किस बात पर ख़ुश हैं मिसेज धोनी?

नई दिल्‍ली : सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ टीम इंडिया की हार के बाद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने ट्वीट किया है, 'ख़ूब लड़े, टीम पर गर्व है। आप कुछ मैच जीतते हैं और कुछ मैच हार जाते हैं। इसमें सभी के त्याग का योगदान रहा है।'

 

महेंद्र सिंह धोनी पिछले चार महीने से टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। इस दौरान वे पिता भी बने जब उनकी पत्नी साक्षी धोनी ने गुड़गांव के एक अस्पताल में बीते 6 फरवरी को बच्ची को जन्म दिया।

महेंद्र सिंह धोनी अब तक अपनी बेटी से नहीं मिल पाए हैं। पिछले ही दिनों साक्षी धोनी ने अपनी बेटी की पहली तस्वीर ट्विटर पर शेयर की थी।

सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 95 रन से मिली हार के बाद टीम इंडिया की घर वापसी हो गई है। टीम इंडिया की वापसी से जाहिर है महेंद्र सिंह धोनी घर लौटेंगे और इस पर साक्षी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'आख़िरकार पति से मिलने का वक्त आ गया।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के सामने 329 रन का लक्ष्य पीछा करते हुए टीम इंडिया महज 233 रनों पर सिमट गई, इसमें टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सबसे ज्यादा 65 रनों का योगदान दिया।