Alastair Cook on Vaibhav Sooryavanshi: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ टी-20 बल्लेबाज करार दे दिया है. एलिस्टेयर कुक ने माना है कि वैभव के पास एक ऐसा टैलेंट है जो दुनिया भर के दूसरे बल्लेबाजों में नहीं है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक वैभव सूर्यवंशी से काफी प्रभावित हैं. कुक ने द ओवरलैप क्रिकेट के पॉडकास्ट में कहा, "मुझे लगता है कि उनके बारे में एक बात यह है कि उनके खेल में कोई भी तैयारी नजर नहीं आती है.
"ज्यादातर बल्लेबाज यहां तक कि सबसे बेहतरीन बल्लेबाज भी उस गेंद का इंतजार करते हैं जो उनके 'स्लॉट' में आए, ताकि वे उसे छक्के के लिए मार सकें. हो सकता है उनके पास ऐसे दो स्लॉट हों. लेकिन इस खिलाड़ी के मामले में, आप 5 गेंदें फेंकते हैं, और वह 99 मील प्रति घंटे की रफ्तार वाली गेंद का इंतजार करता है.. फिर उसे छक्के के लिए मार देता है और वह भी इतनी सफाई से. मुझे लगता है कि यही बात उसे सबसे अलग बनाती है."

इसके अलावा पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन भी वैभव की बल्लेबाजी से हैरत में हैं. माइकल वॉन ने कहा, "पिछले हफ्ते मैं मुंबई में पूल में था..राजस्थान और मुंबई का मैच चल रहा था, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए यह मैच जीतना बहुत अहम था. यशस्वी जायसवाल आए और थोड़ी बातचीत की, और फिर वैभव आया और मैंने उससे बात शुरू की..'आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा, जिस तरह से आप खेलते हैं, मैं उसका बहुत बड़ा फैन हूं, आप मैचों के लिए तैयारी कैसे करते हैं?' उसने कहा..'कार्टून देखकर. ' मैं सोच में पड़ गया... ठीक है. मैंने पूछा, 'क्या आप ट्रेनिंग करते हैं?' उसने कहा, 'नहीं.' मैंने फिर पूछा, 'आप खाने में क्या लेते हैं?' उसने कहा, 'सब कुछ.' मैंने कहा.. यही है आज का मॉडर्न खिलाड़ी. कार्टून देखो, जो मन करे खाओ, और गेंद को मैदान के बाहर पहुंचा दो.. वह असाधारण है."
वैभव सूर्यवंशी अब श्रीलंका में होने वाली भारत 'ए' ट्राई-सीरीज में खेलेंगे. उम्मीद की जा रही है कि उन्हें भारत के आयरलैंड दौरे के लिए भी चुना जा सकता है. बता दें कि आईपीएल 2026 में वैभव ने 776 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप का खिताब अपने नाम किया था.
ये भी पढ़ें- विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, अब कौन लेगा उनकी जगह, ये 4 खिलाड़ी कतार में
वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल में धमाका
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे. वैभव ने 776 रन 237 के स्ट्राइक रेट से बनाने का कमाल किया था. जिसमें उन्होंने 72 छक्के लगाए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं