IPL 2026 अपने आख़िरी पड़ाव पर है. IPL ख़त्म होते ही भारत में फ़ुटबॉल का बुखार चढ़ने वाला है. 11 जून से लेकर 19 जुलाई तक सवा महीने भारतीय खेलप्रेमी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होनेवाले फ़ुटबॉल मैचों पर अपनी नज़र रखेंगे और फ़ुटबॉल का जश्न मनायेंगे. टीम इंडिया के क्रिकेट स्टार्स कहां पीछे रहने वाले हैं. टीम इंडिया जब भी कोई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलती है तो अक्सर टीम के धुरंधर इन सितारों की मैच से पहले फ़ुटबॉल खेलने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल होती हैं. सिर्फ़ भारत में फ़ुटबॉल के आम जुनूनी फैंस ही नहीं ये सितारे भी अपनी-अपनी टीमों के लिए दांव लगाते नज़र आएंगे. इनमें से कई सितारे अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको जाकर भी फ़ुटबॉल मैच का लुत्फ़ उठाते देखे जा सकते हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि टीम इंडिया के एक बड़े स्टार खिलाड़ी का फ़ुटबॉल पर एक यूट्यूब Youtube चैनल भी है. इन सितारों की अपनी-अपनी टीमों को लेकर नोक-झोंक भी होती रहती है.
विराट कोहली
विराट कोहली पुर्तगाल के कप्तान और सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बहुत बड़ा फ़ैन माने जाते हैं. एक सोशल मीडिया का किंग है तो दूसरा शहंशाह. इस बात का अंदाज़ा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि विराट कोहली के इंस्टाग्राम पर 273 मिलियन (27.3 करोड़) फ़ैन्स हैं जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 665 मिलियन यानी (66.5 करोड़) विराट कोहली, रोनाल्डो की वजह से पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड के फ़ैन थे. रोनाल्डो रियाल मैड्रिड और फिर सउदी अरब के अल नासिर क्लब गए तो विराट मैन-सिटी को भी फॉलो करते नज़र आए.
रोहित शर्मा
विराट कोहली और रोहित शर्मा के फ़ैन्स के बीच फ़ुटबॉल की वजह भी भिड़ंत की अच्छी वजह हो सकती है. रोहित शर्मा रियाल मैड्रिड के बड़े फ़ैन माने जाते हैं. वो ला लिगा के ब्रैंड अंबैस्डर भी हैं.
एमएस धोनी
एमएस धोनी का फ़ुटबॉल प्रेम पूरी दुनिया को पता है. बचपन में वो फ़ुटबॉल के गोलकीपर थे जिन्होंने बाद में अपना ग्लबव्स-प्रेम बरक़रार रखा. धोनी भी मैनचेस्टर यूनाइटेड को फ़ॉलो करते हैं और ISL (इंडियन सुपर लीग) में चेन्नाइयिन- एफसी के सह-मालिक भी हैं.
कुलदीप यादव
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का Youtube पर एक फ़ुटब़ल चैनल है. उनके तकरीबन 27,000 सब्सक्राइबर भी हैं. कुलदीप यादव तो अपने यूट्यूब चैनल को लेकर यहां तक लिखते हैं कि क्रिकेट उनका गेम है लेकिन फ़ुटबॉल उनका जुनून.
कुलदीप यादव बार्सिलोना, ब्राज़ील और नेयमार के बड़े फ़ैन हैं. वो लिवरपूल टीम पर भी अच्छी नज़र रखते हैं. दिलचस्प है कि कोहली और कुलदीप में रोनाल्डो और नेयमार को लेकर नोंक-झोंक चलती रहती है. ज़ाहिर है कुलदीप अक्सर मेस्सी की भी तरफ़दारी करते नज़र आते हैं.

मो. सिराज
विराट कोहली की तरह मोहम्मद सिराज भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के जबरदस्त फैन हैं. विकेट लेने के बाद कई बार वह रोनाल्डो की तरह SIUU सेलिब्रेशन करते हैं, जश्न मनाते हैं.
युवराज सिंह
युवराज सिंह भी मैनचेस्टर यूनाइटेड के फ़ैन हैं. दरअसल मैनटेस्टर यूनाइटेड वैसा यूरोपीय फ़ुटबॉल क्लब है जिसके भारत में सबसे ज़्यादा फ़ैन्स हैं. पूरे भारत में मैनयू के 35 मिलियन यानी 3.5 करोड़ फ़ैन्स बताये जाते हैं. युवी मैनयू की जर्सी बराबर खरीदते रहते हैं और सोशल मीडिया पर ये ख़बर वायरल भी हुई हैं.
जसप्रीत बुमराह
टीम इंडिया के पेसर जसप्रीत बुमराह ना सिर्फ़ मैन-यूनाइटेड के फ़ैन हैं, बल्कि अपनी पत्नी संजना गणेशन के साथ मैनयू के मैदान ओल्ड ट्रैफ़र्ड का दौरा भी कर चुके हैं.
ऋषभ पंत
ऋषभ पंत लिवरपूल के बड़े फडैन हैं. वो अक्सर लिवरपूल की जर्सी में अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर फ़ैन्स से शेयर करते रहते हैं.
केएल राहुल
ये कहा जाता है कि केएल राहुल बचपन में फुटब़लर बनना चाहते थे. लेकिन उनकी किस्मत और मेहनत ने उन्हें टीम इंडिया का स्टार क्रिकेटर बना दिया. वो मौजूदा EPL चैंपियन आर्सेनल के फ़ैन हैं.
राहुल द्रविड़
टीम इंडिया के ‘वॉल' आर्सेन वेंगर और आर्सेनल क्लब के प्रशंसक माने जाते हैं.
सौरव गांगुली
कोलकाता के दादा सौरव गांगुली मोहन बागान से लेकर मैनयू तक अपना फ़ुटबॉल प्रेम जताते रहते हैं. क्रिकेट के साथ फ़ुटबॉल की बारीकियां भी समझते हैं और उनके स्कोर को भी फॉलो करते रहते हैं.
सचिन तेंदुलकर
मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भारत में ISL के केरला ब्लास्टर्स के सह-मालिक थे. वो EPL कल्चर की बात करते रहते हैं. लेकिन किसी एक टीम के बारे में खुलकर उनकी राय जगजाहिर नहीं है. सचिन फ़ुटबॉल भी बहुत ही कंपीटीटिव तरीके से खेलते हैं. ‘कारगिल युद्ध' के दौरान फंड इकट्ठा करने के लिए आयोजित दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए एक फ़ुटबॉल मैच के दौरान उन्होंने क्रिकेटर्स की फ़ुटबॉल टीम के लिए बॉलीवुड स्टार्स टीम के ख़िलाफ़ एक गोल भी दागा था.
यह भी पढ़ें: 'क्या बकवास है...' गुजरात की हार के बाद रिपोर्टर के सवाल पर चिढ़े ग्लेन फिलिप्स
यह भी पढ़ें: ट्रेविस हेड, अय्यर के खिलाफ किसने फैलाई नफरत? पैसा लेकर सोशल मीडिया से वार, रिपोर्ट में कीमत का हुआ खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं