उसका पूरा निवेश डूब जाता है. जब व्यापारियों ने न्यायालय के निर्देश पर ग्रीन पटाखे बनाए, तब भी उन्हें बार बार टारगेट क्यों किया जाता है.
हिंदू त्योहारों पर ही क्यों उठाए जाते हैं सवाल?
इस दौरान बृजेश गोयल ने हिंदू धर्म की मान्यताओं और आस्था वाला सवाल भी उठा दिया. उन्होंने कहा कि CTI किसी धर्म के खिलाफ नहीं है. हम सबका सम्मान करते हैं. लेकिन यह प्रश्न उठाना हमारा अधिकार है कि पर्यावरण के नाम पर कार्रवाई हमेशा हिंदू त्योहारों पर ही सबसे सख्त क्यों होती है? दिवाली पर पटाखे, होली पर पानी, छठ पर यमुना, कांवड़ यात्रा पर डीजे, गणपति विसर्जन पर प्रदूषण - हर बार सबसे पहले नियम, सबसे पहले प्रतिबंध, सबसे पहले याचिका हिंदू त्योहारों पर ही क्यों आती है? वहीं नए साल की रात 12 बजे पूरे देश में पटाखे जलते हैं, उस समय ऐसी आवाजें क्यों नहीं उठतीं? प्रथा और धर्म के नाम पर लाखों लीटर खून, पानी में बहा दिया जाता है, तब कोई आवाज नहीं उठाता है लेकिन सनातन धर्म के सबसे बड़े त्यौहार दीपावली को ही हमेशा निशाना बनाया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं